Anthropic का नया AI एजेंट Claude Duet लॉन्च! अब OpenAI और Meta को मिलेगी टक्कर
एंथ्रोपिक ने नया एआई एजेंट क्लॉड डुएट लॉन्च किया है, जो आपके बिना कहे भी ऑफिस के कई जरूरी काम कर सकता है। खास बात यह है कि फोन या लैपटॉप बंद होने पर भी यह काम करता रहेगा। आखिर यह कैसे काम करता है और कौन इसका इस्तेमाल कर पाएगा?

In Short
- एंथ्रोपिक का नया एआई एजेंट क्लॉड डुएट बिना बार-बार निर्देश दिए ऑफिस के जरूरी काम करेगा।
- क्लॉड डुएट 6,000 से ज्यादा ऐप्स से जुड़कर ईमेल, मीटिंग और बिजनेस के काम संभालेगा।
- - फिलहाल अमेरिका के प्रो और मैक्स यूजर्स को मिलेगा एक्सेस, जरूरी कामों के लिए लेगा मंजूरी।
आजकल ऑफिस और बिजनेस के ज्यादातर काम अलग-अलग ऐप्स पर होते हैं। कभी ईमेल चेक करना पड़ता है, तो कभी मीटिंग तय करनी होती है या जरूरी डॉक्यूमेंट तैयार करने होते हैं। इन सब कामों में काफी समय लगता है। अब एआई कंपनियां ऐसी टेक्नोलॉजी ला रही हैं, जो इंसानों की मदद के बिना भी कई काम कर सके। इसी दिशा में एंथ्रोपिक ने नया कदम उठाया है। आइए देखते हैं कि कंपनी का नया एआई एजेंट क्या कर सकता है, कैसे काम करता है और इसे कौन इस्तेमाल कर पाएगा।
एंथ्रोपिक ने लॉन्च किया क्लॉड डुएट
एंथ्रोपिक ने क्लॉड डुएट नाम का नया एआई एजेंट पेश किया है। यह ऑफिस में काम करने वाले लोगों और छोटे बिजनेस मालिकों के लिए बनाया गया है। इसकी खासियत है कि यह बार-बार निर्देश दिए बिना भी काम कर सकता है। यूजर के फोन या कंप्यूटर बंद होने के बाद भी इसका काम जारी रहता है। इससे ओपनएआई और मेटा जैसी कंपनियों को टक्कर मिल सकती है।
6,000 से ज्यादा ऐप्स के साथ करेगा काम
क्लॉड डुएट को क्लॉड ओपस 5.5 की मदद से तैयार किया गया है। यह 6,000 से ज्यादा कनेक्टर्स और प्लगइन्स सपोर्ट करता है। इनमें जीमेल, स्लैक, क्विकबुक्स, स्ट्राइप, शॉपिफाई और हबस्पॉट जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं।यह जरूरी ईमेल और मैसेज ढूंढ सकता है। साथ ही क्विकबुक्स और स्ट्राइप पर बकाया बिल चेक कर सकता है।
सुबह देगा अपडेट, खुद तैयार करेगा जवाब
क्लॉड डुएट हर सुबह जरूरी कामों की रिपोर्ट देगा और कुछ घंटों के अंतर पर कनेक्टेड ऐप्स चेक करेगा। यह ईमेल के जवाब तैयार कर सकता है, मीटिंग शेड्यूल कर सकता है और फाइनेंशियल फोरकास्ट बना सकता है।
इसके अलावा गस्टो पर पेरोल तैयार करना, लिंक्डइन के लिए जॉब पोस्ट लिखना, डॉक्यूसाइन पर एग्रीमेंट तैयार करना और कैनवा पर मार्केटिंग कैंपेन बनाना भी इसके कामों में शामिल है। यह वेब ऐप भी बना सकता है।
फोन या लैपटॉप चालू रखना जरूरी नहीं
क्लॉड डुएट अपनी वर्चुअल मशीन और ब्राउजर पर काम करता है। इसलिए यूजर को अपना डिवाइस चालू रखने की जरूरत नहीं है। पुराने क्लॉड अकाउंट की मेमोरी, स्किल्स और कनेक्टेड ऐप्स भी इसमें इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
इन कामों के लिए लेगा आपकी मंजूरी
एंथ्रोपिक के मुताबिक, क्लॉड डुएट सीधे पासवर्ड या लॉगिन टोकन नहीं देख सकता। मैसेज भेजने, पेमेंट करने, डॉक्यूमेंट साइन करने और फाइल डिलीट करने से पहले यूजर की मंजूरी जरूरी होगी।शेयर ट्रेडिंग और एक अकाउंट से दूसरे अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने की अनुमति नहीं है।
भारत में कब मिलेगा क्लॉड डुएट?
फिलहाल क्लॉड डुएट का रिसर्च प्रीव्यू अमेरिका के प्रो और मैक्स सब्सक्राइबर्स के लिए वेटलिस्ट के जरिए उपलब्ध है। इसे वेब, आईओएस और एंड्रॉयड पर इस्तेमाल किया जा सकता है। टीम और एंटरप्राइज यूजर्स को अभी एक्सेस नहीं मिलेगा।इसमें मौजूदा क्लॉड यूसेज लिमिट लागू होगी। बैकग्राउंड चेक और बड़े काम भी इसी लिमिट में गिने जाएंगे। यूजर कभी भी ऐप्स डिस्कनेक्ट कर सकते हैं।
हालांकि, यह अभी शुरुआती स्टेज में है। कभी जरूरी अपडेट छूट सकते हैं या काम की अहमियत समझने में गलती हो सकती है। टिकट बुकिंग जैसे निजी कामों के लिए भी यह ज्यादा उपयोगी नहीं है।