यूरोप की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल SAP पर साइबर अटैक, क्या हैकर्स के हाथ लगा ग्राहकों का डेटा?

जर्मनी की दिग्गज टेक कंपनी SAP साइबर हमले का शिकार हो गई है। कंपनी ने अपने सिस्टम में हैकर्स की सेंध की पुष्टि की है। इस हमले में AI के इस्तेमाल की भी आशंका जताई जा रही है। जानिए इस साइबर हमले को लेकर कंपनी ने क्या जानकारी दी है।

Advertisement

In Short

  • जर्मन टेक कंपनी SAP ने की साइबर हमले की पुष्टि।
  • हैकर्स के हाथ कंपनी का सोर्स कोड लगने की आशंका।
  • ग्राहकों का डेटा चोरी होने के अब तक नहीं मिले सबूत।

By Urvashi Raghav:

यूरोप की सबसे मूल्यवान टेक कंपनी SAP साइबर अटैक का शिकार हो गई है। जर्मनी की इस दिग्गज टेक कंपनी ने पुष्टि की है कि हैकर्स ने उसके सिस्टम में सेंध लगाई है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि अभी तक ग्राहकों का डेटा चोरी होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में हुए इस साइबर अटैक को कंपनी ने 'प्रोजेक्ट ग्रेनाइट' नाम दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैकर्स ने कंपनी के सोर्स कोड तक पहुंच हासिल की हो सकती है।

साइबर अटैक पर कंपनी ने क्या कहा?

इस साइबर अटैक की जानकारी सबसे पहले जर्मन मीडिया संस्थान डेर स्पीगल ने दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, SAP ने एक इंटरनल लेटर के जरिए अपने कर्मचारियों को साइबर हमले की जानकारी दी थी। हालांकि, कंपनी ने हमले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की थी।

कंपनी ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि ग्राहकों का डेटा सुरक्षित है और उनसे संपर्क करने की जरूरत नहीं है। साथ ही कर्मचारियों को इस मामले से जुड़ी जानकारी कंपनी से बाहर साझा नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

बाद में SAP ने साइबर अटैक की पुष्टि करते हुए कहा कि ग्राहकों और अपनी सेवाओं की सुरक्षा के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए गए हैं।

हैकर्स के हाथ लग सकता है सोर्स कोड

रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने गिटहब (GitHub) पर SAP के कर्मचारियों के ऑथेंटिकेशन टोकन को निशाना बनाया। आशंका है कि इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट्स का इस्तेमाल किया गया होगा।

गिटहब एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां सॉफ्टवेयर डेवलपर्स प्रोग्रामिंग कोड स्टोर करते हैं और मिलकर उस पर काम करते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हैकर्स ने कर्मचारियों के ऑथेंटिकेशन टोकन चुराकर कंपनी के सोर्स कोड में बदलाव किया और उसकी कॉपी हासिल की हो सकती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

10 हजार कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी

यह साइबर अटैक ऐसे समय में हुआ है, जब SAP आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में निवेश बढ़ाने के साथ दुनियाभर में करीब 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रही है।

लगातार बढ़ रहे साइबर हमले

नवंबर में साइबर हमलों और टेक्नोलॉजी से जुड़ी सेवाओं में आई रुकावटों के चलते इस महीने को 'नाइटमेयर नवंबर' कहा जा रहा है। इसी सप्ताह FIFA और अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के एक प्लेटफॉर्म पर भी साइबर हमला हुआ था। वहीं, पिछले महीने क्रिप्टो एक्सचेंज बाइनेंस को साइबर अटैक में 6.3 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।

AI के इस्तेमाल से बढ़ रही चिंता

साइबर हमलों में AI का बढ़ता इस्तेमाल भी चिंता का विषय बन गया है। इसकी मदद से हैकर्स बेहद तेजी से साइबर हमलों को अंजाम दे सकते हैं। गूगल और माइक्रोसॉफ्ट भी साइबर हमलों में AI एजेंट्स के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दे चुके हैं।

Read more!
Advertisement