Google का नया प्राइवेसी फीचर! अब AI से पूछें निजी सवाल, सर्च हिस्ट्री में नहीं दिखेगी बातचीत

Google ने AI Mode में Temporary Threads नाम का नया फीचर पेश किया है। इसकी मदद से यूजर्स अपनी सामान्य सर्च हिस्ट्री से अलग AI बातचीत कर सकेंगे। खास बात यह है कि इन सवालों का असर भविष्य में मिलने वाले पर्सनलाइज्ड जवाबों पर भी नहीं पड़ेगा। यह फीचर मोबाइल और डेस्कटॉप दोनों पर आ रहा है। जानिए इसे इस्तेमाल करने का तरीका।

Advertisement
Apple ने 2026 के अपने अवॉर्ड्स के लिए 13 कैटेगरी में 45 ऐप्स और गेम्स को शॉर्टलिस्ट किया है।
Apple ने 2026 के अपने अवॉर्ड्स के लिए 13 कैटेगरी में 45 ऐप्स और गेम्स को शॉर्टलिस्ट किया है।

In Short

  • Google AI Mode में नया Temporary Threads फीचर पेश।
  • अस्थायी बातचीत सर्च हिस्ट्री में नहीं दिखेगी।
  • मोबाइल और डेस्कटॉप ब्राउजर पर ग्लोबल रोलआउट शुरू।

By Shakshi:

Google ने अपने AI Mode में प्राइवेसी से जुड़ा नया फीचर Temporary Threads पेश किया है। इसकी मदद से यूजर्स अब ऐसी चीजें भी सर्च कर सकेंगे, जिन्हें वे अपनी सर्च हिस्ट्री में नहीं रखना चाहते। यह फीचर काफी हद तक ब्राउजर के Incognito Mode जैसा काम करता है। खास बात यह है कि इसमें की गई बातचीत का इस्तेमाल भविष्य में मिलने वाले AI जवाबों को पर्सनलाइज करने के लिए नहीं किया जाएगा।

Google के मुताबिक, यह फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो किसी निजी विषय पर जानकारी लेना चाहते हैं या ऐसी चीजें सर्च करते हैं जिन्हें वे बाद में अपनी हिस्ट्री में नहीं देखना चाहते।

क्या है Google का Temporary Threads फीचर?

Temporary Threads की मदद से यूजर्स Google AI Mode में अलग से अस्थायी बातचीत शुरू कर सकते हैं। ये बातचीत उनके Google अकाउंट की सामान्य गतिविधियों से अलग रहेगी।

मसलन, अगर आप किसी के लिए सरप्राइज गिफ्ट खरीदने की योजना बना रहे हैं या किसी निजी विषय पर जानकारी तलाश रहे हैं, तो Temporary Threads का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इसमें किए गए सवाल आपकी सर्च हिस्ट्री में दिखाई नहीं देंगे। साथ ही, ये बातचीत भविष्य में मिलने वाले AI जवाबों और सुझावों को प्रभावित नहीं करेगी।

कैसे इस्तेमाल करें नया फीचर?

Temporary Threads का इस्तेमाल करने के लिए Google AI Mode खोलना होगा। इसके बाद स्क्रीन के ऊपरी दाएं कोने में मौजूद Temporary Threads आइकन पर क्लिक करना होगा।

इससे एक नई अस्थायी बातचीत शुरू हो जाएगी। इसके लिए अकाउंट की सेटिंग बदलने या अलग से प्राइवेसी कंट्रोल चालू करने की जरूरत नहीं होगी।

इस मोड में Google AI आपके पुराने सर्च पैटर्न या पसंद के आधार पर जवाब नहीं देगा। बातचीत बंद करने के बाद आप सामान्य AI Mode में वापस लौट सकते हैं।

कब और किन यूजर्स को मिलेगा फायदा?

Google के मुताबिक, Temporary Threads को दुनियाभर में डेस्कटॉप और मोबाइल ब्राउजर के लिए धीरे-धीरे उपलब्ध कराया जा रहा है।

यह फीचर उन सभी भाषाओं में उपलब्ध होगा, जिन्हें Google AI Mode सपोर्ट करता है।

हालांकि, सर्च हिस्ट्री में बातचीत दिखाई नहीं देने का मतलब यह नहीं है कि यह पूरी तरह गुमनाम ब्राउजिंग है। Google ने इस घोषणा में डेटा कितने समय तक रखा जाएगा, इसकी जानकारी नहीं दी है।

Read more!
Advertisement