Google Gemini Spark भारत में लॉन्च, अब फोन लॉक होने पर भी करेगा काम; जानिए पूरी डिटेल
Google का नया Gemini Spark भारत में एंट्री कर चुका है। यह एआई एजेंट सिर्फ सवालों के जवाब नहीं देगा, बल्कि यूजर के डिजिटल काम खुद संभालेगा। फोन लॉक होने के बाद भी इसका काम जारी रहेगा। जानिए यह फीचर किन यूजर्स को मिलेगा और आपके रोजमर्रा के काम कैसे आसान करेगा।

In Short
- Gemini Spark फोन लॉक या लैपटॉप बंद होने पर भी बैकग्राउंड में काम करता रहेगा।
- यह Gmail, Google Docs, Sheets, Calendar और ट्रैवल प्लान जैसे काम संभाल सकेगा।
- ईमेल भेजने या खरीदारी जैसे बड़े काम से पहले यूजर की परमिशन जरूरी होगी।
अब तक AI टूल्स का इस्तेमाल ज्यादातर सवाल पूछने, जवाब लेने या किसी एक काम को पूरा कराने तक सीमित था। लेकिन अब AI का रोल बदल रहा है। यह सिर्फ आदेश मिलने पर जवाब देने के बजाय यूजर की जरूरत समझकर रोजमर्रा के डिजिटल कामों में एक्टिव मदद करने लगा है।
Google का नया Gemini Spark इसी बदलते ट्रेंड का हिस्सा है। अब जानते हैं कि भारत में यह फीचर किन यूजर्स को मिलेगा और काम करने का इसका तरीका कितना अलग है।
भारत में किन यूजर्स को मिलेगा Gemini Spark?
गूगल ने जेमिनी स्पार्क को भारत में लॉन्च कर दिया है। फिलहाल यह फीचर गूगल एआई प्रो और एआई अल्ट्रा सब्सक्राइबर्स को दिया जाएगा। कंपनी अगले कुछ हफ्तों में इसे धीरे-धीरे भारतीय यूजर्स तक पहुंचाएगी।
रेगुलर जेमिनी चैटबॉट यूजर के सवाल पूछने या कमांड देने के बाद जवाब देता है। वहीं जेमिनी स्पार्क पहले से दिए गए इंस्ट्रक्शन के आधार पर बैकग्राउंड में लगातार काम कर सकता है।
लॉक फोन में भी करता रहेगा काम
गूगल ने जेमिनी स्पार्क को 24 घंटे काम करने वाले पर्सनल एआई एजेंट की तरह पेश किया है। यह जीमेल इनबॉक्स पर नजर रख सकता है, जरूरी जानकारी को ऑर्गनाइज कर सकता है और गूगल डॉक्स या शीट्स को अपडेट कर सकता है।
यूजर इसे सब्सक्रिप्शन ट्रैक करने, ईमेल देखने या ट्रैवल प्लान मैनेज करने जैसा काम दे सकता है। इसके बाद हर बार नया कमांड देने की जरूरत नहीं होगी। फोन लॉक होने या लैपटॉप बंद होने के बाद भी इसका काम चलता रहेगा।
फ्लाइट से लेकर शादी तक करेगा मैनेज
अगर जीमेल पर फ्लाइट बुकिंग का कन्फर्मेशन आता है, तो जेमिनी स्पार्क उसकी जानकारी अपने आप गूगल शीट्स में बने ट्रैवल प्लान में जोड़ सकता है।
शादी के आरएसवीपी ईमेल आने पर यह मेहमानों की खाने से जुड़ी पसंद को इकट्ठा करके कैटरर के लिए समरी तैयार कर सकता है। इसी तरह यह कस्टमर की पूछताछ देख सकता है, उनके जवाब ड्राफ्ट कर सकता है और यूजर के रिव्यू के लिए उन्हें सेव कर सकता है।
वीकेंड प्लान और सब्सक्रिप्शन अलर्ट
जेमिनी स्पार्क हर शुक्रवार आसपास होने वाले इवेंट्स खोज सकता है। यह वीकेंड एक्टिविटीज की लिस्ट तैयार करके पसंदीदा इवेंट्स को कैलेंडर में भी जोड़ सकता है।
यह मंथली इनवॉइस स्कैन करके सब्सक्रिप्शन की बढ़ी कीमत, खत्म होने वाले फ्री ट्रायल और बिना इस्तेमाल वाले प्लान की जानकारी भी दे सकता है। जरूरत पड़ने पर यह कैंसिलेशन ईमेल का ड्राफ्ट भी तैयार करेगा।
आपके अंदाज में लिखेगा ईमेल
प्रोफेशनल यूजर्स के लिए जेमिनी स्पार्क पुराने ईमेल पढ़कर उनका पर्सनल राइटिंग स्टाइल समझ सकता है। इसके आधार पर यह एक राइटिंग स्टाइल गाइड बनाएगा, ताकि आगे तैयार होने वाले ईमेल यूजर के लिखने के अंदाज जैसे लगें।
यूजर के हाथ में रहेगा पूरा कंट्रोल
गूगल के मुताबिक, यूजर खुद तय करेगा कि जेमिनी स्पार्क को किन गूगल ऐप्स का एक्सेस देना है। ईमेल भेजने या खरीदारी करने जैसे बड़े काम से पहले यह यूजर की परमिशन मांगेगा।
यह फीचर जेमिनी 3.6 फ्लैश एआई मॉडल पर काम करता है और गूगल के क्लाउड सिस्टम पर चलता है। इसी वजह से यह यूजर के डिवाइस से दूर रहने पर भी बैकग्राउंड में काम जारी रख सकता है।