AI को रोकने की बात करने वाले Anthropic CEO अब Salesforce के साथ बना रहे नए AI टूल्स।

AI के खतरों को लेकर चेतावनी देने वाले Anthropic CEO Dario Amodei अब Claude AI को बिजनेस इस्तेमाल के लिए तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। Anthropic ने Salesforce के साथ साझेदारी की है, जिसके जरिए Claude को CRM, Agentforce और Slack में शामिल किया जाएगा। यह कंपनियों को डेटा समझने, बिक्री प्रक्रिया और कामकाज को ऑटोमेट करने में मदद करेगा।

Advertisement
डारियो अमोडेई, Anthropic CEO और मार्क बेनिऑफ, Salesforce CEO, Dreamforce 2026 समिट में। (REUTERS/कार्लोस बैरिया)
डारियो अमोडेई, Anthropic CEO और मार्क बेनिऑफ, Salesforce CEO, Dreamforce 2026 समिट में। (REUTERS/कार्लोस बैरिया)

In Short

  • Anthropic और Salesforce की Claudeforce साझेदारी से Claude AI बिजनेस प्लेटफॉर्म में आएगा।
  • Salesforce यूजर्स Claude की मदद से डील रिव्यू, रिपोर्ट और सेल्स फोरकास्ट तैयार कर सकेंगे।
  • Dario Amodei ने हाल में AI विकास धीमा करने और बेहतर सेफ्टी नियमों की मांग की थी।

By Shakshi:

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के खतरों को लेकर चेतावनी देने के कुछ दिनों बाद ही Anthropic के CEO डारियो अमोडेई अब AI को बिजनेस सॉफ्टवेयर में इस्तेमाल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। Anthropic ने Salesforce के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत Claude AI को Salesforce के प्लेटफॉर्म में जोड़ा जा रहा है। यह साझेदारी कंपनियों को ग्राहकों की जानकारी समझने, बिक्री प्रक्रिया का विश्लेषण करने और कई कामों को ऑटोमेट करने में मदद करेगी।

हाल ही में अमोडेई ने एडवांस AI मॉडल के विकास की रफ्तार धीमी करने की बात कही थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि ज्यादा शक्तिशाली AI सिस्टम भविष्य में गंभीर जोखिम पैदा कर सकते हैं। लेकिन अब उनकी कंपनी Claude AI को Salesforce जैसे बड़े बिजनेस प्लेटफॉर्म में इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है।

क्या है Claudeforce साझेदारी?

Anthropic और Salesforce ने अपनी साझेदारी को Claudeforce नाम दिया है। इसके तहत Claude AI को Salesforce, Agentforce और Slack जैसे प्लेटफॉर्म्स में शामिल किया जा रहा है।

इस साझेदारी का पहला बड़ा प्रोडक्ट Salesforce in Claude है, जो फिलहाल बीटा वर्जन में उपलब्ध है। इसमें 37 प्री-बिल्ट सेल्स स्किल्स दिए गए हैं।

इसकी मदद से सेल्स टीम ग्राहक की जानकारी, डील्स और बिक्री पाइपलाइन से जुड़े डेटा को Claude के जरिए समझ सकेगी। यूजर्स Claude से ग्राहक मीटिंग की तैयारी, डील रिव्यू, बिक्री का अनुमान और रिपोर्ट तैयार करने जैसे काम करवा सकेंगे।

Claude और Salesforce मिलकर कैसे करेंगे काम?

Salesforce के CEO मार्क बेनिऑफ के मुताबिक, Claude की क्षमता और Salesforce के बिजनेस सिस्टम एक-दूसरे को पूरा करेंगे। आसान भाषा में कहें तो Claude जटिल सवालों को समझने और उनका जवाब देने में मदद करेगा, जबकि Salesforce ग्राहकों का डेटा, वर्कफ्लो और बिजनेस नियम उपलब्ध कराएगा।

Claude को Salesforce के Agentforce प्लेटफॉर्म में भी शामिल किया जाएगा, जहां यह AI एजेंट्स को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करेगा। वहीं Slack में भी Claude को जोड़ा जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को बातचीत के दौरान ही Salesforce से जुड़ी जानकारी और एक्शन लेने की सुविधा मिलेगी।

क्या AI SaaS कंपनियों के लिए खतरा है?

AI एजेंट्स के बढ़ते इस्तेमाल के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या AI पारंपरिक SaaS यानी Software as a Service कंपनियों की जगह ले सकता है।

हालांकि, डारियो अमोडेई इससे सहमत नहीं हैं। उन्होंने पहले कहा था कि Claude का लक्ष्य SaaS कंपनियों को खत्म करना नहीं है, बल्कि AI और मौजूदा सॉफ्टवेयर को साथ काम करने लायक बनाना है।

Salesforce जैसी कंपनियां भी अब AI को अपने प्लेटफॉर्म में शामिल कर रही हैं ताकि ग्राहक और बिजनेस ऑपरेशन से जुड़े काम तेजी से किए जा सकें।

AI विकास धीमा करने की अपील भी कर चुके हैं अमोडेई

Claudeforce साझेदारी ऐसे समय में हुई है जब अमोडेई खुद AI विकास की रफ्तार को नियंत्रित करने की बात कर चुके हैं।

उन्होंने हाल ही में एक लेख में कहा था कि AI कंपनियों को एडवांस मॉडल बनाने की प्रक्रिया को थोड़ा धीमा करना चाहिए, ताकि सुरक्षा, टेस्टिंग और AI सिस्टम को नियंत्रित करने के तरीके बेहतर बनाए जा सकें।

उनका प्रस्ताव है कि AI कंपनियों में स्वतंत्र बाहरी विशेषज्ञों को शामिल किया जाए, जो सुरक्षा से जुड़े मामलों की निगरानी कर सकें। उन्होंने AI कंपनियों के बीच सहयोग और साझा सुरक्षा मानकों की जरूरत पर भी जोर दिया।

इस तरह, एक तरफ Anthropic AI के संभावित खतरों को लेकर सावधानी बरतने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ Claude को बिजनेस इस्तेमाल के लिए तेजी से आगे बढ़ा रहा है। अब देखना होगा कि AI सुरक्षा और AI के व्यावसायिक विस्तार के बीच कंपनियां किस तरह संतुलन बनाती हैं।

Read more!
Advertisement