Google India में छंटनी की चर्चा! कंपनी ने बताया क्या बदला और कितने पद हुए खत्म

भारत में Google के कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। अब कंपनी ने इन दावों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। Google Cloud India ने बताया है कि हाल ही में टीम के कामकाज में कुछ बदलाव किए गए हैं, जिनसे करीब 30 पद प्रभावित हुए। जानें कंपनी ने छंटनी की अफवाहों पर क्या कहा।

Advertisement
Google India ने छंटनी पर दी सफाई, 30 पद खत्म।
Google India ने छंटनी पर दी सफाई, 30 पद खत्म।

In Short

  • Google ने भारत में बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों को गलत बताया
  • Google Cloud India में कामकाज की प्राथमिकताएं बदलने से करीब 30 पद खत्म
  • कई देशों में Google ने वॉलंटरी बायआउट ऑफर का विस्तार किया

By Shakshi:

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Google ने भारत में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की खबरों पर सफाई दी है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि Google India में बड़ी संख्या में कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया है। हालांकि, कंपनी ने इन दावों को गलत बताया है। Google के मुताबिक, भारत में Google Cloud की टीम में छोटे स्तर पर बदलाव किए गए हैं, जिसके चलते करीब 30 पद खत्म हुए हैं।

सोशल मीडिया पर कैसे शुरू हुई चर्चा?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने दावा किया कि Google India में बड़े पैमाने पर छंटनी हुई है। कुछ अन्य यूजर्स ने भी कर्मचारियों को नौकरी जाने का डर होने और छंटनी के नोटिस मिलने जैसी बातें शेयर की थीं।

हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई थी।

इसके बाद Google Cloud India के आधिकारिक X अकाउंट ने जवाब देकर स्थिति साफ की।

Google ने छंटनी को लेकर क्या कहा?

Google Cloud India ने अपने जवाब में कहा कि बड़े पैमाने पर छंटनी की अफवाहें पूरी तरह गलत हैं।

कंपनी के मुताबिक, पिछले हफ्ते भारत में Google Cloud के कामकाज और टीमों के ढांचे में एक छोटा बदलाव किया गया था।

इस दौरान काम की प्राथमिकताओं में बदलाव के कारण करीब 30 पद खत्म किए गए। कंपनी ने स्पष्ट किया कि इसे भारत में बड़े पैमाने पर छंटनी के तौर पर पेश करना सही नहीं है।

कर्मचारियों को मिल रहे हैं वॉलंटरी बायआउट ऑफर

Google की यह सफाई ऐसे समय आई है, जब दुनिया की कई टेक कंपनियों में कर्मचारियों की नौकरियों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

Google ने कई देशों में कर्मचारियों के लिए वॉलंटरी बायआउट ऑफर का विस्तार किया है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को अपनी इच्छा से कंपनी छोड़ने के बदले वित्तीय पैकेज दिया जा सकता है।

हालांकि, यह प्रक्रिया सीधे तौर पर कर्मचारियों को नौकरी से निकालने से अलग होती है।

Microsoft ने भी दिया था बड़ा ऑफर

पिछले महीने Microsoft ने भी करीब 60,000 कर्मचारियों को वॉलंटरी एग्जिट पैकेज का ऑफर दिया था। इनमें भारत की कुछ पात्र टीमें भी शामिल थीं।

यह संख्या Microsoft के कुल कर्मचारियों की करीब एक चौथाई बताई गई थी।

वहीं, Google की पैरेंट कंपनी Alphabet के कर्मचारियों की संख्या हाल की तिमाहियों में बढ़ी है। हालांकि, कंपनी अपने संसाधनों को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में लगाने पर ध्यान दे रही है।

फिलहाल Google ने साफ किया है कि भारत में बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरें सही नहीं हैं और Google Cloud में करीब 30 पद ही खत्म किए गए हैं।

Read more!
Advertisement