AI की ताकत और कंट्रोल पर छिड़ी बहस, DeepSeek इंजीनियर ने क्यों दी चेतावनी?

AI की बढ़ती ताकत के बीच DeepSeek इंजीनियर ने AGI के भविष्य और उसके नियंत्रण को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सबसे शक्तिशाली AI को किसी एक कंपनी के हाथ में जाने के खतरे बताए हैं। आखिर उन्होंने Anthropic और AI की रेस को लेकर क्या कहा, जानिए पूरी कहानी।

Advertisement

In Short

  • DeepSeek इंजीनियर ने AGI को लेकर जताई चिंता, बोले- सबसे ताकतवर AI का कंट्रोल अहम मुद्दा है।
  • Anthropic जैसी कंपनी के पास AGI आने की स्थिति की तुलना उन्होंने परमाणु बम जैसी ताकत से की।
  • उन्होंने AI को ओपन और सस्ता रखने की वकालत करते हुए DeepSeek के मॉडल का उदाहरण दिया।

By Gungun Mishra:

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती ताकत के बीच DeepSeek के एक इंजीनियर ने भविष्य को लेकर बड़ी चिंता जताई है। उनका कहना है कि अगर दुनिया की सबसे एडवांस AI या AGI (Artificial General Intelligence) किसी एक कंपनी के नियंत्रण में चली गई, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

इंजीनियर ने अपने एक पांच पन्नों के निबंध में लिखा कि अगर Anthropic जैसी कोई कंपनी AGI विकसित कर लेती है और उसका पूरा नियंत्रण अपने पास रखती है, तो यह स्थिति वैसी हो सकती है जैसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अगर हिटलर के पास परमाणु बम की तकनीक पहले आ जाती।

AI को बताया परमाणु बम जैसी ताकत

DeepSeek इंजीनियर ने AI की तुलना परमाणु बम से करते हुए कहा कि AGI हासिल करना आज की AI दौड़ में सबसे बड़ी उपलब्धि हो सकती है। उनका मानना है कि असली चिंता सिर्फ यह नहीं है कि कौन सबसे पहले AGI बनाएगा, बल्कि यह भी है कि उसका नियंत्रण किसके हाथ में होगा।

उनके अनुसार, अगर कोई एक कंपनी दुनिया की सबसे शक्तिशाली AI को नियंत्रित करती है, तो उसके पास बहुत ज्यादा ताकत आ सकती है। इससे बाकी कंपनियां और आम लोग उस तकनीक पर निर्भर हो सकते हैं।

ओपन और सस्ती AI की वकालत

इंजीनियर ने कहा कि सबसे एडवांस AI को सभी लोगों के लिए खुला और सस्ता उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि उन्हें भरोसा नहीं है कि Anthropic या OpenAI जैसी कंपनियां ऐसा करेंगी।

उन्होंने चिंता जताई कि AI की तेज रफ्तार से दुनिया दो अलग-अलग दिशाओं में जा सकती है। एक तरफ AI से उत्पादकता और जीवन स्तर में सुधार हो सकता है, वहीं दूसरी तरफ ऐसी स्थिति बन सकती है जहां कुछ बड़ी टेक कंपनियां सबसे शक्तिशाली संसाधनों पर नियंत्रण कर लें।

कम्युनिज्म को बताया एक संभावित रास्ता

DeepSeek इंजीनियर ने AI के भविष्य को लेकर कम्युनिज्म को एक संभावित मॉडल के तौर पर बताया। उनका कहना है कि इसमें सरकार की भूमिका ज्यादा हो सकती है और AI के फायदे ज्यादा लोगों तक पहुंचाए जा सकते हैं।

उन्होंने DeepSeek का उदाहरण देते हुए कहा कि कंपनी शक्तिशाली, तेज और ज्यादा लोगों के लिए उपलब्ध AI बनाने पर काम कर रही है और अपने मॉडल को ओपन-सोर्स करती है।

AI की दौड़ में नियंत्रण सबसे बड़ा मुद्दा

इंजीनियर ने अपने लेख में कहा कि आने वाले समय में AI सिर्फ तकनीक का मामला नहीं रहेगा, बल्कि यह समाज और शक्ति संतुलन को भी प्रभावित करेगा। उनके मुताबिक, जरूरी यह है कि दुनिया की सबसे शक्तिशाली AI तकनीक कुछ चुनिंदा हाथों तक सीमित न रहे और इसका फायदा ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।

Read more!
Advertisement