BT India@100: LinkedIn पर हर पोस्ट की नहीं मिलेगी छूट, कुमारेश ने बताया कंटेंट मॉडरेशन का पूरा नियम

लिंक्डइन अब सिर्फ नौकरी और नेटवर्किंग का प्लेटफॉर्म नहीं रह गया है। बढ़ती चर्चाओं और राय रखने के चलन के बीच कंपनी ने कंटेंट मॉडरेशन को लेकर अपना रुख साफ किया है। लिंक्डइन का कहना है कि प्लेटफॉर्म पर बातचीत की जगह है, लेकिन प्रोफेशनल पहचान बनाए रखने के लिए नियमों का पालन जरूरी है।

Advertisement
AI gneerated image

By Gaurav Kumar:

BT India@100: भारत में लिंक्डइन का इस्तेमाल अब सिर्फ नौकरी, हायरिंग और नेटवर्किंग तक सीमित नहीं रह गया है। प्रोफेशनल्स, फाउंडर्स और क्रिएटर्स अब इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अपनी राय रखने, चर्चा करने और अपनी पहचान बनाने के लिए भी कर रहे हैं। ऐसे में भड़काऊ या मानहानि वाले पोस्ट को लेकर लिंक्डइन ने अपनी नीति साफ कर दी है।

Business Today India@100 Summit में बात करते हुए लिंक्डइन इंडिया ने बताया कि प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी प्राथमिकता यूजर्स का भरोसा बनाए रखना है और कंटेंट मॉडरेशन उसकी प्रोफेशनल पहचान का अहम हिस्सा रहेगा।

लिंक्डइन ने कहा यह फ्री स्पीच प्लेटफॉर्म नहीं है

लिंक्डइन इंडिया के अधिकारी कुमारेश ने कहा कि लिंक्डइन कोई फ्री स्पीच प्लेटफॉर्म नहीं है, बल्कि यह आर्थिक अवसरों से जुड़ा प्लेटफॉर्म है।

उन्होंने बताया कि किसी भी पोस्ट की जांच के लिए एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रिपोर्ट किए गए मामलों में ह्यूमन रिव्यू का इस्तेमाल किया जाता है। इसके जरिए यह देखा जाता है कि कंटेंट कंपनी की कम्युनिटी गाइडलाइंस का पालन कर रहा है या नहीं।

प्रोफेशनल चर्चा और विवादित कंटेंट के बीच संतुलन

लिंक्डइन पर अब लोग सिर्फ नौकरी या करियर से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करते, बल्कि बिजनेस, वर्कप्लेस और बड़े मुद्दों पर अपनी राय भी रखते हैं।

कंपनी के सामने चुनौती यह है कि प्लेटफॉर्म पर बातचीत और विचारों को जगह मिले, लेकिन इसकी प्रोफेशनल पहचान भी बनी रहे। इसलिए लिंक्डइन का कहना है कि चर्चा जरूरी है, लेकिन वह सम्मानजनक प्रोफेशनल व्यवहार की सीमा में होनी चाहिए।

आपत्तिजनक पोस्ट पर ऐसे होती है कार्रवाई

कुमारेश ने बताया कि अगर कोई यूजर किसी पोस्ट को गलत या नियमों के खिलाफ मानता है तो वह उसे रिपोर्ट कर सकता है। इसके बाद लिंक्डइन अपनी नीतियों के आधार पर उस कंटेंट की समीक्षा करता है।

कंपनी का कहना है कि आर्थिक अवसरों और दुनिया को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर बातचीत का स्वागत है। खासकर एआई जैसे विषयों पर चर्चा जरूरी है क्योंकि इसका असर वर्कफोर्स और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।

भारत में बदल रही सोशल मीडिया की तस्वीर

भारत में सोशल मीडिया का इस्तेमाल तेजी से बदल रहा है। युवा प्रोफेशनल्स अब अपनी ऑनलाइन पहचान को करियर और बिजनेस अवसरों से जोड़ रहे हैं।

लिंक्डइन ने कहा कि उसका फोकस नौकरी, मेंटरशिप, बिजनेस डील और निवेश जैसे क्षेत्रों से जुड़े समुदाय को मजबूत करना है। ऐसे में कंटेंट मॉडरेशन सिर्फ सुरक्षा का कदम नहीं बल्कि प्लेटफॉर्म की रणनीति का जरूरी हिस्सा है।
 

Read more!
Advertisement