AI अब खुद बना रहा और बेहतर AI! Anthropic के 26% रिसर्च काम की कमान Claude के हाथ
AI अब खुद को और बेहतर बनाने में मदद कर रहा है। Anthropic के मुताबिक, उसका AI मॉडल Claude अब कंपनी के 26% रिसर्च और डेवलपमेंट काम में मुख्य भूमिका निभा रहा है। फरवरी में यह आंकड़ा 1% से भी कम था। जानिए AI के विकास की रफ्तार कितनी बढ़ी है।

In Short
- Anthropic के 26% AI रिसर्च और डेवलपमेंट काम में Claude की मुख्य भूमिका
- फरवरी 2026 में यह आंकड़ा 1% से भी कम था
- Anthropic के इंटरनल प्लेटफॉर्म पर एक साथ काम कर रहे करीब 30,000 AI एजेंट
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI अब सिर्फ कोड लिखने या छोटे-मोटे काम करने तक सीमित नहीं है। इसका इस्तेमाल नए और ज्यादा ताकतवर AI सिस्टम बनाने में भी हो रहा है। AI कंपनी Anthropic की नई रिपोर्ट के मुताबिक, उसका AI मॉडल Claude अब कंपनी के 26% रिसर्च और डेवलपमेंट (R&D) काम में मुख्य भूमिका निभा रहा है। फरवरी 2026 में यह आंकड़ा 1% से भी कम था।
कंपनी के मुताबिक, उसके 90% से ज्यादा AI रिसर्च और डेवलपमेंट काम में अब AI किसी न किसी रूप में मदद कर रहा है। हालांकि, Claude अभी इंसानों की मदद के बिना पूरी तरह काम करने में सक्षम नहीं हुआ है।
AI कितना काम खुद कर रहा है?
Anthropic ने AI के काम को मापने के लिए R&D Automation Index बनाया है। इसमें AL0 से AL5 तक के अलग-अलग स्तर हैं। AL0 का मतलब है कि काम में AI की कोई भूमिका नहीं है, जबकि AL5 पर AI पूरी तरह अपने आप काम करता है।
AL4 स्तर पर AI को केवल काम से जुड़े मुख्य निर्देश दिए जाते हैं और वह ज्यादातर काम खुद पूरा कर सकता है। हालांकि, इस दौरान इंसानों की निगरानी जरूरी होती है।
अगस्त 2026 तक Claude कंपनी के 26% मापे गए AI रिसर्च और डेवलपमेंट काम में AL4 स्तर तक पहुंच गया था।
क्या AI अब खुद अपना अगला वर्जन बनाएगा?
Anthropic यह भी समझने की कोशिश कर रही है कि AI खुद को बेहतर बनाने में कितनी मदद कर सकता है। इसे Recursive Self-Improvement कहा जाता है।
इसका मतलब ऐसी स्थिति से है, जब AI खुद अपने से ज्यादा ताकतवर AI सिस्टम बनाने में स्वतंत्र रूप से योगदान दे सके।
कंपनी के मुताबिक, AI अभी इस स्तर तक नहीं पहुंचा है। हालांकि, रिसर्च, कोडिंग, टेस्टिंग और इंजीनियरिंग में AI की बढ़ती भूमिका से भविष्य में नए AI मॉडल बनाने की रफ्तार तेज हो सकती है।
Anthropic में एक साथ काम कर रहे 30,000 AI एजेंट
अगस्त 2026 तक Anthropic के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले इंटरनल प्लेटफॉर्म पर करीब 30,000 AI एजेंट एक साथ काम कर रहे थे।
कंपनी ने अगस्त में रिसर्च और इंजीनियरिंग से जुड़े AI एजेंटों के एक अरब से ज्यादा फैसलों का विश्लेषण किया। इनमें करीब 0.002% फैसलों को ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम ने रोक दिया। यानी लगभग हर 47,000 फैसलों में से एक फैसला रोका गया।
इसके अलावा, ऑफलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम ने हर 1,000 रिकॉर्ड में से करीब एक से दो को आगे की जांच के लिए चुना। हर हफ्ते लगभग 50 गंभीर मामलों को इंसानों के पास समीक्षा के लिए भेजा गया।
AI की सुरक्षा पर कितना खर्च?
Anthropic के मुताबिक, जुलाई 2026 के एक हफ्ते में AI रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए इस्तेमाल हुई कुल कंप्यूटिंग क्षमता का करीब 6% हिस्सा सुरक्षा से जुड़े कामों पर खर्च हुआ।
वहीं, AI की मदद से किए जा रहे AI रिसर्च और डेवलपमेंट में यह हिस्सेदारी करीब 12% थी। कंपनी का कहना है कि ये अनुमान सीमित हैं, क्योंकि AI सुरक्षा से जुड़े कई कामों में कंप्यूटिंग क्षमता के बजाय इंसानी विशेषज्ञों की ज्यादा जरूरत होती है।
Anthropic चाहती है कि दूसरी AI कंपनियां भी ऐसे आंकड़े नियमित रूप से जारी करें, ताकि यह समझा जा सके कि AI के विकास की रफ्तार कितनी तेजी से बदल रही है।