फोटो-वीडियो नहीं, Google Maps चुपके से भर रहा फोन की स्टोरेज! ऐसे मिनटों में खाली करें जगह
फोन की स्टोरेज अचानक कम हो रही है तो इसकी वजह सिर्फ फोटो या वीडियो नहीं हो सकते। गूगल मैप्स में सेव ऑफलाइन मैप्स, टाइमलाइन डेटा और कैश भी काफी जगह घेर सकते हैं। इन्हें चेक और साफ करके बिना ऐप हटाए फोन में स्टोरेज खाली की जा सकती है।

In Short
- गूगल मैप्स के ऑफलाइन मैप्स फोन की काफी स्टोरेज घेर सकते हैं।
- पुरानी टाइमलाइन और लोकेशन हिस्ट्री भी डिवाइस में जगह ले सकती है।
- एंड्रॉयड और आईफोन में कैश डेटा साफ करके स्टोरेज खाली की जा सकती है।
फोन की स्टोरेज कम होने लगे तो आमतौर पर सबसे पहले फोटो, वीडियो या मैसेजिंग ऐप्स पर ध्यान जाता है। लेकिन गूगल मैप्स भी आपके फोन में उम्मीद से ज्यादा जगह घेर सकता है। खासकर अगर आप ऑफलाइन मैप्स इस्तेमाल करते हैं, टाइमलाइन में पुरानी लोकेशन हिस्ट्री सेव है या ऐप का कैश लंबे समय से साफ नहीं किया गया है।
अच्छी बात यह है कि ऐप को अनइंस्टॉल किए बिना भी इसकी काफी स्टोरेज खाली की जा सकती है। इसके लिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि गूगल मैप्स में जगह आखिर कहां-कहां इस्तेमाल हो रही है।
सबसे पहले ऑफलाइन मैप्स करें चेक
अगर आपने किसी शहर या इलाके का मैप बिना मोबाइल डेटा के इस्तेमाल करने के लिए डाउनलोड किया है, तो वह फोन की स्टोरेज में सेव रहता है। बड़े एरिया के ऑफलाइन मैप्स काफी जगह ले सकते हैं। इन्हें चेक करने के लिए गूगल मैप्स खोलें, अपनी प्रोफाइल पिक्चर पर टैप करें और फिर ऑफलाइन मैप्स में जाएं। यहां आपको फोन में सेव किए गए सभी एरिया दिख जाएंगे।
जिन मैप्स की अब जरूरत नहीं है, उन्हें डिलीट किया जा सकता है। खासकर अगर आपने किसी ट्रिप के दौरान बड़ा एरिया डाउनलोड किया था, तो इस सेक्शन को सबसे पहले देखना फायदेमंद हो सकता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Redmi 17 5G और 4G लॉन्च, 7500mAh बैटरी और 120Hz डिस्प्ले के साथ मिलेंगे ये फीचर्स
गूगल मैप्स टाइमलाइन भी घेर सकती है जगह
गूगल मैप्स की टाइमलाइन उन जगहों और रूट्स की जानकारी सेव कर सकती है, जहां आप पहले जा चुके हैं। गूगल के मुताबिक टाइमलाइन डेटा हर साइन-इन डिवाइस पर सेव होता है। इसके अलावा यूजर्स चाहें तो इसका एन्क्रिप्टेड बैकअप गूगल के सर्वर पर भी इनेबल कर सकते हैं। अगर आपके फोन में कई सालों की लोकेशन हिस्ट्री मौजूद है, तो पुराने डेटा को रिव्यू किया जा सकता है। अगर उसे आगे भी रखना चाहते हैं, तो डिलीट करने से पहले टाइमलाइन का बैकअप जरूर ले लें।
एंड्रॉयड में कैश साफ करने का तरीका
गूगल मैप्स इस्तेमाल करते समय सर्च, डायरेक्शन और मैप टाइल्स से जुड़ा कैश भी धीरे-धीरे जमा होता रहता है। एंड्रॉयड फोन में इसे साफ करने के लिए सेटिंग्स > ऐप्स > मैप्स > स्टोरेज > क्लियर कैश पर जाएं। अलग-अलग फोन में मेन्यू का नाम थोड़ा अलग हो सकता है, लेकिन तरीका लगभग यही रहता है। कैश साफ करने से ऐप के जरूरी पर्सनल डेटा को डिलीट किए बिना कुछ स्टोरेज खाली करने में मदद मिल सकती है।
आईफोन में ऐसे हटाएं कैश डेटा
आईफोन यूजर्स के लिए तरीका थोड़ा अलग है। गूगल के मुताबिक गूगल मैप्स खोलकर प्रोफाइल पिक्चर > सेटिंग्स > अबाउट एंड टर्म्स > क्लियर एप्लिकेशन डेटा पर जाना होगा। इससे डिवाइस पर सेव कैश इन्फॉर्मेशन हटाई जा सकती है। अगर ऐप लंबे समय से इस्तेमाल हो रहा है, तो इस डेटा को क्लियर करने से कुछ अतिरिक्त स्टोरेज वापस मिल सकती है।
नया फोन खरीदने से पहले ये तीन चीजें जरूर देखें
अगर फोन की स्टोरेज लगातार कम हो रही है, तो सीधे फोटो डिलीट करने या ज्यादा स्टोरेज वाला नया फोन खरीदने की जरूरत नहीं है। पहले गूगल मैप्स के ऑफलाइन मैप्स, टाइमलाइन और कैश को चेक करें। कुछ मिनट की यह सफाई फोन में बेकार पड़ी स्टोरेज को खाली करने का आसान तरीका बन सकती है।