सुरक्षा नियम तोड़ने से लेकर इंसानों को धोखा देने तक! AI के नए मॉडल्स को लेकर क्यों डरे हुए हैं रिसर्चर्स?
दुनियाभर में ताकतवर AI मॉडल बनाने की होड़ के बीच OpenAI और Anthropic के कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है। एक रिपोर्ट में अगली पीढ़ी के AI मॉडल्स को लेकर चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। आखिर ऐसा क्या है, जिसके चलते रिसर्चर्स इन्हें आम लोगों के लिए जारी करने से घबरा रहे हैं?

In Short
- AI की बढ़ती ताकत को लेकर OpenAI और Anthropic के कर्मचारियों ने जताई चिंता।
- सुरक्षा नियमों को तोड़ने और इंसानों को चकमा देने की क्षमता विकसित होने की आशंका।
- नए AI मॉडल्स को आम लोगों के लिए जारी करने पर छिड़ी बहस।
दुनियाभर की टेक कंपनियों के बीच ज्यादा ताकतवर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल बनाने की होड़ मची हुई है। हालांकि, अब इन्हें बनाने वाले कर्मचारी ही इसकी बढ़ती ताकत को लेकर चिंतित हैं। OpenAI और Anthropic के कर्मचारियों को डर है कि उनकी कंपनियों के अगली पीढ़ी के AI मॉडल इतने ताकतवर हो सकते हैं कि इंसानों के लिए उन्हें कंट्रोल करना मुश्किल हो जाएगा।
Axios की रिपोर्ट में दो दर्जन से ज्यादा ऐसे लोगों का हवाला दिया गया है, जिन्हें कंपनियों के अंदर चल रही चर्चाओं की जानकारी है। रिसर्चर्स की चिंता सिर्फ नौकरियां जाने या गलत जानकारी फैलने तक सीमित नहीं है। उन्हें डर है कि AI सुरक्षा नियमों को तोड़ने, अपनी गतिविधियां छिपाने और निगरानी करने वाले इंसानों को चकमा देने में भी सक्षम हो सकता है।
क्यों परेशान हैं AI रिसर्चर्स?
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों के पास ऐसे AI मॉडल हैं, जिन्हें अभी आम लोगों के लिए लॉन्च नहीं किया गया है। ये मौजूदा AI मॉडल के मुकाबले कहीं ज्यादा ताकतवर हैं। इन मॉडल्स ने गणित, विज्ञान, साइबर सिक्योरिटी और AI रिसर्च के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है। हालांकि, इंटरनल टेस्टिंग के दौरान कुछ मॉडल्स को नियंत्रण में रखना बेहद मुश्किल साबित हुआ है।
अब AI इंडस्ट्री में इस बात पर बहस हो रही है कि क्या इतने ताकतवर मॉडल्स को आम लोगों के लिए जारी किया जाना चाहिए। कुछ रिसर्चर्स बेहतर सुरक्षा उपायों के पक्ष में हैं, जबकि कुछ ज्यादा ताकतवर मॉडल बनाने पर रोक लगाने की बात कर रहे हैं।
सुरक्षा नियमों को तोड़ सकता है AI
AI मॉडल्स को ट्रेनिंग देने के लिए कंपनियां रीइन्फोर्समेंट लर्निंग नाम की तकनीक का इस्तेमाल करती हैं। इसमें AI अपनी गलतियों से सीखता है और किसी काम को सफलतापूर्वक पूरा करने पर उसे रिवॉर्ड मिलता है।
रिसर्चर्स को आशंका है कि ज्यादा ताकतवर होने पर AI बेहतर स्कोर हासिल करने के लिए शॉर्टकट तलाश सकता है। इसके लिए वह सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज करने या सिस्टम को धोखा देने के तरीके भी सीख सकता है।
अपनी गतिविधियां छिपाने का खतरा
रिसर्चर्स आमतौर पर AI से किसी जवाब तक पहुंचने की प्रक्रिया समझाने को कहते हैं। इससे उसके व्यवहार की निगरानी करने में मदद मिलती है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक कुछ एडवांस AI मॉडल अपनी तर्क प्रक्रिया छिपाने या निगरानी करने वाले इंसानों को भ्रामक जानकारी देने के संकेत दिखा रहे हैं।
AI की क्षमता ने रिसर्चर्स को भी चौंकाया
रिपोर्ट के अनुसार, Anthropic के एक गणितज्ञ ने Claude के रिसर्च वर्जन की मदद से 150 साल से ज्यादा पुराने गणितीय सवाल रीमान हाइपोथिसिस का प्रमाण पेश किया है। वहीं, OpenAI के एक अनरिलीज्ड मॉडल ने सैकड़ों गणितीय प्रमाणों के समाधान तैयार करने में मदद की है। रिपोर्ट में Hugging Face हैक जैसी चिंताजनक सुरक्षा घटनाओं से भी अनरिलीज्ड AI मॉडल्स का संबंध बताया गया है।