एयर प्यूरीफायर खरीदते वक्त अगर इन 5 बातों का ध्यान नहीं रखा तो पैसें होंगे बर्बाद, फटाफट करें चेक
दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान बढ़ता प्रदूषण लोगों की चिंता बढ़ा देता है। ऐसे में घर की हवा साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर खरीदना एक विकल्प है। लेकिन क्या हर एयर प्यूरीफायर आपके कमरे के लिए सही है? खरीदारी से पहले कुछ जरूरी बातें जानना आपको महंगी गलती से बचा सकता है।

In Short
- दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान बढ़ता प्रदूषण सेहत के लिए बन सकता है खतरा।
- एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले HEPA फिल्टर और CADR रेटिंग चेक करना जरूरी।
- गलत एयर प्यूरीफायर चुनने से बढ़ सकता है खर्च, खरीदारी से पहले जानें 5 जरूरी बातें।
दिल्ली-NCR में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही प्रदूषण की समस्या बढ़ने लगती है। कई बार हवा इतनी खराब हो जाती है कि लोगों को सांस लेने में भी परेशानी होने लगती है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बढ़ने से सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में लोग अपने घरों की हवा साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर खरीदते हैं।
हालांकि, बिना सही जानकारी के एयर प्यूरीफायर खरीदना महंगा पड़ सकता है। अगर आप भी नया एयर प्यूरीफायर लेने की सोच रहे हैं, तो खरीदारी से पहले इन 5 जरूरी बातों को जरूर चेक करें।
1. HEPA फिल्टर की क्वालिटी जरूर देखें
एयर प्यूरीफायर खरीदते समय सबसे पहले उसका फिल्टर चेक करें। HEPA यानी हाई एफिशिएंसी पार्टिकुलेट एयर फिल्टर हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के छोटे कणों को हटाने में मदद करता है। अच्छी क्वालिटी का True HEPA फिल्टर 0.3 माइक्रोन आकार के 99.97% पार्टिकल्स को फिल्टर कर सकता है। इसलिए सिर्फ कम कीमत देखकर एयर प्यूरीफायर खरीदने की गलती न करें।
2. CADR रेटिंग चेक करना है जरूरी
CADR यानी क्लीन एयर डिलीवरी रेट बताता है कि एयर प्यूरीफायर कितनी तेजी से हवा साफ कर सकता है। छोटे कमरे के लिए 100-150 CADR वाला मॉडल पर्याप्त हो सकता है। वहीं, बड़े कमरे के लिए 200-300 या उससे ज्यादा CADR की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, सही रेटिंग कमरे के आकार और मशीन की क्षमता पर निर्भर करती है।
3. कमरे के साइज के हिसाब से करें खरीदारी
हर एयर प्यूरीफायर की हवा साफ करने की क्षमता अलग होती है। अगर आपका कमरा बड़ा है और आपने कम कवरेज वाला मॉडल खरीद लिया, तो वह पूरे कमरे की हवा ठीक से साफ नहीं कर पाएगा। इसलिए खरीदने से पहले कंपनी की बताई गई रूम कवरेज जरूर देखें। बड़े हॉल के लिए ज्यादा कवरेज वाला मॉडल चुनना बेहतर रहेगा।
4. फिल्टर बदलने का खर्च भी जान लें
एयर प्यूरीफायर खरीदते समय केवल उसकी कीमत पर ध्यान न दें। यह भी पता करें कि फिल्टर कितने समय बाद बदलना होगा और नया फिल्टर कितने रुपये में मिलेगा। कई सस्ते मॉडल के रिप्लेसमेंट फिल्टर महंगे होते हैं। इसलिए फिल्टर की कीमत और बाजार में उसकी उपलब्धता जरूर चेक करें।
5. बिजली की खपत और आवाज पर भी दें ध्यान
सर्दियों में एयर प्यूरीफायर को लंबे समय तक चलाना पड़ सकता है। इसलिए उसकी बिजली खपत की जानकारी जरूर लें। अगर बेडरूम के लिए खरीद रहे हैं, तो कम आवाज वाला मॉडल चुनें। साथ ही स्लीप मोड और नॉइज लेवल भी चेक करें।
इन बातों का रखें ध्यान
एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले इन पांच बातों को ध्यान में रखकर आप अपनी जरूरत के हिसाब से सही मॉडल चुन सकते हैं। इससे घर की हवा साफ रखने में मदद मिलेगी और बेवजह पैसे खर्च करने से भी बच सकेंगे।