Apple के लिए भारत क्यों बन रहा इतना खास? ₹1 लाख करोड़ की बिक्री के बीच ₹650 करोड़ के कारोबार ने चौंकाया

भारत में Apple अब सिर्फ iPhone बेचने और बनाने तक सीमित नहीं है। कंपनी एक ऐसे कारोबार में तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे पिछले साल उसकी कोई कमाई नहीं हुई थी। अब इसी कारोबार से ₹650 करोड़ का रेवेन्यू सामने आया है। आखिर Apple भारत में किस नई रणनीति पर काम कर रही है और इससे कंपनी को क्या फायदा होगा? जानिए पूरी कहानी।

Advertisement
iPhone से आगे बढ़ा Apple का कारोबार, भारत में तैयार कर रही ₹650 करोड़ का सॉफ्टवेयर हब
iPhone से आगे बढ़ा Apple का कारोबार, भारत में तैयार कर रही ₹650 करोड़ का सॉफ्टवेयर हब

In Short

  • Apple Operations India ने FY26 में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से ₹650 करोड़ का रेवेन्यू हासिल किया।
  • Apple India की कुल कमाई 32% बढ़कर ₹1.04 लाख करोड़ के पार पहुंच गई।
  • भारत में Apple Operations India का करीब 97% काम कंपनी के ग्लोबल कारोबार से जुड़ा है।

By Shakshi:

भारत में Apple अब सिर्फ iPhone बेचने और बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी तेजी से अपने सॉफ्टवेयर कारोबार का विस्तार कर रही है। हालिया आंकड़ों से पता चला है कि भारत में Apple की एक कंपनी ने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से ₹650 करोड़ की कमाई की है। खास बात यह है कि पिछले साल इस कारोबार से कोई कमाई नहीं हुई थी।

भारत में Apple का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। अब तक कंपनी की पहचान मुख्य रूप से iPhone की बिक्री और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी रही है, लेकिन अब Apple भारत को अपने ग्लोबल सॉफ्टवेयर और इंजीनियरिंग हब के रूप में भी विकसित कर रही है। कंपनी के हालिया वित्तीय आंकड़ों में इस बदलाव की झलक दिखाई देती है।

सॉफ्टवेयर से ₹650 करोड़ की कमाई

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple की भारतीय कंपनी Apple Operations India ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से ₹650 करोड़ का रेवेन्यू हासिल किया। जबकि FY25 में इस कारोबार से कंपनी की कमाई शून्य थी।

कंपनी का कुल रेवेन्यू भी ₹318 करोड़ से बढ़कर ₹1,400 करोड़ के पार पहुंच गया। वहीं, मैन्युफैक्चरिंग सपोर्ट से होने वाली कमाई लगभग दोगुनी होकर ₹520 करोड़ हो गई। कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी ₹28 करोड़ से बढ़कर ₹103 करोड़ पहुंच गया।

भारत में बन रहा ग्लोबल इंजीनियरिंग हब

रिपोर्ट के मुताबिक, Apple Operations India का करीब 97% काम Apple के ग्लोबल कारोबार के लिए था। इसका मतलब है कि भारत में काम करने वाली टीम सिर्फ भारतीय ग्राहकों के लिए नहीं, बल्कि दुनिया भर में Apple के कारोबार को तकनीकी सहायता दे रही है।

बिजनेस इंटेलिजेंस फर्म Alt Info के संस्थापक मोहित यादव के मुताबिक, यह बदलाव दिखाता है कि Apple भारत को ग्लोबल इंजीनियरिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के बड़े केंद्र के रूप में तैयार कर रही है।

भारत में Apple की बिक्री ₹1 लाख करोड़ के पार

सॉफ्टवेयर के साथ Apple की बिक्री भी नए रिकॉर्ड बना रही है। Tofler के आंकड़ों के मुताबिक, FY26 में Apple India का रेवेन्यू 32% बढ़कर ₹1,04,607 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले साल ₹79,060 करोड़ था।

कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 66% बढ़कर ₹5,311 करोड़ हो गया। वहीं, कुल खर्च ₹96,224 करोड़ रहा।

Samsung के मुकाबले कैसा रहा प्रदर्शन?

मेमोरी और RAM की बढ़ती कीमतों के बावजूद भारत में Apple के स्मार्टफोन की बिक्री संख्या में 24% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दूसरी तरफ Samsung के भारतीय मोबाइल फोन कारोबार के रेवेन्यू में मामूली गिरावट आई।

इन आंकड़ों से साफ है कि Apple के लिए भारत अब सिर्फ iPhone बेचने और बनाने का बाजार नहीं, बल्कि ग्लोबल सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और तकनीकी सेवाओं का भी अहम केंद्र बनता जा रहा है।

Read more!
Advertisement