Apple का नया अपडेट बढ़ाएगा यूजर्स की चिंता? iCloud पर शेयर की गई फोटो की होगी जांच, क्या हैं नए नियम
एप्पल अपने नए सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ iCloud यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव करने जा रही है। अब कुछ खास तरीकों से शेयर की गई फोटो और फाइलों की जांच होगी। इस फैसले से प्राइवेसी और अकाउंट की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जानिए किन यूजर्स पर पड़ेगा असर।

In Short
- एप्पल नए अपडेट के बाद सार्वजनिक लिंक से शेयर की गई फोटो और फाइलों की जांच करेगी।
- हानिकारक कंटेंट मिलने पर एप्पल यूजर का अकाउंट ब्लॉक या डिसेबल कर सकती है।
- सार्वजनिक लिंक से शेयर की गई फाइलों को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुरक्षा नहीं मिलेगी।
एप्पल अपने आने वाले सॉफ्टवेयर अपडेट में iCloud से जुड़ा एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। इस बदलाव के बाद iCloud के जरिए सार्वजनिक रूप से शेयर की गई फोटो और फाइलों की जांच की जा सकेगी। कंपनी का मकसद हानिकारक कंटेंट की पहचान करना है। हालांकि, इस नए नियम के बाद यूजर्स की प्राइवेसी और अकाउंट की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
एप्पल का यह नया नियम iOS 27.3, iPadOS 27.3, macOS 27.3 और visionOS 27.3 अपडेट के साथ लागू होगा। खास बात यह है कि यह नियम iCloud में सेव सभी फोटो और फाइलों पर लागू नहीं होगा।
किन फोटो और फाइलों की जांच करेगी Apple?
एप्पल अपने यूजर्स को iCloud Photos और iCloud Drive के जरिए फोटो और डॉक्यूमेंट शेयर करने की सुविधा देती है। इसमें फाइल शेयर करने के लिए दो विकल्प मिलते हैं।
पहला विकल्प 'People you choose' है, जिसमें केवल चुने गए लोग ही फाइल देख सकते हैं। दूसरा विकल्प 'Anyone with the Link' है, जिसमें लिंक रखने वाला कोई भी व्यक्ति फोटो या फाइल खोल सकता है।
एप्पल के मुताबिक, नए अपडेट के बाद 'Anyone with the Link' विकल्प से शेयर किए गए कंटेंट की जांच की जाएगी। यानी यह बदलाव सार्वजनिक लिंक से शेयर होने वाली फाइलों पर लागू होगा।
आपत्तिजनक कंटेंट मिलने पर क्या होगा?
एप्पल ने अभी तक साफ नहीं किया है कि वह किस तरह के कंटेंट को हानिकारक मानेगी। कंपनी ने यह भी नहीं बताया कि इसकी जांच किस तरीके से की जाएगी।
The Verge की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बदलाव iCloud पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री यानी CSAM को रोकने के लिए एप्पल पर बढ़ते दबाव के बीच सामने आया है। हालांकि, एप्पल ने CSAM को ही हानिकारक कंटेंट की आधिकारिक परिभाषा नहीं बताया है।
अगर किसी शेयर की गई फाइल में हानिकारक कंटेंट मिलता है, तो एप्पल उसे हटाने, बदलने, डिलीट करने या शेयर होने से रोकने जैसे कदम उठा सकती है।
इतना ही नहीं, कंपनी संबंधित Apple Account को ब्लॉक या डिसेबल भी कर सकती है। उसी ईमेल एड्रेस या फोन नंबर से नया अकाउंट बनाने पर भी रोक लगाई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भी शामिल किया जा सकता है।
क्या iCloud यूजर्स की प्राइवेसी पर पड़ेगा असर?
इस बदलाव में प्राइवेसी से जुड़ी एक अहम बात भी सामने आई है। एप्पल के मुताबिक, 'Anyone with the Link' विकल्प से शेयर की गई फाइलें एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड नहीं रहती हैं।
यह नियम उन यूजर्स पर भी लागू होता है जिन्होंने Advanced Data Protection चालू कर रखा है। इसकी वजह यह है कि सार्वजनिक लिंक के जरिए फाइल को लिंक रखने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए उपलब्ध रखना होता है।
कब से लागू होगा नया नियम?
iOS 27.3, iPadOS 27.3, macOS 27.3 और visionOS 27.3 के पहले डेवलपर बीटा 3 नवंबर को जारी किए गए। इनके पब्लिक अपडेट दिसंबर में आने की उम्मीद है।
हालांकि, एप्पल ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि नए अपडेट से पहले बनाए गए सार्वजनिक लिंक की भी जांच होगी या नहीं।