AI, डेटा और डिजिटल पेमेंट से बदलेगी यात्रा की तस्वीर, तेजी से बढ़ रहा स्मार्ट टूरिज्म
टेक्नोलॉजी ने यात्रा के पूरे अनुभव को बदल दिया है। अब लोग स्मार्टफोन के जरिए जगह खोजने, बुकिंग करने और डिजिटल पेमेंट तक का काम आसानी से कर रहे हैं। WEF की रिपोर्ट के अनुसार डिजिटलाइजेशन, डेटा और AI आने वाले समय में पर्यटन सेक्टर की दिशा तय करेंगे। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- WEF की रिपोर्ट के अनुसार डिजिटल टेक्नोलॉजी पर्यटन सेक्टर की प्रतिस्पर्धा और मजबूती में अहम भूमिका निभा रही है।
- 2025 में वैश्विक पर्यटन सेक्टर ने 1.5 अरब अंतरराष्ट्रीय पर्यटक यात्राएं दर्ज कीं और 11.6 ट्रिलियन डॉलर का योगदान दिया।
- ऑनलाइन बुकिंग, डिजिटल पेमेंट और AI आधारित सुविधाएं यात्रियों के अनुभव को लगातार बदल रही हैं।
टेक्नोलॉजी तेजी से लोगों के यात्रा करने के तरीके को बदल रही है। अब लोग किसी जगह को खोजने से लेकर टिकट बुक करने, होटल रिजर्व करने और यात्रा के दौरान जानकारी लेने तक के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और स्मार्टफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। डिजिटल पेमेंट, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म अब वैश्विक पर्यटन अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के ट्रैवल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट इंडेक्स 2026 के अनुसार, पर्यटन स्थलों की प्रतिस्पर्धा और मजबूती में डिजिटलाइजेशन की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
2025 में 1.5 अरब लोगों ने की अंतरराष्ट्रीय यात्रा
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में दुनिया भर में 1.5 अरब अंतरराष्ट्रीय पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं। यह संख्या 2024 के मुकाबले 5 फीसदी ज्यादा और 2019 के स्तर से 4.4 फीसदी ऊपर रही।
इस दौरान ट्रैवल और टूरिज्म सेक्टर ने वैश्विक जीडीपी में रिकॉर्ड 11.6 ट्रिलियन डॉलर का योगदान दिया। इस सेक्टर ने 366 मिलियन नौकरियों को भी सपोर्ट किया, जो दुनिया भर की करीब हर 10 नौकरियों में से एक के बराबर है।
इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क से आसान हुई यात्रा
WEF के अनुसार, पर्यटन में डिजिटल बदलाव का एक बड़ा संकेतक आईसीटी रेडीनेस है। साल 2019 से 2024 के बीच आईसीटी रेडीनेस स्कोर में 7.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान 97 फीसदी अर्थव्यवस्थाओं में डिजिटल क्षमता में सुधार देखा गया।
इस बदलाव के पीछे बेहतर ऑनलाइन पहुंच, मोबाइल नेटवर्क का विस्तार और डिजिटल पेमेंट का बढ़ता इस्तेमाल प्रमुख कारण रहे हैं।
अब यात्री अपने स्मार्टफोन के जरिए यात्रा की ज्यादातर जरूरतें पूरी कर सकते हैं। होटल और फ्लाइट खोजने से लेकर बुकिंग, डिजिटल पेमेंट, मैप और यात्रा से जुड़ी जानकारी हासिल करना आसान हो गया है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से छोटे कारोबारियों को फायदा
ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म ने पर्यटन से जुड़े कारोबारियों को नए ग्राहकों तक पहुंचने का मौका दिया है। खासतौर पर छोटे ऑपरेटर अब अपने पारंपरिक बाजारों से बाहर भी लोगों तक पहुंच पा रहे हैं।
WEF के मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर्यटन कारोबारियों को नए बाजारों तक पहुंचने, कामकाज बेहतर करने, पर्यटकों से जुड़ने और उनकी पसंद को समझने में मदद कर सकते हैं।
डिजिटल पेमेंट और डेटा का बढ़ता महत्व
डिजिटल पेमेंट भी पर्यटन के इस बदलाव का अहम हिस्सा बन गया है। तेज और आसान कैशलेस लेनदेन होटल, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट और पर्यटन स्थलों पर भुगतान को सरल बना रहे हैं।
इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग, डिजिटल पेमेंट और मोबाइल इस्तेमाल से मिलने वाला डेटा पर्यटकों की गतिविधियों और मांग को समझने में मदद कर सकता है। बिग डेटा एनालिटिक्स के जरिए पर्यटन स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल और पर्यावरणीय दबावों की निगरानी की जा सकती है।
एआई से और बदल सकता है यात्रा अनुभव
इस डिजिटल बदलाव के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका भी बढ़ रही है। AI आधारित ट्रिप प्लानिंग, व्यक्तिगत सुझाव, भाषा अनुवाद और डिजिटल सहायता जैसी सुविधाएं भविष्य में यात्रियों और पर्यटन स्थलों के बीच बातचीत के तरीके को और बदल सकती हैं।