Apple Pay भारत में लॉन्च, लेकिन UPI से कितना अलग? जानिए दोनों में क्या है फर्क

Apple Pay आखिरकार 12 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत में लॉन्च हो गया है। फिलहाल यह चुनिंदा Axis Bank क्रेडिट कार्ड के साथ काम करेगा। ऐसे में सवाल है कि Apple Pay और भारत के सबसे लोकप्रिय UPI पेमेंट सिस्टम में आखिर कितना फर्क है और दोनों में पेमेंट कैसे होता है?

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

Apple Pay आखिरकार भारत में लॉन्च हो गया है। अमेरिका में 2014 में लॉन्च हुई यह सर्विस 12 साल के बाद इंडिया आई है। Apple Pay को यूजर्स iPhone, iPad और Apple Watch पर इस्तेमाल कर सकेंगे। फिलहाल शुरुआत में एप्पल पे सिर्फ Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड के साथ काम करेगा। डेबिट कार्ड, RuPay और दूसरे बैंकों के कार्ड फिलहाल सपोर्टेड नहीं हैं।

भारत में जब पेमेंट की बात आती है तो यूपीआई का जिक्र होता है। हालांकि अभी एप्पल पे में UPI का सपोर्ट नहीं है। चलिए जानते हैं एप्पल पे भारत के यूपीआई से कितना अलग है?

UPI और Apple Pay में क्या अंतर है?

सबसे बड़ा अंतर पेमेंट का सोर्स है। UPI सीधे बैंक अकाउंट से पैसा काटता है, जबकि Apple Pay में पेमेंट आपके Apple Wallet में जुड़े कार्ड के जरिए होता है।

UPI में यूजर QR कोड स्कैन करके, UPI ID डालकर या मोबाइल नंबर जैसे ऑप्शन से भुगतान कर सकता है। दूसरी तरफ Apple Pay का एक्सपीरियंस मुख्य रूप से फोन या स्मार्टवॉच को NFC मशीन के पास टैप करने पर आधारित है।

QR कोड के मामले में भी बड़ा अंतर

भारत में UPI की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण QR कोड है। सड़क किनारे दुकान से लेकर बड़े मॉल तक, ज्यादातर जगहों पर QR कोड के जरिए UPI पेमेंट किया जा सकता है।

Apple Pay का मौजूदा मॉडल इस तरह के QR-based इकोसिस्टम का ऑप्शन नहीं है। इसका मुख्य इस्तेमाल उन दुकानों पर होगा जहां contactless/NFC पेमेंट टर्मिनल उपलब्ध है।

क्या Apple Pay भारत में UPI की जगह ले सकता है?

फिलहाल इसे UPI का सीधा ऑप्शन कहना सही नहीं होगा। दोनों का इस्तेमाल डिजिटल पेमेंट के लिए होता है, लेकिन दोनों का मॉडल अलग है। UPI बैंक अकाउंट से सीधे पेमेंट करने के लिए है, जबकि Apple Pay फिलहाल कार्ड से contactless पेमेंट करने का तरीका है।

इसके अलावा UPI का भारतीय बाजार में बड़ा नेटवर्क पहले से मौजूद है। Apple Pay की शुरुआत अभी सिर्फ एक बैंक के चुनिंदा क्रेडिट कार्ड से हुई है।

Apple Pay से भारतीय यूजर्स को क्या फायदा होगा?

जिन यूजर्स के पास योग्य Axis Bank Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड है, उनके लिए Apple Pay का सबसे बड़ा फायदा सुविधा हो सकता है। उन्हें हर बार फिजिकल कार्ड निकालने की जरूरत नहीं होगी।

iPhone या Apple Watch से सीधे टैप करके पेमेंट किया जा सकेगा। खासतौर पर उन यूजर्स के लिए यह सुविधाजनक हो सकता है जो पहले से Apple ecosystem का इस्तेमाल करते हैं।

Apple Pay के लिए सबसे बड़ी चुनौती क्या है?

भारत में Apple Pay की एंट्री ऐसे समय हुई है जब UPI पहले ही रोजमर्रा के डिजिटल पेमेंट का बड़ा हिस्सा बन चुका है। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबार तक QR आधारित भुगतान काफी आम है।

ऐसे में Apple Pay को भारतीय यूजर्स के लिए सिर्फ एक नया पेमेंट ऐप नहीं, बल्कि एक अलग तरह का कार्ड-आधारित पेमेंट अनुभव समझना ज्यादा सही होगा।

Read more!
Advertisement