iPhone Duo 2 में नहीं मिलेगा Face ID? पतले डिजाइन और नए फीचर्स को लेकर आई अहम रिपोर्ट

Apple अपने अगले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo 2 को ज्यादा पतला और बेहतर बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसमें Face ID और कुछ नए फीचर्स जोड़ना चाहती है, लेकिन तकनीकी चुनौतियां उसकी योजना में रुकावट बन रही हैं। Bloomberg की रिपोर्ट में Action Button और कैमरा अपग्रेड को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। जानिए किन बदलावों के लिए करना पड़ सकता है इंतजार।

Advertisement
Apple अपने अगली पीढ़ी के फोल्डेबल iPhone में Face ID और Action Button जैसे फीचर्स जोड़ने पर काम कर रही है। (फोटो: Apple)
Apple अपने अगली पीढ़ी के फोल्डेबल iPhone में Face ID और Action Button जैसे फीचर्स जोड़ने पर काम कर रही है। (फोटो: Apple)

In Short

  • iPhone Duo 2 में Face ID जोड़ने की कोशिश, तकनीकी दिक्कतों से फीचर टलने की आशंका।
  • Apple फोन की बाहरी स्क्रीन पर Face ID देने के लिए प्रोटोटाइप टेस्ट कर रही है।
  • भविष्य के फोल्डेबल iPhone में Action Button, टेलीफोटो कैमरा और पतले डिजाइन की तैयारी।

By Shakshi:

Apple अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन को और बेहतर बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के अगले फोल्डेबल फोन iPhone Duo 2 में कई नए फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इनमें Face ID, Action Button और बेहतर कैमरा शामिल हो सकते हैं। हालांकि, Face ID को फोल्डेबल डिजाइन में फिट करना Apple के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में यह फीचर अगले मॉडल में मिलने के बजाय और आगे टल सकता है।

iPhone Duo 2 में Face ID क्यों बन रहा चुनौती?

Bloomberg के पत्रकार Mark Gurman की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple ने iPhone Duo 2 के कुछ प्रोटोटाइप तैयार किए हैं, जिनमें Face ID तकनीक शामिल है।

कंपनी इसे फोन की बाहरी स्क्रीन में जोड़ना चाहती है, ताकि यूजर्स बिना फोन खोले चेहरे से अनलॉक कर सकें।

हालांकि, इंजीनियर अभी इस तकनीक पर काम कर रहे हैं। हार्डवेयर डिजाइन फाइनल करने की समयसीमा नजदीक आने के कारण Face ID को अगले मॉडल में शामिल करना मुश्किल हो सकता है।

अगर कंपनी समय पर इसे तैयार नहीं कर पाती है, तो Face ID की सुविधा iPhone Duo 3 में मिल सकती है, जिसके 2028 में आने की उम्मीद है।

फिलहाल पहली पीढ़ी के iPhone Duo में साइड बटन के साथ Touch ID दिया गया है।

Action Button में भी हो सकता है बदलाव

Apple अपने फोल्डेबल फोन में Action Button की सुविधा लाने पर भी विचार कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अलग बटन देने के बजाय Camera Control में ही Action Button जैसी सुविधाएं जोड़ सकती है।

इससे यूजर्स बटन को दबाकर रखने पर अपनी पसंद का ऐप खोल सकेंगे। अभी Camera Control में इस तरह की कार्रवाई से Siri सक्रिय होती है। हालांकि, यह सुविधा iPhone Duo 2 में ही आएगी या बाद के मॉडल में, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पहले से पतला और हल्का होगा फोल्डेबल iPhone?

Apple भविष्य के फोल्डेबल iPhone को पहले से ज्यादा पतला और हल्का बनाने पर भी काम कर रही है। इसके अलावा कंपनी टेलीफोटो कैमरा जोड़ने की संभावनाएं तलाश रही है, जिससे दूर की तस्वीरें बेहतर तरीके से ली जा सकेंगी।

हालांकि, ये बदलाव आने वाली कुछ पीढ़ियों के लिए कंपनी की योजनाओं का हिस्सा बताए जा रहे हैं। जरूरी नहीं कि सभी फीचर्स iPhone Duo 2 में ही मिलें।

Apple ने अभी नहीं की आधिकारिक पुष्टि

फिलहाल Apple ने iPhone Duo 2 के नए फीचर्स या डिजाइन से जुड़ी इन योजनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि कंपनी अपने फोल्डेबल फोन को ज्यादा सुविधाजनक बनाने की कोशिश कर रही है। लेकिन Face ID, Action Button और कैमरा अपग्रेड जैसे फीचर्स कब तक तैयार होंगे, यह देखना बाकी है।

Read more!
Advertisement