नौकरी बदलने पर भी नहीं मिलेगा काम? AI को लेकर Anthropic के रिसर्चर ने दी डराने वाली चेतावनी

AI की बढ़ती ताकत को लेकर Anthropic के रिसर्चर ताओ लिन ने बड़ी चेतावनी दी है। उनका मानना है कि भविष्य में मशीनें लगभग हर पेशे में इंसानों से बेहतर काम करने लगेंगी, जिससे रोजगार का गंभीर संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने 2027 के अंत तक सुपरह्यूमन AI आने की संभावना जताई है। आखिर AI कंपनियों को अपनी रफ्तार घटाने की सलाह क्यों दी गई है?

Advertisement
Anthropic के रिसर्चर ताओ लिन ने नौकरियों और इंसानी नियंत्रण पर खतरे की चेतावनी देते हुए AI के विकास की रफ्तार घटाने की अपील की। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Anthropic के रिसर्चर ताओ लिन ने नौकरियों और इंसानी नियंत्रण पर खतरे की चेतावनी देते हुए AI के विकास की रफ्तार घटाने की अपील की। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

In Short

  • Anthropic रिसर्चर ने AI से बड़े पैमाने पर बेरोजगारी की आशंका जताई।
  • 2027 के अंत तक सुपरह्यूमन AI आने का अनुमान।
  • AI कंपनियों को विकास की रफ्तार 75% घटाने की सलाह।

By Shakshi:

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, उससे आने वाले समय में इंसानों के लिए नौकरी ढूंढना मुश्किल हो सकता है। AI कंपनी Anthropic के रिसर्चर ताओ लिन (Tao Lin) ने चेतावनी दी है कि भविष्य में मशीनें लगभग हर काम इंसानों से बेहतर करने लगेंगी। उन्होंने AI कंपनियों से नई तकनीक विकसित करने की रफ्तार घटाने की अपील की है।

क्या इंसानों के लिए खत्म हो जाएंगी नौकरियां?

Palisade Research से बातचीत में ताओ लिन ने कहा कि AI का खतरा सिर्फ कुछ नौकरियों के खत्म होने तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, जैसे-जैसे AI ज्यादा सक्षम होगा, इंसान एक नौकरी छोड़कर दूसरी नौकरी की तरफ जाएंगे, लेकिन वहां भी मशीनें उनकी जगह ले सकती हैं।

उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में ऐसी स्थिति बन सकती है जब इंसानों के लिए रोजगार हासिल करना लगभग नामुमकिन हो जाए।

लिन ने इसे 'Permanently Unemployable' यानी स्थायी रूप से रोजगार पाने में असमर्थ होने की स्थिति बताया। ऐसे हालात में लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए सरकारी सहायता पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

2027 तक इंसानों से ज्यादा ताकतवर हो सकता है AI?

ताओ लिन का अनुमान है कि अगले करीब 1.3 साल में यानी 2027 के अंत तक 'सुपरह्यूमन AI' विकसित हो सकता है।

इसका मतलब ऐसी AI तकनीक से है, जो सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, फिल्म निर्माण और दूसरे कई क्षेत्रों में बेहतरीन मानव विशेषज्ञों के बराबर या उनसे बेहतर काम कर सके।

हालांकि, शारीरिक मेहनत वाले कामों में इंसानों की जगह मशीनों को लाने में ज्यादा समय लग सकता है, क्योंकि इसके लिए बड़ी संख्या में एडवांस रोबोट तैयार करने होंगे।

AI कंपनियों को रफ्तार 75% घटाने की सलाह

लिन का कहना है कि AI कंपनियों को रिसर्च और डेवलपमेंट की रफ्तार मौजूदा स्तर के सिर्फ 25% तक सीमित कर देनी चाहिए।

उनके मुताबिक, कंपनियों के बीच ज्यादा ताकतवर AI मॉडल बनाने की होड़ के कारण सुरक्षा से जुड़े परीक्षणों और रिसर्च के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल रहा है।

उन्होंने यह आशंका भी जताई कि भविष्य में AI इतना प्रभावशाली हो सकता है कि इंसान महत्वपूर्ण फैसलों से बाहर हो जाएं। लिन ने ऐसी स्थिति की संभावना 20% आंकी है।

क्या Anthropic भी मानती है ऐसा?

ताओ लिन करीब 18 महीनों से Anthropic में AI की सुरक्षा और नियंत्रण से जुड़े काम कर रहे हैं। वह Claude के जवाबों की निगरानी करने वाले सुरक्षा उपाय विकसित करते हैं।

हालांकि, ये अनुमान ताओ लिन के व्यक्तिगत आकलन हैं, Anthropic की आधिकारिक भविष्यवाणी नहीं। AI का विकास किस रफ्तार से होगा और नौकरियों पर उसका कितना असर पड़ेगा, इसे लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है।

Read more!
Advertisement