65 करोड़ ग्राहकों के साथ एयरटेल बना दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी, रचा नया कीर्तिमान

भारती एयरटेल ने 650 मिलियन ग्राहकों का आंकड़ा पार कर दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बनने का मुकाम हासिल किया है। भारत और अफ्रीका में मजबूत मौजूदगी, 5G सेवाएं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और नई तकनीकों में निवेश से कंपनी लगातार अपनी पहुंच और सेवाओं का विस्तार कर रही है।

Advertisement

In Short

  • Bharti Airtel ने 65 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा पार कर दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बनने का मुकाम हासिल किया
  • भारत और अफ्रीका में मजबूत मौजूदगी के साथ 5G, AirFiber, डिजिटल टीवी और AI आधारित सेवाओं का तेजी से विस्तार
  • OneWeb और SpaceX के साथ साझेदारी से सैटेलाइट इंटरनेट और नई टेक्नोलॉजी में लगातार निवेश

By Gaurav Kumar:

Bharti Airtel: भारत की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) ने नया कीर्तिमान बनाया है। कंपनी ने आज बताया कि वो अब दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई है जिसने 650 मिलियन यानी 65 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा पार किया है।

GSMA Intelligence के अनुसार, एयरटेल मोबाइल ग्राहक आधार के मामले में दुनिया स्तर पर दूसरे स्थान पर है और इसके ऑपरेशंस भारत और अफ्रीका में फैले हुए हैं।

भारत में कंपनी के पास 368 मिलियन यानी 36.8 करोड़ से ज्यादा मोबाइल ग्राहक हैं और यह 5G Plus सेवा लॉन्च करने वाली पहली कंपनी रही है, जिसके साथ Xstream AirFiber और IPTV जैसी सेवाएं भी जुड़ी हैं।

एयरटेल 13 मिलियन यानी 1.3 करोड़ से अधिक घरों को हाई-स्पीड इंटरनेट और 15 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को डिजिटल टीवी सेवा दे रही है, साथ ही AI आधारित स्पैम कॉल प्रोटेक्शन भी प्रदान कर रही है।

इसके अलावा Airtel Business के जरिए कंपनी एंटरप्राइज ग्राहकों को क्लाउड, साइबर सिक्योरिटी, IoT और अन्य डिजिटल समाधान देती है, जो 4 लाख किलोमीटर से ज्यादा सबसी फाइबर नेटवर्क और Nxtra के ग्रीन डेटा सेंटर से संचालित होते हैं।

कंपनी ने NBFC सेक्टर में भी एंट्री की घोषणा की है, जिसके तहत Airtel ऐप के जरिए ग्राहकों को पर्सनलाइज्ड लोन और फाइनेंशियल सेवाएं दी जाएंगी।

वहीं अफ्रीका में Airtel के 179 मिलियन यानी 17.9 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं और Airtel Money प्लेटफॉर्म के जरिए 52 मिलियन (5.2 करोड़) यूजर्स को डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग सुविधाएं मिल रही हैं।

इसके अलावा एयरटेल Eutelsat OneWeb और SpaceX के साथ साझेदारी कर LEO सैटेलाइट्स के जरिए दूरदराज इलाकों, समुद्री और हवाई क्षेत्रों में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने का काम भी कर रही है।

कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्ठल (Gopal Vittal) ने इस उपलब्धि पर कहा कि 650 मिलियन (65 करोड़) ग्राहकों तक पहुंचना और दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बनना कंपनी के लिए गर्व के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि एयरटेल का लक्ष्य सिर्फ कनेक्टिविटी देना नहीं है, बल्कि ग्राहकों को एक सुरक्षित और भरोसेमंद नेटवर्क देना भी है। इसी वजह से कंपनी लगातार नई और आधुनिक तकनीकों में निवेश कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि जैसे-जैसे एयरटेल अपनी मौजूदगी को और मजबूत और विस्तारित करेगी, वह इनोवेशन, विश्वसनीयता और बेहतर ग्राहक अनुभव के नए मानक स्थापित करने पर ध्यान देगी, ताकि हर ग्राहक के साथ जुड़ाव भरोसा और मूल्य देने का मौका बन सके।

पहले नंबर पर कौन?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन की कंपनी चाइना मोबाइल (China Mobile) दुनिया की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है जिसके पास 1 बिलियन से अधिक यानी 100 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं।

Read more!
Advertisement