Apple अब आपके घर को बनाएगी स्मार्ट ? LG के साथ मिलकर कर रही ये तैयारी
Apple अपने स्मार्ट होम इकोसिस्टम को बड़ा करने के लिए LG Electronics के साथ मिलकर कई नए डिवाइस पर काम कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें वीडियो डोरबेल, स्मार्ट लॉक, थर्मोस्टेट और सिक्योरिटी कैमरे शामिल हो सकते हैं। इन डिवाइस पर LG की ब्रांडिंग देखने को मिल सकती है।

In Short
- Apple और LG मिलकर वीडियो डोरबेल, स्मार्ट लॉक, थर्मोस्टेट और सिक्योरिटी कैमरे जैसे स्मार्ट होम डिवाइस पर काम कर सकते हैं।
- इन प्रोडक्ट्स पर LG की ब्रांडिंग हो सकती है, जबकि Apple डिजाइन, फीचर्स और इंजीनियरिंग में योगदान दे सकती है।
- LG के स्मार्ट होम डिवाइस Apple के आने वाले स्मार्ट होम हब के साथ काम करने के लिए तैयार किए जा रहे हैं।
Apple अपने स्मार्ट होम बिजनेस को आने वाले समय में और बड़ा कर सकती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक iPhone बनाने वाली कंपनी LG Electronics के साथ मिलकर कई कनेक्टेड होम प्रोडक्ट्स पर काम कर रही है। इनमें वीडियो डोरबेल, स्मार्ट लॉक, थर्मोस्टेट, टेम्परेचर सेंसर और कई सिक्योरिटी कैमरे शामिल हो सकते हैं।
खास बात यह है कि इन प्रोडक्ट्स पर Apple की जगह LG की ब्रांडिंग देखने को मिल सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रोडक्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग और सपोर्ट LG संभालेगी, जबकि Apple डिजाइन, फीचर्स और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में योगदान दे सकती है।
Apple और LG किन प्रोडक्ट्स पर कर रहे काम?
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक संभावित लाइनअप में LG Video Doorbell Wired, Smart Deadbolt Lock, Smart Thermostat, Temperature Sensor, Indoor Cam, Outdoor Cam और Floodlight Cam शामिल हो सकते हैं।
LG ने कथित तौर पर इन प्रोडक्ट्स के लिए अमेरिका के Federal Communications Commission यानी FCC और UL Solutions के जरिए रेगुलेटरी मंजूरी लेने की प्रक्रिया शुरू की है। हालांकि इन फाइलिंग्स में Apple की भागीदारी का जिक्र नहीं किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक LG ने इन प्रोडक्ट्स की तस्वीरों और उनसे जुड़ी विस्तृत जानकारी को अगले साल की शुरुआत तक गोपनीय रखने की मांग भी की है।
Wi-Fi से Matter तक मिल सकती है कनेक्टिविटी
रिपोर्ट के अनुसार इनमें से कई डिवाइस Wi-Fi, Bluetooth, Thread और Matter जैसे कनेक्टिविटी स्टैंडर्ड को सपोर्ट कर सकते हैं। स्मार्ट लॉक में Ultra-Wideband टेक्नोलॉजी भी मिल सकती है।
इस टेक्नोलॉजी की मदद से स्मार्ट लॉक किसी अधिकृत यूजर के पास आने पर अपने आप अनलॉक हो सकता है।
Apple की बड़ी Smart Home तैयारी
रिपोर्ट के मुताबिक LG के ये प्रोडक्ट्स Apple के आने वाले स्मार्ट होम हब के साथ काम करने के लिए तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा Apple एक अपडेटेड HomePod mini और नया Apple TV भी लाने की तैयारी में है।
Apple के इन डिवाइस को 13 अक्टूबर को पेश किए जाने की उम्मीद है। हालांकि LG की ओर से बनाए जाने वाले स्मार्ट होम एक्सेसरीज के आने में अभी कम से कम कई महीने लग सकते हैं।
HomeKit रणनीति में भी हो सकता है बड़ा बदलाव
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट Apple की HomeKit रणनीति में बड़े बदलाव की ओर भी इशारा करती है। कंपनी कथित तौर पर प्राइवेसी पर फोकस करने वाले होम मॉनिटरिंग डिवाइस पर विचार कर रही है।
इसके अलावा रोबोटिक आर्म वाले हब और घर के लिए सिक्योरिटी मॉनिटरिंग सर्विस जैसे प्रोडक्ट्स और सेवाओं पर भी विचार किया जा रहा है। LG के साथ यह संभावित साझेदारी Apple को खुद हर प्रोडक्ट बनाने के बजाय ज्यादा स्मार्ट होम एक्सेसरीज अपने इकोसिस्टम में शामिल करने में मदद कर सकती है।