Android और iPhone यूजर्स सावधान! eMudhra की सुरक्षा खामी के बाद तुरंत करें ये काम
eMudhra से जुड़ी सुरक्षा खामी के बाद Google और Mozilla ने प्रभावित सर्टिफिकेट ब्लॉक किए हैं। Android और iPhone यूजर्स के लिए ऐप्स और सिस्टम अपडेट रखना जरूरी है। लेकिन क्या सिर्फ अपडेट करने से आपका फोन पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा? जानिए खतरे से बचने के जरूरी तरीके।

In Short
- eMudhra की खामी के बाद प्रभावित सर्टिफिकेट ब्लॉक।
- Android यूजर्स फोन रीस्टार्ट और ऐप्स अपडेट करें।
- सिर्फ ऐप अपडेट करना पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं।
भारत की डिजिटल सर्टिफिकेट कंपनी eMudhra से जुड़ी सुरक्षा खामी सामने आने के बाद इंटरनेट यूजर्स की चिंता बढ़ गई है। इस खामी की वजह से कुछ डिवाइस वेबसाइट की सुरक्षा को सही तरीके से जांच नहीं पाते हैं। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In के मुताबिक, कमजोर डिजिटल की (Keys) के कारण हमलावर आठ सर्टिफिकेट अथॉरिटी की प्राइवेट की हासिल कर सकते थे।
इस मामले के सामने आने के बाद Google और Mozilla ने प्रभावित सर्टिफिकेट को ब्लॉक कर दिया है। हालांकि, यूजर्स को अपने फोन और ऐप्स अपडेट रखने की सलाह दी गई है।
Android यूजर्स को क्या करना चाहिए?
Google के मुताबिक, Android डिवाइस को eMudhra से जुड़ी सुरक्षा खामी से बचाने के लिए Google Play Services के जरिए सुरक्षा अपडेट दिया गया है।
इस अपडेट को तुरंत लागू करने के लिए यूजर्स को अपना फोन रीस्टार्ट करना चाहिए। इसके अलावा फोन में मौजूद ऐप्स को भी अपडेट रखना जरूरी है।
Android में ऐप्स कैसे अपडेट करें?
अगर आप Android स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, तो ऐप्स अपडेट करने के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें।
-
सबसे पहले Google Play Store खोलें।
-
ऊपर दाईं तरफ अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें।
-
अब Manage Apps and Device पर जाएं।
-
Updates Available में See Details चुनें।
-
किसी ऐप के सामने Update दबाएं या सभी ऐप्स के लिए Update All चुनें।
इसके अलावा फोन की Settings में जाकर System Update या Software Update भी चेक करें। अलग-अलग कंपनियों के फोन में इसका विकल्प थोड़ा अलग हो सकता है।
iPhone यूजर्स कैसे करें अपडेट?
iPhone इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को भी अपने ऐप्स और ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट रखने चाहिए।
इसके लिए App Store खोलें और ऊपर अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें। यहां उपलब्ध अपडेट देखें और जरूरत के मुताबिक Update या Update All चुनें।
iOS अपडेट करने के लिए Settings में जाएं। इसके बाद General और फिर Software Update पर टैप करें। अपडेट उपलब्ध होने पर उसे डाउनलोड करके इंस्टॉल करें।
क्या सिर्फ ऐप्स अपडेट करने से खतरा टल जाएगा?
सिर्फ ऐप्स अपडेट करने से eMudhra से जुड़े सभी सुरक्षा जोखिम खत्म होने की गारंटी नहीं है।
दरअसल, अलग-अलग ब्राउजर, ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स वेबसाइट के डिजिटल सर्टिफिकेट जांचने के लिए अलग-अलग सिस्टम इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसलिए संभव है कि कुछ ऐप्स में सर्टिफिकेट से जुड़ी नई सुरक्षा जानकारी तुरंत उपलब्ध न हो।
वेबसाइट मालिकों को भी रहना होगा सावधान
यह समस्या सिर्फ स्मार्टफोन तक सीमित नहीं है। कुछ वेबसाइट और PHP आधारित एप्लिकेशन भी अलग सर्टिफिकेट सिस्टम इस्तेमाल करते हैं।
ऐसे में वेबसाइट मालिकों और एडमिनिस्ट्रेटर्स को अपने सॉफ्टवेयर की सुरक्षा जांचनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रभावित सर्टिफिकेट पर अब भरोसा नहीं किया जा रहा है।
यूजर्स को किसी भी वेबसाइट पर आने वाली सर्टिफिकेट चेतावनी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। साथ ही ऐप्स और सॉफ्टवेयर हमेशा आधिकारिक स्रोतों से ही अपडेट करने चाहिए।