ChatGPT यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट! फ्री वर्जन में जवाबों के साथ दिख सकते हैं Sponsored Ads
ChatGPT के फ्री यूजर्स के लिए इस्तेमाल का तरीका बदल सकता है। सवालों के जवाब के नीचे Sponsored Ads दिखाई दे सकते हैं। OpenAI इससे कमाई का नया रास्ता तैयार कर रहा है। हालांकि, Ads आने के बाद यूजर्स की Personal Chats कितनी सुरक्षित रहेंगी, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

In Short
- hatGPT के फ्री यूजर्स को जवाबों के साथ Sponsored Ads दिखाई दे सकते हैं।
- विज्ञापन किसी जवाब के नीचे दिख सकते हैं, लेकिन हर सवाल पर Ad आना जरूरी नहीं होगा।
- OpenAI के मुताबिक Advertisers यूजर्स की Personal Chats को सीधे पढ़ नहीं सकेंगे।
आज के समय में AI लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। ऑफिस के काम से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक, अलग-अलग कामों में AI टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। इनमें ChatGPT भी काफी लोकप्रिय है। अब इसके फ्री वर्जन का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को आने वाले समय में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
ChatGPT के फ्री वर्जन में सवालों के जवाब के साथ Sponsored Ads दिखाई दे सकते हैं। यानी यूजर किसी सवाल का जवाब पढ़ रहा हो तो उसके नीचे किसी कंपनी या प्रोडक्ट का विज्ञापन नजर आ सकता है।
फ्री यूजर्स को दिख सकते हैं Ads
OpenAI अपने सब्सक्रिप्शन मॉडल के अलावा Ads के जरिए भी कमाई का रास्ता तैयार कर रहा है। ये विज्ञापन खास तौर पर उन यूजर्स को दिखाए जा सकते हैं, जो ChatGPT का फ्री वर्जन इस्तेमाल करते हैं।
हालांकि, ऐसा जरूरी नहीं है कि हर सवाल के जवाब के नीचे विज्ञापन दिखे। किस यूजर को कौन सा Ad दिखाया जाएगा, यह प्लेटफॉर्म के सिस्टम और Ad मॉडल पर निर्भर करेगा।
जवाब के नीचे कैसे दिखेगा Sponsored Ad?
मान लीजिए आपने ChatGPT से किसी प्रोडक्ट के बारे में जानकारी मांगी। ChatGPT पहले की तरह आपके सवाल का जवाब देगा, लेकिन जवाब के नीचे एक छोटा Sponsored Ad दिखाई दे सकता है।
अगर उस विज्ञापन में दिखाया गया प्रोडक्ट यूजर को पसंद आता है तो वह उसके बारे में ज्यादा जानकारी ले सकता है या उसे खरीदने की तरफ आगे बढ़ सकता है। इससे कंपनियों को संभावित ग्राहकों तक पहुंचने के लिए एक नया प्लेटफॉर्म मिल सकता है।
कंपनियां कैसे चला पाएंगी विज्ञापन?
ChatGPT पर Ads दिखाने के लिए कंपनियां OpenAI के Ads प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके जरिए कंपनियों को अपने प्रोडक्ट का विज्ञापन संभावित ग्राहकों तक पहुंचाने का मौका मिलेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनियों के लिए विज्ञापन की शुरुआती कीमत करीब 725 रुपये प्रति दिन हो सकती है। हालांकि, Ads की कीमत और उपलब्धता से जुड़े नियम समय के साथ बदल सकते हैं।
क्या Advertisers पढ़ पाएंगे आपकी Personal Chats?
यूजर्स के लिए सबसे बड़ा सवाल प्राइवेसी को लेकर है। क्या ChatGPT पर विज्ञापन देने वाली कंपनियां यूजर्स की निजी बातचीत भी देख पाएंगी?
OpenAI के मुताबिक, Advertisers यूजर्स की Personal Chats नहीं पढ़ सकेंगे। यूजर ने ChatGPT से क्या सवाल किया, क्या जानकारी शेयर की या किस विषय पर बातचीत की, यह जानकारी सीधे Advertisers के साथ शेयर नहीं की जाएगी।
Ads को सही यूजर्स तक पहुंचाने के लिए कुछ जरूरी जानकारी का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन Personal Chats Advertisers को उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी। यानी Ads आने के बावजूद यूजर की निजी बातचीत और विज्ञापन देने वाली कंपनियों के बीच अलगाव बनाए रखने की कोशिश की जाएगी।