AI बॉस ने खंगाली कर्मचारी की अटेंडेंस रिपोर्ट, 23 बार लेट आने के बाद लिया बड़ा फैसला
AI अब सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है। अमेरिका में एक AI एजेंट लूना को पूरा रिटेल स्टोर संभालने की जिम्मेदारी दी गई। कर्मचारी की बार-बार देरी के मामले में AI ने नौकरी खत्म करने की सिफारिश कर दी, हालांकि अंतिम फैसला इंसानों ने लिया।

In Short
- AI एजेंट लूना को सैन फ्रांसिस्को के रिटेल स्टोर की जिम्मेदारी दी गई
- एक कर्मचारी के 23 बार देर से आने पर AI ने नौकरी खत्म करने की सिफारिश की
- AI की सिफारिश के बाद अंतिम फैसला मानव कर्मचारियों ने लिया
AI Boss: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI अब सिर्फ चैटबॉट और सॉफ्टवेयर टूल तक सीमित नहीं रह गया है। कंपनियां यह जांच रही हैं कि क्या AI एजेंट असली दुनिया के कारोबार में इंसानों की तरह फैसले ले सकते हैं। इसी कड़ी में अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में एक ऐसा प्रयोग किया गया, जहां एक AI एजेंट को रिटेल स्टोर चलाने और कर्मचारियों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई।
यह प्रयोग AI रिसर्च कंपनी एंडन लैब्स ने किया है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की।
AI एजेंट लूना चला रहा है पूरा स्टोर
एंडन लैब्स ने सैन फ्रांसिस्को में एंडन मार्केट नाम का एक स्टोर शुरू किया, जिसकी कई कारोबारी जिम्मेदारियां AI एजेंट लूना को दी गईं। इसमें स्टोर संचालन, कीमत तय करना, काम से जुड़े नियम बनाना और कर्मचारियों का प्रबंधन शामिल है।
कंपनी ने लूना को 1 लाख डॉलर का बजट, कॉरपोरेट कार्ड, इंटरनेट एक्सेस और तीन साल की लीज दी। यह स्टोर 1 अप्रैल को शुरू हुआ, जहां किताबें, मोमबत्तियां, कलाकृतियां, प्रिंट, गेम्स और ब्रांडेड सामान बेचे जाते हैं।
लूना उत्पाद चुनने, कीमत तय करने, स्टोर की टाइमिंग बनाने, ब्रांडिंग करने, नौकरी के विज्ञापन देने, उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेने और कर्मचारियों की भर्ती जैसे काम कर सकता है। हालांकि, स्टोर के फिजिकल काम और परमिट जैसे काम इंसान ही संभालते हैं।
23 बार देर से आने वाले कर्मचारी पर लिया फैसला
यह मामला तब सामने आया जब एक कर्मचारी लगातार काम पर देर से पहुंच रहा था। एंडन लैब्स के मुताबिक, लूना ने कर्मचारी की अटेंडेंस रिकॉर्ड की जांच की और पाया कि वह करीब 23 शिफ्ट में देर से आया था।
रिसर्चर्स के अनुसार, लूना ने कुछ महीने पहले ही कर्मचारियों के लिए हैंडबुक और अटेंडेंस पॉलिसी बनाई थी, लेकिन बाद में वह उन नियमों को याद नहीं रख पाया। कर्मचारी को चेतावनी और अतिरिक्त ट्रेनिंग देने के बाद भी देरी जारी रही।
इसके बाद रिसर्चर्स ने लूना से अपनी मेमोरी चेक करने, बनाए गए नियमों की समीक्षा करने और कर्मचारी की भूमिका को लेकर फैसला देने को कहा।
AI ने नौकरी खत्म करने की सिफारिश की
जानकारी की समीक्षा करने के बाद AI एजेंट लूना ने कर्मचारी की नौकरी खत्म करने की सिफारिश की। इसके साथ ही उसने अंतिम चेतावनी और दो हफ्ते के सुधार प्लान का विकल्प भी दिया।
लूना उस समय क्लॉड ओपस 4.8 पर काम कर रहा था। एंडन लैब्स ने इसे पहला ज्ञात मामला बताया, जिसमें किसी AI बॉस ने इंसान को नौकरी से हटाने की सिफारिश की।
हालांकि, अंतिम फैसला AI ने नहीं लिया। मानव कर्मचारियों ने लूना की सिफारिश की समीक्षा की और कर्मचारी से बातचीत के बाद अंतिम निर्णय लिया। यह प्रयोग दिखाता है कि भविष्य में AI कार्यस्थलों में फैसलों को प्रभावित कर सकता है, लेकिन इसके अधिकारों को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।