ChatGPT में आने वाला है बड़ा बदलाव, प्राइवेट चैट्स होंगी लॉक, आखिर क्या है OpenAI का ये नया फीचर?

OpenAI ChatGPT में एक नए चैट लॉक फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर्स को अपनी प्राइवेट बातचीत को पिन कोड या फिंगरप्रिंट जैसी सुरक्षा के पीछे रखने की सुविधा दे सकता है। एंड्रॉयड ऐप में मिले कोड से इस फीचर के संकेत मिले हैं हालांकि लॉन्च को लेकर अभी पुष्टि नहीं हुई है।

Advertisement
AI generated image

In Short

  • ChatGPT में प्राइवेट चैट्स को लॉक करने वाले फीचर के संकेत मिले
  • नए फीचर में पिन कोड या फिंगरप्रिंट ऑथेंटिकेशन मिल सकता है
  • लॉक्ड चैट्स की जानकारी ChatGPT मेमोरी फीचर से अलग रह सकती है

By Gaurav Kumar:

OpenAI कथित तौर पर ChatGPT के लिए एक ऐसे फीचर पर काम कर रहा है जो यूजर्स को अपनी प्राइवेट चैट को लॉक करने की सुविधा दे सकता है। इस फीचर में पिन कोड या फिंगरप्रिंट स्कैन जैसी ऑथेंटिकेशन सुविधा शामिल हो सकती है, जिससे यूजर्स को बातचीत की प्राइवेसी के लिए अतिरिक्त सुरक्षा मिल सकेगी।

एंड्रॉयड ऐप में मिले फीचर के संकेत

एंड्रॉयड अथॉरिटी की रिपोर्ट के अनुसार, लेटेस्ट ChatGPT एंड्रॉयड ऐप में चैट लॉक फीचर से जुड़ा एक इनएक्टिव कोड देखा गया है। इस कोड में “लॉक्ड चैट्स” और “प्रोटेक्ट चैट्स” जैसे शब्द शामिल हैं, जिससे संकेत मिलता है कि OpenAI इस फीचर पर काम कर रहा है।

हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि कंपनी इस फीचर को कब लॉन्च करेगी या इसे जारी भी किया जाएगा या नहीं।

चैट लॉक फीचर कैसे कर सकता है काम

अभी ChatGPT यूजर्स प्राइवेट या संवेदनशील बातचीत के लिए टेंपरेरी चैट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें चैट ChatGPT हिस्ट्री में सेव नहीं होती और बातचीत खत्म होने के बाद वह अकाउंट से गायब हो जाती है।

वहीं आने वाला चैट लॉक फीचर इससे अलग तरीके से काम कर सकता है। इसमें यूजर्स अपनी चैट को सेव रख सकेंगे, लेकिन उसे पिन कोड या बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन जैसी अतिरिक्त सुरक्षा के पीछे लॉक किया जा सकेगा।

लॉक्ड चैट्स में मेमोरी फीचर को लेकर सवाल

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ChatGPT के मेमोरी फीचर के साथ लॉक्ड चैट्स कैसे काम करेंगी, इसे लेकर सवाल हैं।

कोड से मिले संकेतों के मुताबिक, लॉक की गई चैट में मौजूद जानकारी केवल उसी बातचीत तक सीमित रह सकती है। अगर यूजर ने मेमोरी फीचर ऑन भी किया होगा, तो भी ChatGPT लॉक्ड चैट की जानकारी का इस्तेमाल नहीं कर सकता है।

प्राइवेट जानकारी के लिए उपयोगी हो सकता है फीचर

अगर OpenAI इस फीचर को लॉन्च करता है, तो यह कई ChatGPT यूजर्स के लिए अहम साबित हो सकता है। कई लोग ChatGPT पर निजी सवाल, मेडिकल से जुड़ी जानकारी, नौकरी के आवेदन या करियर से जुड़ी बातचीत करते हैं, जिन्हें वे दूसरों की पहुंच से दूर रखना चाहते हैं।

हालांकि अभी यह फीचर सिर्फ इनएक्टिव कोड में मिला है और OpenAI की ओर से इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Read more!
Advertisement