एलन मस्क ने लॉन्च किया X Money, अब X ऐप से पैसे भेजने और पेमेंट करने की मिलेगी सुविधा

एलन मस्क ने एक्स मनी के जरिए सोशल मीडिया ऐप को पेमेंट और बैंकिंग प्लेटफॉर्म बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसमें पैसे भेजने, डेबिट कार्ड, कैशबैक और जमा रकम पर रिटर्न जैसी सुविधाएं मिलेंगी। जानिए यह सर्विस कैसे काम करेगी और भारत में कब तक आ सकती है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

Elon Musk X Money: एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने अमेरिका में नई डिजिटल पेमेंट सर्विस ‘X Money’ शुरू कर दी है। इसके जरिए यूजर्स दूसरे लोगों को पैसे भेज सकेंगे, जमा खाते का इस्तेमाल कर सकेंगे और फिजिकल Visa डेबिट कार्ड भी ले सकेंगे। फिलहाल यह सर्विस अमेरिका में X Premium और Premium+ सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स के लिए धीरे-धीरे शुरू की जा रही है।

X Money को सोशल मीडिया, पेमेंट और रोजमर्रा की बैंकिंग सुविधाओं को एक ही ऐप में लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, X Money खुद बैंक नहीं है।

क्या है X Money?

X Money एक बैंकिंग और पेमेंट सर्विस है, जिसे सीधे X ऐप के अंदर जोड़ा गया है। इसकी मदद से यूजर्स को पैसे जमा करने, दूसरे X यूजर्स को पैसे भेजने और रोजाना के पेमेंट करने जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

कंपनी के मुताबिक, X Money में जमा खाता, पर्सन-टू-पर्सन पेमेंट, डायरेक्ट डिपॉजिट और Visa डेबिट कार्ड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यूजर्स बिना किसी ट्रांसफर फीस के दूसरे X यूजर्स को पैसे भेज सकेंगे।

बिल और चेक की भी सुविधा

X Money के जरिए यूजर्स बिल का भुगतान कर सकेंगे और वायर ट्रांसफर के माध्यम से रकम भेज पाएंगे। जरूरत पड़ने पर फिजिकल चेक मेल करने की सुविधा भी दी जाएगी।

यूजर्स X के Visa डेबिट कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह मेटल फिनिश वाला कार्ड होगा और इस पर यूजर का X हैंडल लिखा होगा। कंपनी का दावा है कि कार्ड से भुगतान करने पर 3 फीसदी कैशबैक मिल सकता है। जमा रकम पर सालाना 6 फीसदी तक रिटर्न मिलने की बात भी कही गई है।

कैसे काम करेगी सर्विस?

X Money में Visa Direct टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। यह टेक्नोलॉजी लोगों के बीच तेजी से पैसे भेजने, तुरंत रकम जमा करने और निकालने में मदद करती है। इसके जरिए बैंक खाते और डेबिट कार्ड के बीच रकम का ट्रांसफर रियल टाइम में हो सकता है।

X Money खुद बैंक की तरह काम नहीं करती। यूजर्स की रकम न्यू जर्सी के Cross River Bank में रखी जाएगी। यह एक रेगुलेटेड बैंक है और Federal Deposit Insurance Corporation के तहत आता है।

योग्य जमा रकम पर हर डिपॉजिटर को 2.5 लाख डॉलर तक का बीमा मिलेगा। X एक कैश स्वीप प्रोग्राम का भी इस्तेमाल करता है, जिसके तहत ग्राहकों की रकम कई पार्टनर बैंकों में बांटी जाती है।

पासवर्ड की जगह पासकी

सिक्योरिटी के लिए X Money में सामान्य पासवर्ड की जगह पासकी का इस्तेमाल होगा। यूजर्स फिंगरप्रिंट, फेस रिकग्निशन या डिवाइस पिन से सर्विस खोल सकेंगे। इसके साथ ट्रांजैक्शन लिमिट और कुछ पेमेंट पर अतिरिक्त वेरिफिकेशन जैसे कंट्रोल भी मिलेंगे।

भारत में कब आएगा X Money?

फिलहाल भारत में X Money की लॉन्चिंग को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है। एलन मस्क ने इसे दुनियाभर में शुरू करने की योजना बताई है। भारत में आने पर इसका मुकाबला GPay, WhatsApp Payments और PhonePe जैसी पेमेंट सर्विस से हो सकता है।

Read more!
Advertisement