15 साल की उम्र में धोते थे बर्तन, फिर उसी रेस्टोरेंट में रखी Nvidia की नींव! जेनसन हुआंग की अनोखी कहानी

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग की सफलता के पीछे एक रेस्टोरेंट की दिलचस्प कहानी छिपी है। कभी इसी जगह बर्तन धोने वाले हुआंग ने बाद में ऐसा प्लान बनाया, जिसने टेक्नोलॉजी की दुनिया बदल दी। अब इस रेस्टोरेंट ने उन्हें खास सम्मान दिया है। जानें पूरी कहानी।

Advertisement

In Short

  • Nvidia के CEO जेनसन हुआंग ने 15 साल की उम्र में Denny's रेस्टोरेंट में बर्तन धोने की नौकरी की थी।
  • साल 1993 में इसी रेस्टोरेंट में जेनसन हुआंग और उनके दो साथियों ने Nvidia शुरू करने का प्लान बनाया था।
  • Denny's ने Nvidia की शुरुआत वाले बूथ पर खास पट्टिका लगाई और हुआंग के नाम पर ब्रेकफास्ट डिश भी पेश की।

By Gaurav Kumar:

दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia की शुरुआत की कहानी किसी बड़े ऑफिस या शानदार मीटिंग रूम से नहीं, बल्कि एक साधारण रेस्टोरेंट से जुड़ी है। कंपनी के CEO जेनसन हुआंग का इस रेस्टोरेंट से पुराना रिश्ता रहा है। अब एक बार फिर यह जगह चर्चा में है। आखिर यहां ऐसा क्या हुआ था, जिसने टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक बड़ा बदलाव लाने की नींव रखी? आइए जानते हैं पूरी कहानी।

15 साल की उम्र में धोते थे बर्तन

जेनसन हुआंग ने साल 1978 में महज 15 साल की उम्र में Denny's रेस्टोरेंट में अपनी पहली नौकरी शुरू की थी। उस समय उनका काम बर्तन धोना था। बाद में उन्हें प्रमोट करके बसबॉय बना दिया गया। मार्च 2024 में Stanford Graduate School of Business को दिए इंटरव्यू में हुआंग ने बताया था कि वह अपना काम बहुत तेजी और समझदारी से करते थे। वह अपनी काम करने की जगह से कभी खाली हाथ नहीं जाते थे और न ही खाली हाथ लौटते थे।

1993 में इसी रेस्टोरेंट में बना Nvidia का प्लान

साल 1993 में हुआंग की जिंदगी में बड़ा मोड़ आया। Nvidia के ब्लॉग के मुताबिक, हुआंग ने नॉर्दर्न कैलिफोर्निया के एक Denny's रेस्टोरेंट में Sun Microsystems के दो कर्मचारियों क्रिस मलाकोवस्की  और कर्टिस प्रीम से मुलाकात की।

प्रतीकात्मक तस्वीर

तीनों ने मिलकर एक ऐसी कंप्यूटर चिप बनाने पर चर्चा की, जो पर्सनल कंप्यूटर पर असली जैसे दिखने वाले 3D ग्राफिक्स तैयार कर सके।

आम कंप्यूटर से अलग क्या करना चाहते थे?

क्रिस मलाकोवस्की और कर्टिस प्रीम Sun Microsystems छोड़कर अपनी कंपनी शुरू करना चाहते थे। उन्होंने हुआंग को भी अपने साथ जुड़ने के लिए कहा। हुआंग के मुताबिक, उनका मकसद कंप्यूटिंग की ऐसी समस्याओं को हल करना था, जिन्हें सामान्य प्रोसेसिंग वाले कंप्यूटर आसानी से हल नहीं कर पाते थे। यही सोच आगे चलकर Nvidia का शुरुआती मिशन बनी।

Denny's ने खास अंदाज में दिया सम्मान

अब Denny's ने ईस्ट सैन जोस स्थित अपने रेस्टोरेंट में उस खास कॉर्नर बूथ को स्थायी पहचान दी है, जहां Nvidia की शुरुआत का आइडिया सामने आया था। जेनसन हुआंग और Denny's की CEO केली वैलेड ने मिलकर वहां एक यादगार पट्टिका का अनावरण किया। इस बूथ को 'The Booth That Launched a $1 Trillion Company' नाम दिया गया है। यानी वह बूथ, जहां एक ट्रिलियन डॉलर की कंपनी की नींव पड़ी।

जेनसन हुआंग के नाम पर खास ब्रेकफास्ट

Denny's ने हुआंग के सम्मान में अपने मेन्यू में Nvidia Breakfast Bytes नाम की खास डिश भी शामिल की है। इसे पिछले साल पेश किया गया था। इसमें चार सॉसेज लिंक होते हैं, जिन्हें बटरमिल्क से बने छोटे पैनकेक में लपेटा जाता है और मेपल सिरप में डुबोकर खाया जाता है। हुआंग को यह डिश इसी तरह खाना पसंद है।

Denny's की CEO केली वैलेड ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके रेस्टोरेंट ने Nvidia के एक शुरुआती आइडिया से ग्लोबल AI पावरहाउस बनने तक के सफर में भूमिका निभाई।

Read more!
Advertisement