Nvidia के चिप्स की चीन में स्मगलिंग पर विवाद! ट्रंप के आदेश के बावजूद क्यों नहीं हो रही कार्रवाई?
Nvidia के एडवांस्ड AI चिप्स चीन पहुंचने के मामले ने ट्रंप प्रशासन में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मंजूरी के बावजूद संदिग्ध कंपनियों पर कार्रवाई क्यों अटक रही है? इस मामले में एलन मस्क की एंट्री और Nvidia CEO से जुड़े नए आरोपों ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

In Short
- ट्रंप ने मई 2026 से तीन बार कार्रवाई को मंजूरी दी, लेकिन कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक पर इसे टालने के आरोप लगे।
- Nvidia के AI चिप्स चीन पहुंचने के मामले में व्हाइट हाउस की बैठक हुई, एलन मस्क से भी राय ली गई।
- Nvidia CEO जेनसन हुआंग और मेगास्पीड की एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग से जुड़े कथित संबंधों ने विवाद बढ़ाया।
अमेरिका की एडवांस्ड AI टेक्नोलॉजी चीन तक पहुंचने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मामला Nvidia के उन पावरफुल AI चिप्स से जुड़ा है, जिनकी चीन को सप्लाई पर अमेरिका ने सख्त पाबंदियां लगाई हैं। अब सवाल उठ रहा है कि इन नियमों के बावजूद चिप्स चीन कैसे पहुंच रहे हैं और इन्हें रोकने की कोशिश क्यों अटक रही है। आइए समझते हैं कि इस पूरे मामले में ट्रंप प्रशासन के अंदर क्या चल रहा है।
ट्रंप ने तीसरी बार दी कार्रवाई की मंजूरी
Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को अवैध तरीके से Nvidia के एडवांस्ड AI चिप्स पहुंचाने के शक में घिरी कंपनियों पर कार्रवाई की मंजूरी दी है। मई 2026 से अब तक ट्रंप तीन बार ऐसी कार्रवाई को मंजूरी दे चुके हैं। हालांकि, कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक पर बार-बार इस कार्रवाई को रोकने या टालने के आरोप लगे हैं।
व्हाइट हाउस की मीटिंग में क्या हुआ?
रिपोर्ट के मुताबिक, 12 नवंबर को व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में कई बड़े अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट, डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ, ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमीसन ग्रीर, मार्को रुबियो और हॉवर्ड लटनिक शामिल थे। बैठक में Nvidia चिप्स की कथित स्मगलिंग और जासूसी से जुड़े आरोपों पर चर्चा हुई।
मेगास्पीड पर एक्शन क्यों नहीं हुआ?
बैठक के दौरान स्कॉट बेसेंट ने लटनिक से सवाल किया कि कॉमर्स डिपार्टमेंट ने मेगास्पीड जैसी संदिग्ध कंपनियों पर एक्सपोर्ट प्रतिबंध क्यों नहीं लगाए। आरोप है कि मेगास्पीड के जरिए एडवांस्ड चिप्स चीन पहुंचाए जा रहे थे। लटनिक ने बेसेंट की बात से सहमति जताई, लेकिन कहा कि उन्हें राष्ट्रपति से बात करनी होगी।
एलन मस्क से भी ली गई राय
रिपोर्ट के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे अमेरिकी समय के अनुसार अधिकारी ओवल ऑफिस पहुंचे। वहां ट्रंप के सामने पूरा मामला रखा गया। इस दौरान ट्रंप ने टेक एडवाइजर एलन मस्क को फोन किया। मस्क ने भी बेसेंट के कार्रवाई वाले सुझाव का समर्थन किया। इसके बावजूद लटनिक ने कथित तौर पर कार्रवाई लागू करने में फिर देरी की।
Nvidia CEO से जुड़े आरोपों ने बढ़ाई चिंता
रिपोर्ट के अनुसार, लटनिक और कॉमर्स अंडरसेक्रेटरी जेफरी केसलर पहले भी प्रतिबंधों का विरोध करते रहे हैं। अब Nvidia CEO जेनसन हुआंग से जुड़े निजी संबंधों के आरोपों ने विवाद बढ़ा दिया है। मेगास्पीड की एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग से उनके करीबी संबंध होने की रिपोर्ट सामने आई है। एलिस पर चीनी एजेंट होने का शक जताया गया है, हालांकि ये आरोप साबित नहीं हुए हैं।
अमेरिका ने चीन की AI और मिलिट्री क्षमता को सीमित रखने के लिए एडवांस्ड चिप्स के एक्सपोर्ट पर प्रतिबंध लगाए हैं। लेकिन कथित स्मगलिंग और प्रशासन के अंदर मतभेदों ने इन पाबंदियों के असर पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।