वाराणसी में खुला Amazon का पहला फुलफिलमेंट सेंटर, हजारों ग्राहकों को मिलेगा फायदा
त्योहारी सीजन से पहले Amazon ने उत्तर प्रदेश में अपना ऑपरेशन नेटवर्क मजबूत किया है। कंपनी ने वाराणसी में पहला फुलफिलमेंट सेंटर और सॉर्ट सेंटर शुरू किया है। इससे ग्राहकों तक सामान पहुंचाने की प्रक्रिया तेज होगी। Amazon देशभर में नए सेंटर और डिलीवरी स्टेशन जोड़कर अपनी लॉजिस्टिक्स क्षमता बढ़ा रहा है।

In Short
- Amazon ने वाराणसी में अपना पहला फुलफिलमेंट सेंटर और सॉर्ट सेंटर शुरू किया।
- नए सेंटर से यूपी में डिलीवरी तेज करने और रोजगार बढ़ाने में मदद मिलेगी।
- कंपनी ने त्योहारों के लिए 400 शहरों में 1.6 लाख अस्थायी नौकरियों की घोषणा की।
ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अपना पहला फुलफिलमेंट सेंटर और सॉर्ट सेंटर शुरू किया है। कंपनी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। त्योहारों के सीजन से पहले शुरू की गई इन सुविधाओं का मकसद ग्राहकों तक डिलीवरी को तेज करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
अमेजन के मुताबिक, वाराणसी में शुरू हुए नए फुलफिलमेंट सेंटर की स्टोरेज क्षमता 1 लाख क्यूबिक फीट है, जबकि सॉर्ट सेंटर 13,000 वर्ग फीट में फैला हुआ है। इन दोनों सुविधाओं का संचालन कंपनी के लॉजिस्टिक्स पार्टनर कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में अब 2 फुलफिलमेंट सेंटर और 170 डिलीवरी स्टेशन
कंपनी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब उसके पास 2 फुलफिलमेंट सेंटर, 5 सॉर्ट सेंटर और 170 लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन हो गए हैं। इससे वाराणसी और आसपास के इलाकों में ऑर्डर की प्रोसेसिंग और डिलीवरी की रफ्तार बढ़ाने में मदद मिलेगी।
अमेजन ने कहा कि वाराणसी का यह विस्तार उसके देशभर में नेटवर्क बढ़ाने की योजना का हिस्सा है। इस योजना के तहत कंपनी 20 नए फुलफिलमेंट सेंटर, 6 सॉर्ट सेंटर और 150 लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन जोड़ रही है।
कंपनी के अनुसार, इस विस्तार से उसकी कुल स्टोरेज क्षमता 50 फीसदी बढ़कर 6.4 करोड़ क्यूबिक फीट हो गई है, जबकि सॉर्टिंग स्पेस 25 फीसदी बढ़कर 30 लाख वर्ग फीट हो गया है।
त्योहारी सीजन के लिए 1.6 लाख अस्थायी नौकरियों की घोषणा
अमेजन इंडिया के ऑपरेशंस वाइस प्रेसिडेंट अभिनव सिंह ने कहा कि कंपनी इस साल अपने ऑपरेशंस नेटवर्क, टेक्नोलॉजी और कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक कल्याण को मजबूत करने के लिए 2,800 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश कर रही है।
कंपनी ने बताया कि नेटवर्क विस्तार के बाद पिछले साल के मुकाबले अब 30 फीसदी ज्यादा शहरों में उसी दिन डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
इसके अलावा, त्योहारी सीजन के लिए अमेजन ने 400 शहरों में 1.6 लाख अस्थायी नौकरियों की घोषणा भी की है। इनमें कई टियर-2 और टियर-3 शहर शामिल हैं। वहीं, अमेजन की क्विक कॉमर्स सर्विस Amazon Now 55 से ज्यादा शहरों में 750 से अधिक स्टोर्स के जरिए मिनटों में डिलीवरी की सुविधा दे रही है।