MacBook Neo, iPhone 17e, M4 iPad Air सहित एप्पल ने लॉन्च किए ये प्रोडक्ट्स - चेक करें प्राइस और अन्य डिटेल्स
Apple अलग-अलग कीमत वाले सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहता है। चलिए जानते हैं एप्पल ने बुधवार को कौन-कौन से नए प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं।

Apple New Products Launch: Apple ने बीते बुधवार को अपने इवेंट में कई नए प्रोडक्ट्स को लॉन्च किया है। कंपनी ने इस इवेंट में नया iPhone, अपडेटेड iPad, कई MacBook मॉडल, नए प्रोसेसर, प्रोफेशनल डिस्प्ले और एक्सेसरी कई कलर ऑप्शन में पेश किए हैं।
इन लॉन्च से साफ है कि Apple अलग-अलग कीमत वाले सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहता है। चलिए जानते हैं एप्पल ने बुधवार को कौन-कौन से नए प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं।
iPhone 17e
Apple ने iPhone 17e को लॉन्च किया है। इस फोन की शुरुआती कीमत 64,900 रुपये है और इसकी बिक्री 11 मार्च से शुरू होगी। कम कीमत वाले iPhone होने के बावजूद इसमें वही A19 चिप दी गई है जो स्टैंडर्ड iPhone 17 में इस्तेमाल होती है। कंपनी ने शुरुआती स्टोरेज को भी बढ़ाकर 256GB कर दिया है।
यह नया फोन अब MagSafe और Qi2 वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करता है, जिससे 15W तक वायरलेस चार्जिंग मिलती है। कैमरे की बात करें तो इसमें 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है।
Apple ने इसमें नया C1X सेल्युलर मॉडेम भी पेश किया है। कंपनी का कहना है कि यह पुराने C1 मॉडेम से दोगुना तेज है और iPhone 16 Pro में इस्तेमाल मॉडेम की तुलना में करीब 30 प्रतिशत कम पावर खर्च करता है, जिससे बैटरी एफिशिएंसी बेहतर हो सकती है। यह फोन ब्लैक, व्हाइट और सॉफ्ट पिंक रंग में उपलब्ध होगा।
M4 चिप के साथ नया iPad Air
Apple ने iPad Air को भी अपडेट करते हुए इसमें M4 चिप दी है। कंपनी के मुताबिक नया मॉडल M3 वर्जन की तुलना में करीब 30 प्रतिशत तेज और M1 वाले iPad Air से दोगुने से ज्यादा तेज है।
कीमत पहले जैसी ही रखी गई है। 11-इंच मॉडल की कीमत 64,900 रुपये और 13-इंच वर्जन की कीमत 84,900 रुपये है। इसमें 8-कोर CPU, 9-कोर GPU और 12GB यूनिफाइड मेमोरी दी गई है। मेमोरी बैंडविड्थ को बढ़ाकर 120GB/s किया गया है, जिससे Apple के अनुसार AI से जुड़े काम बेहतर तरीके से संभाले जा सकते हैं।
MacBook Pro और MacBook Air में आया नया चिप
कंपनी ने MacBook Pro के नए मॉडल भी पेश किए हैं, जो M5 Pro और M5 Max चिप पर चलते हैं। कंपनी के मुताबिक ये सिस्टम AI वर्कलोड को पिछले जेनरेशन की तुलना में चार गुना तक तेज प्रोसेस कर सकते हैं।
14-इंच MacBook Pro (M5 Pro) की शुरुआती कीमत 2,49,900 रुपये है, जबकि 16-इंच मॉडल 2,99,900 रुपये से शुरू होता है। M5 Max चिप वाले वेरिएंट की कीमत 3,99,900 रुपये से शुरू होती है।
दूसरी तरफ MacBook Air में भी M5 चिप दी गई है। 13-इंच मॉडल की कीमत 1,19,900 रुपये और 15-इंच वर्जन 1,44,900 रुपये से शुरू होता है। कंपनी के मुताबिक यह लैपटॉप 18 घंटे तक की बैटरी लाइफ दे सकता है।
MacBook Neo
एप्पल ने अब तक का अपने सबसे सस्ते मैकबुक को लॉन्च किया है। एप्पल ने इसका नाम MacBook Neo रखा है। यह Apple का नया एंट्री-लेवल लैपटॉप है, जिसकी शुरुआती कीमत 69,900 रुपये है।
यह A18 Pro चिप पर चलता है, जो iPhone 16 Pro सीरीज में भी इस्तेमाल होती है। 13-इंच लैपटॉप में शुरुआती स्टोरेज 256GB है, जबकि 84,900 रुपये वाले वर्जन में 512GB स्टोरेज और Touch ID मिलता है।
Apple का कहना है कि यह लैपटॉप ब्राउज़िंग, डॉक्यूमेंट वर्क और स्ट्रीमिंग जैसे रोज़मर्रा के कामों के लिए बनाया गया है और यह 16 घंटे तक की बैटरी लाइफ दे सकता है।
प्रोफेशनल Studio Display और नए एक्सेसरी कलर
Apple ने प्रोफेशनल यूजर्स के लिए अपडेटेड Studio Display और Studio Display XDR भी पेश किए। स्टैंडर्ड Studio Display की कीमत 1,89,900 रुपये है, जबकि Studio Display XDR 3,99,900 रुपये में आता है।
दोनों में 12-मेगापिक्सल Center Stage कैमरा और Desk View फीचर मिलता है। इसके साथ ही Apple ने iPhone केस और Apple Watch बैंड के लिए नए रंग भी पेश किए हैं, जिनमें Bright Guava, Vanilla, Electric Lavender और Clementine जैसे विकल्प शामिल हैं।
प्रदर्शन और AI पर फोकस
Apple अपनी पूरी हार्डवेयर लाइनअप में तेज प्रदर्शन, बेहतर AI क्षमताएं, ज्यादा स्टोरेज और लंबी बैटरी लाइफ पर जोर दे रहा है। एंट्री-लेवल MacBook Neo से लेकर M5 चिप वाले MacBook Pro तक कंपनी अलग-अलग यूजर सेगमेंट को टार्गेट कर रही है।