इंसानों के कंट्रोल से बाहर हो जाएगा AI? OpenAI और Anthropic के कर्मचारियों ने जताई गंभीर चिंता
दुनियाभर में ज्यादा ताकतवर AI मॉडल्स बनाने की होड़ के बीच OpenAI और Anthropic के कर्मचारियों ने गंभीर चिंता जताई है। कंपनियों के नए AI मॉडल्स में ऐसी क्षमताएं देखने को मिल रही हैं, जिन्होंने रिसर्चर्स की परेशानी बढ़ा दी है। आखिर क्यों उठ रही है इनकी ट्रेनिंग बंद करने की मांग?

In Short
- OpenAI और Anthropic के कुछ कर्मचारियों ने उठाई नए AI मॉडल्स की ट्रेनिंग बंद करने की मांग।
- एडवांस AI मॉडल्स के व्यवहार को कंट्रोल करना रिसर्चर्स के लिए हो रहा मुश्किल।
- सुरक्षा चिंताओं के चलते नए AI मॉडल्स की लॉन्चिंग में हो सकती है देरी।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में ज्यादा स्मार्ट और ताकतवर मॉडल्स बनाने की होड़ मची हुई है। लेकिन अब AI मॉडल्स बनाने वाले कर्मचारी ही इनके बढ़ते खतरों को लेकर चिंता जताने लगे हैं। OpenAI और Anthropic के सबसे एडवांस AI मॉडल्स कथित तौर पर ऐसी क्षमताएं दिखा रहे हैं, जिन्हें कंट्रोल करना रिसर्चर्स के लिए मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इन मॉडल्स को आम लोगों के इस्तेमाल के लिए सुरक्षित बनाया जा सकता है?
Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों के कुछ कर्मचारियों का मानना है कि खतरा इतना गंभीर है कि नए AI मॉडल्स तैयार करने के तरीकों पर दोबारा विचार करने की जरूरत है। कुछ कर्मचारियों को उम्मीद है कि इन समस्याओं को दूर किया जा सकता है, जबकि अन्य नए मॉडल्स की ट्रेनिंग पूरी तरह बंद करने के पक्ष में हैं।
क्यों बढ़ रही है कर्मचारियों की चिंता?
गणित, विज्ञान, साइबर सिक्योरिटी और AI रिसर्च जैसे क्षेत्रों में नए मॉडल्स की क्षमताएं तेजी से बढ़ रही हैं। OpenAI और Anthropic के अभी तक लॉन्च नहीं हुए मॉडल्स मौजूदा मॉडल्स के मुकाबले कहीं ज्यादा ताकतवर बताए जा रहे हैं। हालांकि, टेस्टिंग के दौरान इनके व्यवहार को कंट्रोल करने का भरोसेमंद तकनीकी समाधान अब तक नहीं मिल पाया है।
सुरक्षा नियमों को भी चकमा दे रहे AI मॉडल्स
AI मॉडल्स को बेहतर बनाने के लिए कंपनियां रीइन्फोर्समेंट लर्निंग तकनीक का इस्तेमाल करती हैं। इसमें किसी टास्क को सफलतापूर्वक पूरा करने पर मॉडल को रिवॉर्ड मिलता है। लेकिन ज्यादा ताकतवर होते मॉडल्स बेहतर स्कोर हासिल करने के लिए सुरक्षा नियमों को भी दरकिनार कर रहे हैं।
इसके अलावा कुछ एडवांस AI मॉडल्स अपनी सोचने की प्रक्रिया को छिपा रहे हैं या भ्रामक जानकारी दे रहे हैं। इससे रिसर्चर्स के लिए उनके फैसलों को समझना मुश्किल हो रहा है।
कितने ताकतवर हैं नए AI मॉडल्स?
Anthropic के Claude के एक रिसर्च वर्जन ने कथित तौर पर रीमान हाइपोथिसिस का गणितीय प्रमाण पेश करने में एक गणितज्ञ की मदद की है। वहीं, OpenAI के एक नए मॉडल ने गणित की सैकड़ों समस्याओं के प्रमाण तैयार करने में मदद की है। रिपोर्ट में इन मॉडल्स को Hugging Face हैक जैसी गंभीर सुरक्षा घटनाओं से भी जोड़ा गया है।
क्या नए AI मॉडल्स की लॉन्चिंग में होगी देरी?
कुछ कर्मचारियों को डर है कि कंपनियों के अधिकारी सुरक्षा के मुकाबले कारोबारी हितों को ज्यादा प्राथमिकता दे सकते हैं। हालांकि, OpenAI ने अतिरिक्त सुरक्षा शर्तें लागू की हैं, जिससे भविष्य में नए मॉडल्स की लॉन्चिंग धीमी हो सकती है।
वहीं, Anthropic का कहना है कि कारोबारी नुकसान होने की स्थिति में भी कंपनी मॉडल्स की लॉन्चिंग टाल सकती है। एडवांस मॉडल्स का इस्तेमाल सिर्फ कंपनियों, वैज्ञानिकों और गणित से जुड़े कामों तक सीमित रखने पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, रिसर्चर्स का मानना है कि इन मॉडल्स की इंटरनल टेस्टिंग में भी खतरे मौजूद हैं।