अमेरिकी AI कंपनियों में चीन की घुसपैठ का दावा, जैकब कॉक्सन के बयान से मची हलचल
AI की ग्लोबल रेस के बीच पूर्व Anthropic रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने चीन को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि OpenAI और Anthropic जैसी अमेरिकी AI कंपनियों के अंदर चीनी जासूस पहले से मौजूद हो सकते हैं। उन्होंने अपने दावे पर 90% यकीन जताते हुए कर्मचारियों की सख्त जांच की मांग की है।

In Short
- जैकब कॉक्सन ने OpenAI और Anthropic में चीनी जासूस होने की आशंका जताई।
- पूर्व Anthropic रिसर्चर ने कहा कि उन्हें अपने दावे पर 90% तक यकीन है।
- - कॉक्सन ने AI कंपनियों में कर्मचारियों की सख्त बैकग्राउंड जांच की जरूरत बताई।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की रेस में अमेरिका और चीन के बीच मुकाबला लगातार तेज हो रहा है। इसी बीच Anthropic के पूर्व रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि उन्हें 90% यकीन है कि चीन के जासूस OpenAI और Anthropic जैसी अमेरिकी AI कंपनियों के अंदर पहले से मौजूद हैं। हालांकि, कॉक्सन ने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया है।
क्या है जैकब कॉक्सन का दावा?
PBD पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कॉक्सन ने कहा कि चीन के पास OpenAI और Anthropic के अंदर जासूस होने की पूरी संभावना है। जब उनसे पूछा गया कि वह अपने दावे को लेकर कितने आश्वस्त हैं, तो उन्होंने कहा कि वह 90% तक निश्चित हैं।
कॉक्सन के मुताबिक, अगर ऐसा है तो चीन जरूरत पड़ने पर अमेरिकी AI कंपनियों की टेक्नोलॉजी और रिसर्च चुरा सकता है। उनका कहना है कि अमेरिका AI टेक्नोलॉजी में आगे भी निकल जाए, तब भी चीन के पास उस बढ़त को तेजी से कम करने का मौका हो सकता है।
AI कंपनियों में भर्ती पर सख्ती की मांग
कॉक्सन ने AI कंपनियों में काम करने वाले लोगों की जांच को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में अभी गंभीर स्तर की बैकग्राउंड जांच नहीं होती। उन्होंने SpaceX का उदाहरण देते हुए AI कंपनियों में विदेशी नागरिकों की भर्ती के नियम सख्त करने की बात कही।
चीनी नागरिकों को AI कंपनियों में नौकरी देने पर रोक से जुड़े सवाल पर कॉक्सन ने कहा कि ऐसा होना दुखद होगा क्योंकि उनमें उनके दोस्त भी शामिल हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि भविष्य में इस तरह का कदम उठाया जा सकता है।
AI रेस को लेकर बढ़ रही चिंता
कॉक्सन का बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका में चीन की बढ़ती AI क्षमता को लेकर चिंता बढ़ रही है। OpenAI और Anthropic पहले चीनी AI कंपनियों पर अपने मॉडल से जानकारी हासिल कर दूसरे मॉडल को ट्रेन करने यानी डिस्टिलेशन की कोशिश करने के आरोप लगा चुके हैं।
कॉक्सन इससे पहले AI के तेजी से विकास को लेकर भी गंभीर चेतावनी दे चुके हैं। उनका कहना है कि मौजूदा तरीके से शक्तिशाली AI सिस्टम विकसित करना भविष्य में बड़े जोखिम पैदा कर सकता है।