सालों बाद Apple करने जा रही है इस खास सीरीज की वापसी! दिसंबर में लॉन्च हो सकते हैं 4 नए प्रोडक्ट्स

एप्पल सालों बाद अपनी खास (PRODUCT) RED सीरीज को वापस लाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी दिसंबर की शुरुआत में चार प्रोडक्ट्स को नए कलर और डिजाइन के साथ पेश कर सकती है। इसके अलावा एक और प्रोडक्ट की चर्चा है। जानिए इस लॉन्च के पीछे क्या है खास वजह।

Advertisement

In Short

  • सालों बाद एप्पल की खास (PRODUCT) RED सीरीज की हो सकती है वापसी
  • 1 दिसंबर के आसपास चार प्रोडक्ट्स लॉन्च होने की संभावना
  • AirTag 2 को भी मिल सकता है नया रेड एडिशन

By Gungun Mishra:

टेक दिग्गज एप्पल एक बार फिर अपने खास (PRODUCT) RED प्रोडक्ट्स की वापसी की तैयारी कर रही है। पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने धीरे-धीरे इस सीरीज के प्रोडक्ट्स को अपने स्टोर्स से हटा दिया था। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, एप्पल अपने चार प्रोडक्ट्स को नए रेड एडिशन में पेश कर सकती है। इसके अलावा पांचवें प्रोडक्ट को भी इस सीरीज में शामिल किए जाने की संभावना है।

कंपनी इन प्रोडक्ट्स को 1 दिसंबर के आसपास लॉन्च कर सकती है। इसी दिन विश्व एड्स दिवस (World AIDS Day) मनाया जाता है और (RED) पहल की 20वीं वर्षगांठ भी है।

किन प्रोडक्ट्स की हो सकती है वापसी?

ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन की रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल अपने AirPods Max 2 और HomePod mini 2 को खास एडिशन में पेश करने की तैयारी कर रही है। HomePod mini 2 में लाल रंग की मेश डिजाइन देखने को मिल सकती है।

वहीं, AirPods Max 2 में सिल्वर फिनिश, सफेद रंग के ईयर कुशन और हेडबैंड के साथ लाल रंग का डिजिटल क्राउन दिया जा सकता है।

इसके अलावा कंपनी AirPods Pro के लिए लाल रंग का रिस्ट स्ट्रैप और Apple Watch के लिए रेड स्पोर्ट बैंड भी तैयार कर चुकी है।

ये चार प्रोडक्ट्स हो सकते हैं लॉन्च

  • AirPods Max 2

  • AirPods Pro का रिस्ट स्ट्रैप

  • HomePod mini 2

  • Apple Watch Sport Band

प्रतीकात्मक तस्वीर

पांचवें प्रोडक्ट की भी चर्चा

9to5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल अपने AirTag 2 को भी लाल रंग की खास डिजाइन के साथ पेश कर सकती है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसे बाकी चार प्रोडक्ट्स के साथ लॉन्च किया जाएगा या नहीं।

हॉलिडे शॉपिंग सीजन के दौरान नए कलर ऑप्शन ग्राहकों को आकर्षित कर सकते हैं। इसके लिए कंपनी को पूरी तरह नया हार्डवेयर लॉन्च करने की भी जरूरत नहीं होगी।

क्यों खास है Apple की RED सीरीज?

एप्पल साल 2006 से (RED) पहल के साथ जुड़ी हुई है। इस साझेदारी के तहत खास प्रोडक्ट्स की बिक्री से होने वाली कमाई का एक हिस्सा ग्लोबल फंड को दिया जाता है। यह फंड HIV/AIDS, टीबी और मलेरिया जैसी बीमारियों के खिलाफ लड़ाई में मदद करता है।

एप्पल पहले iPhone, iPod, Apple Watch और कई एक्सेसरीज को रेड कलर में बेचती थी। हालांकि, समय के साथ कंपनी ने इन प्रोडक्ट्स को बंद कर दिया। यहां तक कि लाल रंग के iPhone केस भी हटा दिए गए थे।

फिलहाल एप्पल ने इन प्रोडक्ट्स की लॉन्च डेट, कीमत और उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

Read more!
Advertisement