एप्पल ने लॉन्च किए रंगोली डिजाइन वाले खास AirPods 5, चुनिंदा प्रोडक्ट्स पर मिल रहा है ₹15000 तक का कैशबैक
त्योहारी सीजन में एप्पल ने भारतीय ग्राहकों के लिए खास रंगोली डिजाइन वाले AirPods 5 पेश किए हैं। इसकी कीमत 17,900 रुपये रखी गई है और यह लिमिटेड स्टॉक में मिलेगा। कंपनी ने फेस्टिव सेल में चुनिंदा प्रोडक्ट्स पर कैशबैक और नो-कॉस्ट EMI का फायदा भी दिया है।

त्योहारों के मौसम को खास बनाते हुए एप्पल ने भारत में अपने AirPods 5 का एक स्पेशल एडिशन पेश किया है, जिस पर पारंपरिक रंगोली से प्रेरित कलाकृति उकेरी गई है। लिमिटेड स्टॉक में उपलब्ध इस स्पेशल एडिशन के साथ वायरलेस चार्जिंग केस मिलता है। इसे कंपनी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के अलावा देश भर में स्थित इसके 6 आधिकारिक रिटेल स्टोर्स से खरीदा जा सकता है।
इस घोषणा के साथ ही एप्पल ने त्योहारी खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए आकर्षक फायदों का ऐलान भी किया है। चुनिंदा प्रोडक्ट्स की खरीद पर 15,000 रुपये तक का इंस्टेंट कैशबैक और 12 महीने तक की नो-कॉस्ट ईएमआई (No Cost EMI) की सुविधा दी जा रही है। यह फेस्टिव सेल 11 अक्टूबर से 11 नवंबर, 2026 तक जारी रहेगी।
क्या है प्राइस और फेस्टिव ऑफर्स?
इस खास एडिशन पर भारतीय संस्कृति की पारंपरिक कला 'रंगोली' से प्रेरित कस्टम नक्काशी (एंग्रेलिंग) की गई है। ग्राहक इसे एप्पल स्टोर ऑनलाइन, एप्पल स्टोर ऐप और देश के छह रिटेल स्टोर्स (बीकेसी, बोरीवली, साकेत, नोएडा, हेब्बाल और कोरेगांव पार्क) से सीमित स्टॉक के तहत खरीद सकते हैं। एप्पल ने इस स्पेशल एडिशन AirPods 5 की कीमत 17,900 रुपये रखी है।
त्योहारी सीजन के मद्देनजर, एप्पल चुनिंदा आईफोन (iPhone) मॉडल्स, मैक और आईपैड पर 12 महीने तक की नो-कॉस्ट ईएमआई दे रहा है। पात्र कार्डधारकों को चुनिंदा सामानों पर 15,000 रुपये तक का तुरंत कैशबैक भी मिल सकता है। इसके अलावा एप्पल वॉच, एयरपॉड्स और अन्य एक्सेसरीज पर छह महीने की No Cost EMI का ऑप्शन भी उपलब्ध है।
एप्पल के इस फेस्टिव कैंपेन में 'टुडे ऐट एप्पल' (Today at Apple) के तहत कलाकार आरुषि कथूरिया के साथ फ्री 'ड्रा योर ओन रंगोली ऑन आईपैड' (Draw Your Own Rangoli on iPad) सेशन भी शामिल हैं, जो 14 अक्टूबर से 9 नवंबर तक चलेंगे। इसमें हिस्सा लेने वाले लोग प्रोक्रिएट, एप्पल पेंसिल और एक कस्टम पाउडर ब्रश का इस्तेमाल करके रंगों और पारंपरिक डिज़ाइनों के साथ प्रयोग कर सकते हैं।
यह पहल भारत में ही तैयार की गई थी, जिसे अब पहली बार अमेरिका, कनाडा, मलेशिया और सिंगापुर के चुनिंदा बाजारों में भी शुरू किया जा रहा है। भारत में, एप्पल बीकेसी ने 11 अक्टूबर को एक विशाल रंगोली डिज़ाइन का अनावरण किया, जबकि ग्राहक एप्पल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए भी अपनी खुद की रंगोली डिज़ाइन तैयार कर सकते हैं।
इसके अलावा, कंपनी अपने रिटेल सर्विसेज को भी बढ़ावा दे रही है, जिसमें एलिजिबल एयरपॉड्स, आईपैड, एयरटैग और एप्पल पेंसिल पर मुफ्त एंग्रेलिंग, एक्सपर्ट्स के साथ वीडियो कंसल्टेशन, और ऑनलाइन खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए मुफ्त पर्सनल सेशन शामिल हैं। एप्पल के ऐप पर पर्सनलाइज़्ड सिफारिशें और ऑर्डर ट्रैकिंग की सुविधा भी मिलती है।
फिलहाल एप्पल के मुंबई, एनसीआर, बेंगलुरु और पुणे में कुल 6 स्टोर हैं। इन स्टोर्स के डिजाइन और ग्राहकों को मिलने वाले एक्सपीरियंस में स्थानीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है।