खोए हुए ईयरबड को ChatGPT ने ढूंढ निकाला! 10 मिनट तक तलाशता रहा शख्स, फिर AI ने ऐसे किया कमाल
सफेद पत्थरों के बीच एक शख्स का ईयरबड खो गया। करीब 10 मिनट तक तलाश करने के बावजूद उसे सफलता नहीं मिली। शाम ढल रही थी और उम्मीद भी कम होती जा रही थी। तभी उसने चैटजीपीटी की मदद लेने का फैसला किया। इसके बाद जो हुआ, उसने उसे हैरान कर दिया।

In Short
- सफेद पत्थरों के बीच खो गया ईयरबड, 10 मिनट की तलाश के बाद भी नहीं मिला।
- परेशान शख्स ने चैटजीपीटी पर तस्वीरें अपलोड करके मांगी मदद।
- चैटजीपीटी ने कुछ ही मिनटों में ईयरबड ढूंढकर शख्स को कर दिया हैरान।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल अब सिर्फ सवालों के जवाब देने या जानकारी जुटाने तक सीमित नहीं है। हाल ही में एक शख्स ने चैटजीपीटी की मदद से अपना खोया हुआ ईयरबड ढूंढ निकाला। दिलचस्प बात यह है कि सफेद पत्थरों के बीच गिरे छोटे से ईयरबड को वह काफी देर तक तलाशता रहा, लेकिन जब उसने चैटजीपीटी की मदद ली तो कुछ ही मिनटों में उसकी परेशानी दूर हो गई। शख्स ने अपना यह अनुभव रेडिट पर शेयर किया है।
बेटे के पीछे दौड़ा तो जेब से गिर गया ईयरबड
यह घटना शुक्रवार शाम की है। शख्स अपने बेटे के साथ पार्क से निकलकर पार्किंग की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसका बेटा उसकी बात नहीं सुन रहा था। ऐसे में वह अपने बेटे के पीछे तेजी से दौड़ने लगा।
दौड़ते समय उसकी हुडी की आगे वाली जेब में रखा ईयरबड का केस नीचे गिर गया। जमीन से टकराते ही केस खुल गया और उसमें रखा बाईं तरफ का ईयरबड उछलकर पास के छोटे-छोटे पत्थरों के बीच जा गिरा।
परेशानी यह थी कि ईयरबड सफेद रंग का था और जमीन पर बिछे पत्थर भी लगभग उसी रंग के थे। ऐसे में उसे ढूंढना काफी मुश्किल हो गया।
10 मिनट तक तलाशता रहा, फिर भी नहीं मिला
शख्स ने बताया कि उसने करीब 10 मिनट तक ईयरबड ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। शाम हो रही थी और सूरज भी ढलने लगा था। कम होती रोशनी के कारण ईयरबड मिलने की उम्मीद और कम होती जा रही थी।
रेडिट पर अपना अनुभव शेयर करते हुए उसने बताया कि सफेद पत्थरों के बीच एक छोटा सा सफेद ईयरबड तलाशना लगभग नामुमकिन लग रहा था।
इसी बीच उसे अचानक चैटजीपीटी का ख्याल आया। वह पहले भी कई कामों के लिए इसका इस्तेमाल कर चुका था। इसलिए उसने सोचा कि क्यों न इस बार खोया हुआ ईयरबड ढूंढने के लिए इसकी मदद ली जाए।
चैटजीपीटी ने तस्वीरों से ढूंढ निकाला ईयरबड
शख्स ने जमीन पर बिखरे पत्थरों की कुछ तस्वीरें खींचीं और उन्हें चैटजीपीटी पर अपलोड कर दिया। उसने चैटबॉट से तस्वीरों में खोया हुआ ईयरबड तलाशने को कहा।
इसके बाद चैटजीपीटी ने उससे कुछ और तस्वीरें भेजने को कहा, जिनमें जमीन का हिस्सा ज्यादा करीब से दिखाई दे। शख्स ने उसके निर्देशों के मुताबिक तस्वीरों को क्रॉप करके दोबारा भेज दिया।
दावे के मुताबिक, नई तस्वीरें मिलने के एक मिनट से भी कम समय में चैटजीपीटी ने ईयरबड की पहचान कर ली। इतना ही नहीं, उसने एक तस्वीर में उस जगह को मार्क करके भी दिखाया, जहां ईयरबड पड़ा हुआ था।
नतीजा देखकर खुद हैरान रह गया शख्स
शख्स के मुताबिक, चैटजीपीटी की मदद से ईयरबड ढूंढने की पूरी प्रक्रिया में पांच मिनट भी नहीं लगे। जिस ईयरबड को वह काफी देर तक अपनी आंखों से तलाश रहा था, उसे चैटजीपीटी ने तस्वीरों की मदद से खोज निकाला।
रेडिट पोस्ट में उसने अपनी हैरानी जाहिर करते हुए बताया कि उसे यकीन ही नहीं हो रहा था कि यह तरीका सचमुच काम कर गया। उसने यह भी माना कि अगर चैटजीपीटी की मदद नहीं मिलती, तो शायद वह अपना खोया हुआ ईयरबड कभी नहीं ढूंढ पाता।