Artificial Intelligence नहीं अब ‘Super Intelligence’, जानिए ट्रंप ने क्यों बदला नाम
अमेरिका में Artificial Intelligence को लेकर बदलाव किया गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किया है, जिसके बाद सरकारी स्तर पर AI की जगह नया शब्द इस्तेमाल होगा। आखिर AI का नाम क्यों बदला गया और Super Intelligence को लेकर नए आदेश में क्या कहा गया है? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- अमेरिका में अब सरकारी स्तर पर AI की जगह Super Intelligence यानी SI शब्द का इस्तेमाल होगा।
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने “Inaugurating The Era of Super Intelligence” एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किया।
- एग्जीक्यूटिव ब्रांच के कामकाज में Artificial Intelligence और AI की जगह Super Intelligence और SI लिखा जाएगा।
अमेरिका में अब सरकारी स्तर पर ‘Artificial Intelligence’ यानी AI की जगह ‘Super Intelligence’ यानी SI शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को “Inaugurating The Era of Super Intelligence” नाम के एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किया। इसके तहत एग्जीक्यूटिव ब्रांच के कामकाज में Artificial Intelligence और AI की जगह Super Intelligence और SI शब्द इस्तेमाल किए जाएंगे।
यह एग्जीक्यूटिव ऑर्डर ऐसे समय आया है जब ट्रंप ने टेक इंडस्ट्री के बड़े नामों के साथ एक हाई-लेवल लंच किया। इसमें एलन मस्क, गूगल के CEO सुंदर पिचाई, मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग और NVIDIA के CEO जेन्सेन हुआंग शामिल थे। इससे कुछ दिन पहले ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा यानी UNGA में अपने संबोधन के दौरान भी Artificial Intelligence शब्द को बदलने की बात कही थी।
ट्रंप ने नाम बदलने पर क्या कहा?
ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि दुनिया के “सबसे बड़े, सबसे स्मार्ट और महान लोगों” ने इस नाम को आधिकारिक तौर पर बदल दिया है। उन्होंने इस तकनीक के संभावित असर को इंटरनेट से भी बड़ा बताया।
ट्रंप ने Artificial Intelligence शब्द की तुलना “फेक न्यूज” से करते हुए कहा कि अब वह मीडिया के लिए “Artificial News” शब्द का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने कहा कि SI यानी Super Intelligence को इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन और इंटरनेट से भी बड़ा बताया जा रहा है।
ट्रंप ने अमेरिका में टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हुई ग्रोथ का भी जिक्र किया और कहा कि अगली पीढ़ी की कंप्यूटिंग और AI सिस्टम में हो रही प्रगति से देश को काफी फायदा मिल सकता है।
क्या है Super Intelligence?
AI के क्षेत्र में Super Intelligence आम तौर पर उस सैद्धांतिक स्तर को कहा जाता है, जहां मशीनें हर क्षेत्र में इंसानों की सोचने और समझने की क्षमता से आगे निकल जाएं। इसे Artificial Intelligence के विकास का अंतिम चरण माना जाता है।
इससे पहले Artificial Narrow Intelligence यानी ANI आता है, जो आज के सिंगल-टास्क सिस्टम को दर्शाता है। इसके बाद Artificial General Intelligence यानी AGI का स्तर है, जिसमें AI की क्षमता इंसानों के बराबर मानी जाती है।
एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में क्या कहा गया?
ट्रंप के एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के मुताबिक, फेडरल डिपार्टमेंट और एजेंसियों को आधिकारिक पत्राचार, पब्लिक कम्युनिकेशन, वेबसाइट, रिपोर्ट, पॉलिसी डॉक्यूमेंट और एग्जीक्यूटिव ब्रांच के दूसरे नॉन-स्टैच्यूटरी डॉक्यूमेंट में Super Intelligence और SI शब्द इस्तेमाल करने होंगे।
ऑर्डर में फिलहाल Super Intelligence और SI की परिभाषा के लिए अमेरिकी कानून के Title 15 के Section 9401(3) में दी गई Artificial Intelligence की परिभाषा को आधार बनाया गया है।
नई परिभाषा के लिए तैयार होगा प्रस्ताव
ऑर्डर में Assistant to the President for Science and Technology यानी APST को दूसरी एजेंसियों के प्रमुखों से सलाह लेकर Super Intelligence और SI की फेडरल परिभाषा तय करने के लिए प्रस्तावित कानूनी भाषा राष्ट्रपति को सौंपने का निर्देश भी दिया गया है।
इस प्रस्ताव में यह भी देखा जाएगा कि नई परिभाषा मौजूदा Artificial Intelligence की कानूनी परिभाषा को कितना बदले या विस्तार दे। साथ ही मौजूदा कानूनों में AI से जुड़े संदर्भों में जरूरी बदलाव और एग्जीक्यूटिव ब्रांच में नई परिभाषा लागू करने के लिए आगे उठाए जाने वाले कदमों पर भी सुझाव दिए जाएंगे।