John Ternus बने Apple CEO तो कितना बढ़ा पैकेज? Tim Cook की कमाई भी जानिए!
Apple में Tim Cook के बाद John Ternus के हाथों में कंपनी की कमान आ गई है। CEO की कुर्सी बदलने के साथ दोनों अधिकारियों के नए पे पैकेज का भी खुलासा हुआ है। Ternus को इस वित्त वर्ष के लिए करीब 58 मिलियन डॉलर का टारगेट कंपनसेशन मिलेगा, जबकि Cook को Executive Chairman के तौर पर करीब 47 मिलियन डॉलर मिलेंगे।

In Short
- John Ternus का टारगेट कंपनसेशन करीब 58 मिलियन डॉलर रखा गया है
- कुक की नई भूमिका में $2 मिलियन की सैलरी और $45 मिलियन की इक्विटी शामिल है.
- टर्नस की ज़्यादातर इक्विटी Apple के S&P 500 परफ़ॉर्मेंस पर निर्भर करेगी.
Apple में Tim Cook के बाद John Ternus ने CEO के तौर पर कंपनी की कमान संभाल ली है। नेतृत्व में इस बदलाव के साथ Apple ने दोनों अधिकारियों के नए कंपनसेशन पैकेज का भी खुलासा किया है। US Securities and Exchange Commission यानी SEC में दाखिल नई फाइलिंग के मुताबिक, Ternus का इस वित्त वर्ष के लिए टारगेट कंपनसेशन करीब 58 मिलियन डॉलर यानी लगभग 551 करोड़ रुपये है। वहीं Tim Cook को Executive Chairman के तौर पर करीब 47 मिलियन डॉलर यानी लगभग 446 करोड़ रुपये मिलेंगे।
John Ternus के पैकेज में क्या शामिल है?
Ternus के पैकेज में 3 मिलियन डॉलर की सालाना सैलरी और अगले साल के लिए 55 मिलियन डॉलर का टारगेट स्टॉक अवॉर्ड शामिल है। Apple ने यह भी बताया कि वित्त वर्ष 2026 में Ternus को करीब 2.5 मिलियन डॉलर का प्रो-रेटेड Restricted Stock Unit यानी RSU अवॉर्ड मिलेगा।
उनके वित्त वर्ष 2027 के बड़े इक्विटी अवॉर्ड का 75% हिस्सा परफॉर्मेंस-बेस्ड RSU होगा। यह S&P 500 में शामिल दूसरी कंपनियों के मुकाबले Apple के कुल शेयरहोल्डर रिटर्न से जुड़ा रहेगा। बाकी 25% टाइम-बेस्ड RSU होगा, जो चार साल में बराबर छमाही किश्तों में मिलेगा।
Tim Cook को मिलेगा 47 मिलियन डॉलर का पैकेज
Tim Cook अब CEO नहीं बल्कि Executive Chairman की भूमिका में हैं। उनके पैकेज में 2 मिलियन डॉलर की सालाना सैलरी और वित्त वर्ष 2027 के लिए 45 मिलियन डॉलर का प्लान किया गया स्टॉक अवॉर्ड शामिल है।
Cook के इक्विटी अवॉर्ड का 50% हिस्सा परफॉर्मेंस-बेस्ड और बाकी 50% टाइम-बेस्ड RSU होगा। टाइम-बेस्ड RSU चार साल में मिलेंगे। खास बात यह है कि अगर Cook ग्रांट की तारीख की पहली सालगिरह पर या उसके बाद रिटायर होते हैं तो भी उन्हें ये शेयर मिलेंगे, लेकिन तय वेस्टिंग तारीखों पर।
CEO रहते कितनी कमाई करते थे Tim Cook?
CEO के तौर पर Tim Cook की सालाना सैलरी 3 मिलियन डॉलर थी। 2025 में उनका कुल पे पैकेज 74.3 मिलियन डॉलर था। इसमें 3 मिलियन डॉलर की सैलरी, 12 मिलियन डॉलर का परफॉर्मेंस-बेस्ड कैश अवॉर्ड और 57.5 मिलियन डॉलर का स्टॉक अवॉर्ड शामिल था।
Ternus और Cook के स्टॉक अवॉर्ड की वास्तविक वैल्यू Apple के शेयर की कीमत के साथ बढ़ या घट सकती है। फाइलिंग में किसी नए कैश बोनस का जिक्र नहीं किया गया है।
Cook के बाद Apple की कमान Ternus के हाथों में
Tim Cook ने अगस्त 2011 में Steve Jobs की जगह Apple CEO का पद संभाला था। करीब 15 साल के कार्यकाल में Apple का वैल्यूएशन 350 बिलियन डॉलर से बढ़कर 4.5 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गया।
अब John Ternus के सामने इस मजबूत विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती है। 2001 में Apple से जुड़े Ternus इससे पहले Hardware Engineering के Senior Vice President थे और iPhone, Mac, iPad और AirPods जैसे प्रमुख प्रोडक्ट्स के विकास में अहम भूमिका निभा चुके हैं।