डॉलर का टेंशन खत्म, Claude AI के प्लान अब रुपये में, जानें पूरा हिसाब
Anthropic ने भारत में Claude AI के पेड प्लान की कीमत रुपये में दिखानी शुरू कर दी है। अब यूजर्स को डॉलर में पेमेंट करने की चिंता नहीं होगी। Claude Pro प्लान की कीमत ₹2,000 प्रति महीने से शुरू होती है। कंपनी भारत में अपना कारोबार भी तेजी से बढ़ा रही है।

In Short
- भारत में अब Claude AI का सब्सक्रिप्शन रुपये में मिलेगा।
- Claude Pro प्लान की शुरुआती कीमत ₹2,000 प्रति महीना है।
- Anthropic ने Infosys और TCS के साथ अपनी साझेदारी बढ़ाई है।
Claude Pro Plan India: AI कंपनी Anthropic ने भारत में अपने Claude AI के पेड प्लान की कीमत रुपये में दिखानी शुरू कर दी है। अब भारतीय यूजर्स को Claude का सब्सक्रिप्शन लेने के लिए अमेरिकी डॉलर में पेमेंट नहीं करना पड़ेगा।
भारत, अमेरिका के बाद Claude का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। इसलिए कंपनी यहां ज्यादा यूजर्स तक पहुंचने और पेमेंट को आसान बनाने पर ध्यान दे रही है।
पहले डॉलर में करना पड़ता था पेमेंट
अब तक भारत में Claude के पेड प्लान की कीमत डॉलर में दिखाई जाती थी। इससे यूजर्स को डॉलर और रुपये की कीमत में बदलाव का असर झेलना पड़ता था। इसके अलावा कई बैंक विदेशी पेमेंट पर अलग फीस भी लेते हैं।
अब कीमत सीधे रुपये में दिखाई जा रही है। इसमें GST और दूसरे टैक्स भी शामिल हैं। इससे यूजर्स को पहले ही पता चल जाएगा कि उन्हें कुल कितना पैसा देना है।
Claude Pro प्लान की कीमत
भारत में Claude Pro प्लान की कीमत सालाना पेमेंट करने पर करीब ₹2,000 प्रति महीना है। इसके लिए एक साथ ₹24,000 का पेमेंट करना होगा अगर यूजर हर महीने पेमेंट करना चाहता है, तो उसे ₹2,399 प्रति महीना देना होगा।
ये खबर पढ़ना न भूलें: Apple का नया iPhone 18 Pro जल्द आ सकता है, जानें क्या होगा खास
Pro प्लान में फ्री प्लान के मुकाबले करीब 5 गुना ज्यादा इस्तेमाल की लिमिट मिलती है। इसमें Sonnet 5, Opus और Fable 5 जैसे AI मॉडल का एक्सेस मिलता है। साथ ही Research Mode, Projects, Memory, Web Search, Voice Mode और Claude Code जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
Claude Max और Team प्लान
Claude Max 5x प्लान की कीमत ₹11,999 प्रति महीना है। वहीं, Max 20x प्लान के लिए ₹23,999 प्रति महीना देना होगा। इन प्लान में ज्यादा इस्तेमाल की लिमिट और नए फीचर्स का जल्दी एक्सेस मिलता है।
कंपनियों के लिए Claude Team Standard प्लान सालाना पेमेंट पर ₹2,399 प्रति यूजर प्रति महीना है। महीने के हिसाब से इसकी कीमत ₹2,999 प्रति यूजर है।
भारत में कारोबार बढ़ा रही कंपनी
Anthropic ने फरवरी 2026 में बेंगलुरु में अपना ऑफिस खोला था। कंपनी ने Infosys और TCS के साथ भी साझेदारी की है।
भारत में रुपये में कीमत शुरू करना कंपनी की बड़ी योजना का हिस्सा है। इससे छात्रों, प्रोफेशनल्स, डेवलपर्स और कंपनियों के लिए Claude का पेड प्लान लेना पहले से आसान हो जाएगा।