आपके घर का Smart Fridge भी हो सकता है हैक! फ्रांस में साइबर अटैक से मचा हड़कंप, जानें कैसे बचें
क्या आपके घर का स्मार्ट फ्रिज भी हैक हो सकता है? फ्रांस में हुए साइबर अटैक ने इंटरनेट से जुड़े उपकरणों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 350 सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम प्रभावित हुए और खाने-पीने का सामान खराब हो गया। जानिए हैकर्स स्मार्ट डिवाइस को कैसे निशाना बनाते हैं और इनसे बचने के आसान तरीके क्या हैं।

In Short
- फ्रांस में साइबर अटैक से करीब 350 सुपरमार्केट प्रभावित।
- हैकर्स ने रेफ्रिजरेशन सिस्टम से छेड़छाड़ कर तापमान बढ़ाया।
आजकल घरों में स्मार्ट टीवी, स्मार्ट फ्रिज, सिक्योरिटी कैमरे और इंटरनेट से चलने वाले कई उपकरण इस्तेमाल हो रहे हैं। ये हमारी जिंदगी आसान बनाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि हैकर्स इन्हें भी निशाना बना सकते हैं? फ्रांस में हुए एक साइबर अटैक ने इस खतरे को उजागर किया है। यहां हैकर्स ने सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को दूर से कंट्रोल कर खाने-पीने का सामान खराब कर दिया।
फ्रांस में क्या हुआ?
न्यूज एजेंसी Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस में करीब 350 सुपरमार्केट साइबर अटैक से प्रभावित हुए। हैकर्स ने दुकानों के सामान ठंडा रखने वाले सिस्टम में छेड़छाड़ की और उन्हें डीफ्रॉस्ट मोड में डाल दिया।
इससे तापमान बढ़कर कथित तौर पर 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और खाने-पीने का सामान खराब हो गया।
हालांकि, यह हमला घरों में इस्तेमाल होने वाले स्मार्ट फ्रिज पर नहीं, बल्कि दुकानों के बड़े रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर हुआ था।
हैकर्स कैसे कर सकते हैं स्मार्ट फ्रिज को कंट्रोल?
आजकल कई स्मार्ट फ्रिज Wi-Fi से कनेक्ट होते हैं। इन्हें मोबाइल ऐप के जरिए कंट्रोल किया जा सकता है और तापमान भी बदला जा सकता है।
अगर किसी डिवाइस का सॉफ्टवेयर पुराना है या पासवर्ड कमजोर है, तो हैकर्स सुरक्षा की खामियों का फायदा उठा सकते हैं।
ऐसा खतरा सिर्फ स्मार्ट फ्रिज तक सीमित नहीं है। स्मार्ट टीवी, सिक्योरिटी कैमरे, डिजिटल लॉक और इंटरनेट से जुड़ी कारें भी साइबर हमलों का शिकार हो सकती हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
साल 2015 में रिसर्चर्स ने Samsung के स्मार्ट फ्रिज में ऐसी खामी दिखाई थी, जिससे कुछ इंटरनेट डेटा को बीच में पकड़ा जा सकता था।
उसी साल Jeep की एक कार के सिस्टम को दूर से हैक करने का प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद करीब 14 लाख गाड़ियों को रिकॉल करना पड़ा।
Kia की कुछ कारों में भी सुरक्षा खामियां मिली थीं, जिनसे नंबर प्लेट की जानकारी के जरिए गाड़ी को ट्रैक, अनलॉक और स्टार्ट किया जा सकता था। बाद में कंपनी ने इन खामियों को ठीक कर दिया।
अपने स्मार्ट डिवाइस को हैकर्स से कैसे बचाएं?
भारत के टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग सेंटर (TEC) की सलाह के मुताबिक, कुछ सावधानियां अपनाकर खतरा कम किया जा सकता है।
-
स्मार्ट डिवाइस और Wi-Fi राउटर का सॉफ्टवेयर अपडेट रखें।
-
डिफ़ॉल्ट पासवर्ड बदलें और मज़बूत पासवर्ड लगाएं।
-
जहां उपलब्ध हो, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें।
-
नया डिवाइस खरीदते समय सिक्योरिटी अपडेट की जानकारी लें।
ध्यान रखें, इंटरनेट से जुड़ा हर डिवाइस हैक होगा, ऐसा जरूरी नहीं है। लेकिन सही सुरक्षा और नियमित अपडेट से साइबर अटैक का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।