Amazon Bazaar की बड़ी छलांग, 5 गुना बढ़े ग्राहक; अब छोटे शहरों पर कंपनी की नजर
Amazon Bazaar ने वैल्यू कॉमर्स में बड़ी छलांग लगाई है। सस्ते प्रोडक्ट्स के साथ कंपनी छोटे शहरों में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। ग्राहकों और सेलर्स की बढ़ती संख्या के बीच जानिए कैसे Amazon का यह प्लेटफॉर्म ई-कॉमर्स की तस्वीर बदलने की तैयारी में है।

In Short
- Amazon Bazaar के ग्राहकों की संख्या में 5 गुना बढ़ोतरी, Tier-2 और Tier-3 शहरों से बढ़ा बड़ा योगदान
- प्लेटफॉर्म पर 3 करोड़ से ज्यादा प्रोडक्ट्स उपलब्ध, 80% सामान की कीमत 300 रुपये से कम
- 1.5 लाख से ज्यादा सेलर्स जुड़े, Amazon AI की मदद से बढ़ा रहा है वैल्यू कॉमर्स का दायरा
भारत में त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही Amazon ने वैल्यू कॉमर्स पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। कंपनी का मानना है कि कम कीमत वाले प्रोडक्ट्स खरीदने वाले ग्राहक ई-कॉमर्स ग्रोथ के बड़े आधार बन रहे हैं। Amazon Bazaar इसी रणनीति का हिस्सा है, जहां ग्राहकों को कम कीमत में फैशन, होम, किचन और लाइफस्टाइल से जुड़े सामान मिलते हैं।
Amazon Bazaar के हेड समीर ललवानी के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों की संख्या में 5 गुना बढ़ोतरी हुई है, जबकि सेलर्स और प्रोडक्ट चयन में 3 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। खास बात यह है कि लॉन्च के बाद Tier-2 और Tier-3 शहरों से आने वाले ग्राहकों की संख्या 8 गुना बढ़ी है।
Bazaar पर 3 करोड़ से ज्यादा प्रोडक्ट्स
Amazon Bazaar पर अब 3 करोड़ से ज्यादा प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं। इनमें से सभी प्रोडक्ट्स की कीमत 500 रुपये से कम है और करीब 80 फीसदी सामान 300 रुपये से कम कीमत में उपलब्ध है।
कंपनी के अनुसार, कई नए ग्राहक कम कीमत वाले सामान खरीदकर Amazon की शुरुआत कर रहे हैं। इसके बाद वे धीरे-धीरे ज्यादा कीमत वाले प्रोडक्ट्स की तरफ बढ़ते हैं। Amazon का कहना है कि ग्राहकों, सेलर्स और प्रोडक्ट्स की एक साथ बढ़ती संख्या वैल्यू कॉमर्स मॉडल की मजबूती दिखाती है।
India से शुरू हुआ मॉडल अब कई देशों तक पहुंचा
Amazon Bazaar को कंपनी ने भारत में एक प्रयोग के तौर पर शुरू किया था, लेकिन अब यह मॉडल दूसरे देशों में भी फैल चुका है। समीर ललवानी ने बताया कि Bazaar मॉडल अब 15-16 देशों तक पहुंच चुका है। कुछ बाजारों में इसे Bazaar तो कुछ जगह Amazon Haul के नाम से चलाया जा रहा है।
Amazon के मुताबिक, अलग-अलग ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से अलग प्लेटफॉर्म चुन रहे हैं। जहां मुख्य Amazon मार्केटप्लेस ब्रांडेड और प्रीमियम खरीदारी के लिए है, वहीं Amazon Now तुरंत डिलीवरी और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करता है। Bazaar कम कीमत वाले सामान खरीदने वाले ग्राहकों को टारगेट करता है।
मुख्य Amazon ऐप में Bazaar को बढ़ावा
Amazon अब Bazaar को अपने मुख्य शॉपिंग अनुभव का हिस्सा बना रहा है। पहले ग्राहकों को Bazaar के लिए अलग स्टोरफ्रंट में जाना पड़ता था, लेकिन अब इसके प्रोडक्ट्स Amazon ऐप में सर्च रिजल्ट, रिकमेंडेशन और क्यूरेटेड कलेक्शन के जरिए दिखाई देने लगे हैं।
कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इस्तेमाल कर रही है। AI की मदद से सेलर्स को सही प्रोडक्ट और कीमत तय करने में मदद मिल रही है। इसके अलावा Amazon AI आधारित शॉपिंग वीडियो पर भी काम कर रहा है, जिससे ग्राहकों को रील्स जैसी ब्राउजिंग सुविधा मिल सके।
1.5 लाख से ज्यादा सेलर्स जुड़े
Amazon Bazaar पर 1.5 लाख से ज्यादा एक्टिव सेलर्स मौजूद हैं। कंपनी के मुताबिक, 1000 रुपये से कम कीमत वाले प्रोडक्ट्स पर जीरो रेफरल फीस शुरू करने के बाद सेलर साइन-अप में 50 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। Bazaar की सेलर संख्या सालाना आधार पर तीन गुना बढ़ी है।
Amazon अब Bazaar को सिर्फ कम कीमत वाले सामान का प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि अपने भारत बिजनेस के अहम हिस्से के तौर पर देख रहा है। कंपनी का फोकस है कि ग्राहकों को कम कीमत के साथ भरोसेमंद खरीदारी का अनुभव भी मिले।