बेंगलुरु की सड़कों के गड्ढों से परेशान लोगों के लिए AI समाधान, बेंगलुरु के शख्स ने बनाया ये खास सिस्टम

बेंगलुरु की सड़कों के गड्ढों से निपटने के लिए एक AI सिस्टम तैयार किया गया है, जो चलते वाहन से सड़क की खराबी पहचान सकता है। यह सिर्फ गड्ढों की लोकेशन ही नहीं बताता, बल्कि संबंधित ठेकेदार और अधिकारी की जानकारी जुटाकर शिकायत दर्ज करने में भी मदद करता है।

Advertisement
AI generated image

In Short

  • AI सिस्टम ने कार से सफर के दौरान 12 गड्ढों की पहचान कर उनका डेटा तैयार किया।
  • डैशकैम, GPS और सेंसर की मदद से सिस्टम गड्ढों को पहचानकर उनका आकार भी तय करता है।
  • AI एप्लिकेशन करीब 2,900 सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स से सड़क, ठेकेदार और अधिकारी की जानकारी जोड़ता है।

By Gaurav Kumar:

AI Pothole Detection System: बेंगलुरु की सड़कों पर बने गहरे गड्ढे लंबे समय से वाहन चालकों के लिए परेशानी बने हुए हैं। कई बार ये गड्ढे हादसों की वजह भी बनते हैं। इसी समस्या को तकनीक की मदद से हल करने के लिए इंटरव्यूरेडी के फाउंडर गौरव सेन ने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम तैयार किया है, जो चलते वाहन से गड्ढों की पहचान कर उनकी लोकेशन और मरम्मत के लिए जिम्मेदार सरकारी ठेकेदार की जानकारी जुटा सकता है।

सफर के दौरान AI ने खोजे 12 गड्ढे

गौरव सेन ने अपने ऑफिस जाने के रास्ते पर इस सिस्टम का परीक्षण किया। इस दौरान AI सिस्टम ने उनके रूट पर 12 गड्ढों की पहचान की और उनके सबूत के साथ बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) में शिकायत दर्ज करने के लिए डेटा तैयार किया।

इस सिस्टम का वीडियो इंस्टाग्राम पर ChatGPT इंडिया के साथ शेयर किया गया और बाद में इसे एक्स (पहले ट्विटर) पर भी पोस्ट किया गया। वीडियो को लोगों ने काफी पसंद किया और कई यूजर्स ने सुझाव दिया कि ऐसी तकनीक का इस्तेमाल सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के लिए किया जाना चाहिए।

कार में लगे कैमरे और सेंसर से करता है काम

यह AI सिस्टम कार में लगाए गए डैशकैम, GPS यूनिट और एक्सेलेरोमीटर की मदद से काम करता है। गाड़ी चलते समय कैमरा सड़क की वीडियो रिकॉर्ड करता है और सेंसर लगातार डेटा भेजते रहते हैं।

AI विजन मॉडल इस फुटेज को देखकर गड्ढों की पहचान करता है और उन्हें छोटे, मध्यम या बड़े आकार की श्रेणी में बांटता है। सिस्टम स्पीड ब्रेकर और गड्ढों के बीच अंतर भी पहचान सकता है।

गौरव सेन ने इस एप्लिकेशन को तैयार करने के लिए OpenAI के Codex का इस्तेमाल किया। यह सिस्टम लाइव डेटा को कैप्चर कर OpenAI मॉडल्स के जरिए उसका विश्लेषण करता है।

AI बताएगा किस ठेकेदार की जिम्मेदारी है सड़क

सिर्फ गड्ढे की पहचान करना ही इस सिस्टम का काम नहीं है। गौरव सेन ने इसमें करीब 2,900 सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स को स्कैन करने की सुविधा भी जोड़ी है।

यह सिस्टम सड़क के हिस्से को उसके संबंधित टेंडर, ठेकेदार और निगरानी करने वाले सरकारी अधिकारी से जोड़ देता है। इससे यह पता चल सकता है कि खराब सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी किसकी है।

अगर सड़क अभी वारंटी अवधि में है, तो ठेकेदार को बिना अतिरिक्त सरकारी खर्च के उसे ठीक करना होगा। सिस्टम सिर्फ चार सेकंड में तस्वीर, लोकेशन, टेंडर आईडी और संबंधित अधिकारी की जानकारी के साथ शिकायत रिकॉर्ड तैयार कर सकता है।
 

Read more!
Advertisement