फेक ऐप्स का बढ़ता जाल! Play Store से 1 लाख लोगों ने डाउनलोड किया नकली ऐप- ऐसे बचें

Google Play Store पर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने Android यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है। Google Chrome जैसा दिखने वाला एक फर्जी ऐप हजारों लोगों तक पहुंच गया। हैरानी की बात है कि यह असली ऐप से ऊपर दिखाई दे रहा था। जानिए पूरा मामला और बचने का तरीका।

Advertisement

In Short

  • Google Chrome जैसा दिखने वाला फर्जी ऐप Play Store पर मौजूद था, जिसे करीब 1 लाख बार डाउनलोड किया गया।
  • फर्जी ऐप पहले Ball Bounce नाम का गेम था, बाद में इसकी पहचान बदलकर Google Chrome जैसी कर दी गई।
  • गूगल ने फर्जी ऐप को Play Store से हटा दिया, यूजर्स को डाउनलोड से पहले डेवलपर की पहचान जांचने की सलाह।

By Gungun Mishra:

अगर आप भी अपने Android स्मार्टफोन में ऐप डाउनलोड करने के लिए Google Play Store का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। आमतौर पर लोग Play Store पर मौजूद ऐप्स को भरोसेमंद मानकर डाउनलोड कर लेते हैं। लेकिन हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ऐप्स की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, गूगल क्रोम जैसा दिखने वाला एक फर्जी ऐप Play Store पर मौजूद था, जिसे करीब 1 लाख बार डाउनलोड किया गया। मामला सामने आने के बाद गूगल ने इस ऐप को स्टोर से हटा दिया।

Google Chrome बनकर कैसे लोगों को दिया धोखा?

The Verge की रिपोर्ट के मुताबिक, Reddit के एक यूजर ने गूगल Play Store पर इस संदिग्ध ऐप को देखा था। हैरान करने वाली बात यह थी कि फर्जी ऐप Google Chrome के आधिकारिक ऐप से भी ऊपर दिखाई दे रहा था।

रिपोर्ट के अनुसार, यह ऐप Sponsored यानी विज्ञापन वाले सुझाव के तौर पर दिखाया जा रहा था। ऐसे में क्रोम डाउनलोड करने के लिए सर्च करने वाले यूजर्स आसानी से इसे असली ऐप समझ सकते थे।

पहले गेम था ऐप, फिर बन गया Google Chrome!

इस मामले में सबसे दिलचस्प बात ऐप की पहचान बदलने से जुड़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में इस ऐप को 'Ball Bounce' नाम के एक गेम के तौर पर Play Store पर लिस्ट किया गया था।

बाद में इसकी पहचान बदलकर इसे गूगल क्रोम जैसा दिखाया जाने लगा। यानी जो ऐप पहले एक गेम के नाम से मौजूद था, वह बाद में गूगल के लोकप्रिय ब्राउजर जैसा नजर आने लगा।

इस बदलाव के कारण Play Store पर ऐप सर्च करने वाले लोगों के लिए असली और नकली क्रोम के बीच अंतर करना मुश्किल हो सकता था।

प्रतीकात्मक तस्वीर

1 लाख डाउनलोड के बाद Google ने लिया एक्शन

रिपोर्ट के मुताबिक, इस फर्जी ऐप को Google Play Store से करीब 1 लाख बार डाउनलोड किया गया। इसके बाद गूगल ने कार्रवाई करते हुए इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया।

इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा किया है कि अगर कोई ऐप आधिकारिक Play Store पर मौजूद है, तो क्या उसे बिना जांचे डाउनलोड करना सही है?

फर्जी ऐप से कैसे बचें? डाउनलोड करने से पहले करें ये जांच

इस घटना से साफ है कि किसी ऐप का नाम, आइकन या सर्च रिजल्ट में उसकी पोजिशन देखकर उस पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

किसी भी लोकप्रिय ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसके डेवलपर का नाम जरूर जांचें। इसके अलावा ऐप की आधिकारिक लिस्टिंग में दी गई जानकारी भी ध्यान से पढ़ें।

खास बात यह है कि Sponsored लिस्टिंग में दिखाई देने वाला ऐप जरूरी नहीं कि असली ही हो। इसलिए गूगल क्रोम या किसी दूसरे लोकप्रिय ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसकी पहचान की पुष्टि करना जरूरी है।

Read more!
Advertisement