Apple के फोल्डेबल iPhone Duo की स्क्रीन में दिखी अजीब समस्या! हल्का दबाने पर पड़ रही सिलवटें, मजबूती पर उठे सवाल

एप्पल के फोल्डेबल iPhone Duo की स्क्रीन को लेकर एक चौंकाने वाला दावा सामने आया है। फोन की कई यूनिट्स की टेस्टिंग के दौरान स्क्रीन के बीच वाले हिस्से में एक अजीब बदलाव देखने को मिला। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है और क्या इसका असर फोन की मजबूती पर पड़ सकता है? जानिए पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • एप्पल के फोल्डेबल iPhone Duo की स्क्रीन पर दबाव डालने से सिलवटें दिखने का दावा किया गया है।
  • Weibo यूजर Kang ने कई यूनिट्स की टेस्टिंग में स्क्रीन के बीच वाले हिस्से को असामान्य रूप से नरम पाया।
  • स्क्रीन में वेरिएबल-थिकनेस अल्ट्रा-थिन ग्लास के इस्तेमाल की संभावना जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

By Gungun Mishra:

एप्पल के फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की स्क्रीन को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि फोन की स्क्रीन बीच से मुड़ने वाली जगह पर काफी नरम है। इस हिस्से को उंगली से दबाने पर स्क्रीन पर सिलवटें दिखाई देने लगती हैं। इस खुलासे के बाद फोन की डिस्प्ले टेक्नोलॉजी और उसकी मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

iPhone Duo की स्क्रीन में क्या मिला?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मशहूर टिप्स्टर Ice Universe ने iPhone Duo की स्क्रीन से जुड़ी एक जानकारी शेयर की है। यह जानकारी Weibo यूजर Kang के हवाले से सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, Kang ने iPhone Duo की कई यूनिट्स को टेस्ट किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि फोन की फोल्डेबल स्क्रीन के बीच वाला हिस्सा, जहां से डिस्प्ले मुड़ती है, छूने पर काफी नरम महसूस होता है।

दावा है कि जब इस हिस्से को उंगली से दबाया जाता है, तो स्क्रीन पर सिलवटें दिखाई देने लगती हैं। Kang के मुताबिक, उन्होंने यह बदलाव फोन की कई यूनिट्स में देखा है। इससे संकेत मिलता है कि यह किसी एक डिवाइस तक सीमित मामला नहीं हो सकता।

स्क्रीन पर सिलवटें पड़ने की क्या है वजह?

फोल्डेबल स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक ऐसी डिस्प्ले तैयार करना है, जो बार-बार मुड़ने के बावजूद लंबे समय तक ठीक से काम करती रहे।

iPhone Duo की स्क्रीन को लेकर सामने आई जानकारी ने इसी चुनौती की तरफ ध्यान खींचा है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि स्क्रीन पर सिलवटें लाने के लिए कितना दबाव डालना पड़ता है।

यह भी पता नहीं चल पाया है कि दबाव हटाने के बाद सिलवटें तुरंत गायब हो जाती हैं या कुछ समय तक बनी रहती हैं। इसके अलावा, इस तरह के बदलाव से स्क्रीन की मजबूती पर लंबे समय में कोई असर पड़ेगा या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है।

Image Credit: ITG

क्या Apple इस्तेमाल कर रहा है नई ग्लास टेक्नोलॉजी?

इस मामले में एक संभावित वजह वेरिएबल-थिकनेस अल्ट्रा-थिन ग्लास को माना जा रहा है।

इस टेक्नोलॉजी में स्क्रीन के बीच वाले हिस्से को पतला रखा जा सकता है, ताकि डिस्प्ले आसानी से मुड़ सके। वहीं, इसके आसपास के हिस्सों में अपेक्षाकृत मोटे ग्लास का इस्तेमाल किया जा सकता है।

माना जा रहा है कि ग्लास की मोटाई में यह अंतर स्क्रीन के दबाव सहने के तरीके को प्रभावित कर सकता है।

क्या iPhone Duo की मजबूती पर पड़ेगा असर?

फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि स्क्रीन पर सिलवटें पड़ना किसी खराबी का संकेत है या फिर यह डिस्प्ले के डिजाइन का हिस्सा है।

यह भी पुष्टि नहीं हुई है कि एप्पल ने iPhone Duo में इसी तरह की ग्लास टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है। ऐसे में स्क्रीन के नरम होने और सिलवटें दिखने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

हालांकि, इस नई जानकारी ने फोल्डेबल डिस्प्ले की बनावट और लंबे समय तक टिकाऊ रहने की क्षमता को लेकर चर्चा जरूर तेज कर दी है।

Read more!
Advertisement