एआई से गेम की कॉपी बनाने पर सख्ती! एंथ्रोपिक के क्लॉड ने बदले नियम, अब डेवलपर्स क्यों उठा रहे सवाल?

एआई की मदद से वीडियो गेम बनाना अब आसान हो गया है, लेकिन एंथ्रोपिक के क्लॉड एआई ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिससे गेम डेवलपर्स परेशान हैं। अब गेम की कॉपी बनाने और रिवर्स इंजीनियरिंग को लेकर नई पाबंदियों की खबर है। आखिर क्या है पूरा मामला और क्यों बढ़ा विवाद?

Advertisement

In Short

  • एंथ्रोपिक का क्लॉड एआई अब वीडियो गेम की कॉपी बनाने और रिवर्स इंजीनियरिंग में मदद देने से कथित तौर पर इनकार कर रहा है।
  • डेवलपर्स की शिकायत है कि क्लॉड सामान्य और जरूरी तकनीकी कामों में भी मदद करने से मना कर रहा है।
  • एआई से गेम क्लोनिंग के मामले बढ़ने के बीच कॉपीराइट विवाद और छोटे गेम डेवलपर्स को धमकियां मिलने की खबरें सामने आई हैं।

By Gaurav Kumar:

एआई की मदद से अब वीडियो गेम बनाना पहले से आसान हो गया है। गेम के कैरेक्टर तैयार करने से लेकर कहानी लिखने और गेमप्ले डिजाइन करने तक एआई का इस्तेमाल बढ़ रहा है। लेकिन इसी टेक्नोलॉजी से पुराने गेम की कॉपी बनाना भी आसान हो गया है। इससे गेम बनाने वाली कंपनियों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। अब सवाल यह है कि एआई कंपनियां इसे रोकने के लिए क्या कर रही हैं और इससे आम डेवलपर्स पर क्या असर पड़ रहा है?

एंथ्रोपिक के क्लॉड एआई ने गेम की कॉपी बनाने से किया इनकार

टॉम्स हार्डवेयर की रिपोर्ट के मुताबिक, एंथ्रोपिक के क्लॉड कोड और ओपस 5.5 मॉडल अब वीडियो गेम की कॉपी बनाने और उनकी रिवर्स इंजीनियरिंग करने में मदद देने से इनकार कर रहे हैं।

रिवर्स इंजीनियरिंग एक ऐसी तकनीक है, जिससे किसी सॉफ्टवेयर या गेम के काम करने का तरीका समझा जाता है। इसका इस्तेमाल तकनीकी दिक्कतें ठीक करने, दूसरे सॉफ्टवेयर के साथ कम्पैटिबिलिटी जांचने और सिक्योरिटी से जुड़ी कमियां खोजने में भी होता है।

नए नियम से क्यों परेशान हैं डेवलपर्स?

क्लॉड के इस बदलाव से कई डेवलपर्स परेशान हैं। उनका कहना है कि एआई अब ऐसे रिवर्स इंजीनियरिंग वाले काम भी करने से मना कर रहा है, जिनका मकसद किसी गेम की चोरी या कॉपी बनाना नहीं है।

इससे उन लोगों का काम प्रभावित हो सकता है, जो सॉफ्टवेयर की जांच या तकनीकी समस्याएं ठीक करने के लिए एआई की मदद लेते हैं।

क्लॉड को मिले नए निर्देश में क्या है?

रिपोर्ट के मुताबिक, क्लॉड पर लगी यह रोक एक नए निर्देश से जुड़ी हो सकती है।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चैज्म नाम के एक यूजर ने दावा किया कि क्लॉड को किसी मौजूदा गेम को दोबारा बनाने में मदद नहीं करने का निर्देश दिया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इसमें यह भी शामिल है कि अगर कोई यूजर गेम का नाम बदल दे या उसे अपना ओरिजिनल प्रोजेक्ट बताए, तब भी क्लॉड उसकी कॉपी बनाने में मदद नहीं करेगा। हालांकि, एंथ्रोपिक ने अभी इस निर्देश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

गेम डेवलपर्स को मिल रही हैं धमकियां

एआई से गेम की कॉपी बनाने का मामला अब कॉपीराइट विवाद तक पहुंच गया है। कई गेम कंपनियां एआई से बनाए गए गेम की कॉपी के खिलाफ शिकायतें और टेकडाउन नोटिस भेज रही हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ छोटे गेम डेवलपर्स को धमकियां भी मिल रही हैं। स्कैमर्स उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। वे धमकी देते हैं कि एआई से उनके अधूरे गेम डेमो की कॉपी बनाकर पूरा गेम तैयार कर देंगे और ओरिजिनल गेम लॉन्च होने से पहले ही उसे बाजार में उतार देंगे।

ओपनएआई भी कर चुका है ऐसी कार्रवाई

एंथ्रोपिक अकेली कंपनी नहीं है, जो इस तरह के मामलों में सख्ती दिखा रही है।रिपोर्ट के मुताबिक, ओपनएआई ने भी हाल में एक ऐसे यूजर का अकाउंट बंद किया था, जो अपने टेलीविजन के सॉफ्टवेयर में बदलाव करने की कोशिश कर रहा था।

इन मामलों ने एआई के इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ गेम कंपनियां अपने कॉपीराइट की सुरक्षा चाहती हैं, तो दूसरी तरफ डेवलपर्स को चिंता है कि ऐसी पाबंदियों से उनके सामान्य तकनीकी काम भी मुश्किल हो सकते हैं।

Read more!
Advertisement