AI का इतना क्रेज फिर भी भारत में स्टार्टअप की रेस में नौवें नंबर पर! जानें कौन से 8 सेक्टर हैं आगे
देशभर में AI की चर्चा तेज है, लेकिन स्टार्टअप की रेस में इसकी हिस्सेदारी सिर्फ 3.2 परसेंट है। DPIIT के आंकड़ों के मुताबिक, IT सेक्टर सबसे आगे है। वहीं, महाराष्ट्र स्टार्टअप के मामले में नंबर वन बना हुआ है, जबकि उत्तर प्रदेश तेजी से कर्नाटक के करीब पहुंच रहा है।

In Short
- भारत में AI स्टार्टअप की हिस्सेदारी सिर्फ 3.2 परसेंट, जबकि IT सर्विस सेक्टर सबसे आगे है।
- महाराष्ट्र स्टार्टअप की संख्या में नंबर वन, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के बीच सिर्फ 301 का अंतर है।
- देश में 2.45 लाख से ज्यादा स्टार्टअप को मान्यता मिली, जिन्होंने 25 लाख से ज्यादा नौकरियां देने की जानकारी दी है।
भारत समेत पूरी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की चर्चा हो रही है। कंपनियां अपने कामकाज में AI का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं। लेकिन भारत के स्टार्टअप सेक्टर से एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। देश में AI स्टार्टअप की संख्या के मामले में नौवें स्थान पर है, जबकि IT सर्विस सेक्टर सबसे आगे है। सूचना के अधिकार (RTI) के तहत डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड (DPIIT) से मिले आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।
देश में कितने स्टार्टअप हैं?
DPIIT के मुताबिक, 2016 से 31 जुलाई 2026 तक देश में कुल 2,45,433 संस्थाओं को स्टार्टअप की मान्यता दी गई। इनमें मंजूर, रद्द और एक्सपायर हो चुकी मान्यताएं भी शामिल हैं।
इन स्टार्टअप्स ने कुल 25,07,365 नौकरियां देने की जानकारी दी है। यह आंकड़े 13 अगस्त 2026 को RTI के जवाब में साझा किए गए थे।
AI स्टार्टअप की हिस्सेदारी सिर्फ 3.2 परसेंट
देश में केवल 7,825 स्टार्टअप ने AI को अपना मुख्य बिजनेस बताया है। कुल मान्यता प्राप्त स्टार्टअप में इनकी हिस्सेदारी सिर्फ 3.2 परसेंट है।
वहीं, IT सर्विस सेक्टर 27,830 स्टार्टअप और 11.3 परसेंट हिस्सेदारी के साथ पहले स्थान पर है। हेल्थकेयर और लाइफ साइंसेस 22,500 स्टार्टअप के साथ दूसरे नंबर पर है।
हालांकि, कई कंपनियां AI का इस्तेमाल करने के बावजूद IT, हेल्थकेयर या दूसरे सेक्टर में रजिस्टर्ड हो सकती हैं।
कृषि और शिक्षा भी AI से आगे
कंस्ट्रक्शन सेक्टर 14,265 स्टार्टअप के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद फूड एंड बेवरेजेज में 13,877, कृषि में 13,753 और शिक्षा में 13,426 स्टार्टअप हैं।
टॉप-10 इंडस्ट्री में कुल 1,40,677 स्टार्टअप हैं, जो कुल मान्यता प्राप्त स्टार्टअप का करीब 57 परसेंट है।
महाराष्ट्र नंबर वन, यूपी ने बढ़ाई रफ्तार
राज्यों में महाराष्ट्र 42,396 स्टार्टअप और 4,42,296 नौकरियों के साथ पहले स्थान पर है।
कर्नाटक में 24,546 और उत्तर प्रदेश में 24,245 स्टार्टअप हैं। दोनों राज्यों के बीच सिर्फ 301 का अंतर रह गया है। दिल्ली में 22,720 और गुजरात में 21,521 स्टार्टअप हैं।
तमिलनाडु, तेलंगाना, हरियाणा, केरल और राजस्थान भी टॉप-10 राज्यों में शामिल हैं।
रोजगार देने में हरियाणा आगे
हरियाणा में 12,776 स्टार्टअप ने करीब 1.50 लाख नौकरियां देने की जानकारी दी है। टॉप-10 राज्यों में प्रति स्टार्टअप रोजगार के मामले में हरियाणा सबसे आगे है।
यहां औसतन 11.8 नौकरियां प्रति स्टार्टअप हैं। कर्नाटक में यह आंकड़ा 10.7 और उत्तर प्रदेश में 9.4 है।
2026 में बन सकता है नया रिकॉर्ड
भारत में 2024 के दौरान 34,294 और 2025 में 49,429 स्टार्टअप को मान्यता मिली थी।
वहीं, 2026 के शुरुआती सात महीनों में ही 38,298 स्टार्टअप को सर्टिफिकेट दिए जा चुके हैं। ऐसे में इस साल नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि मान्यता प्राप्त स्टार्टअप में कितने सक्रिय हैं और कितने बंद हो चुके हैं।