Adidas India Tech Hub में छंटनी की तैयारी करीब 50% कर्मचारियों पर असर की रिपोर्ट
Adidas ने भारत में अपने टेक्नोलॉजी ऑर्गनाइजेशन में कई पदों को कम करने की पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुग्राम स्थित India Tech Hub के करीब 350 कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है। कंपनी ने इसे बदलती बिजनेस जरूरतों के हिसाब से ऑपरेटिंग मॉडल में बदलाव का हिस्सा बताया है।

In Short
- कंपनी ने टेक ऑर्गनाइजेशन में पदों की संख्या घटाने की पुष्टि की
- प्रभावित कर्मचारियों को ट्रांजिशन सपोर्ट देने की बात कही गई
- Software engineers data scientists और data engineers समेत कई रोल पर असर
स्पोर्ट्सवियर कंपनी Adidas ने भारत में अपने टेक्नोलॉजी ऑर्गनाइजेशन में कई पदों को कम करने की पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुग्राम स्थित Adidas India Tech Hub के करीब 50 फीसदी कर्मचारियों पर इस छंटनी का असर पड़ सकता है। हालांकि कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों की संख्या आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की है।
रिपोर्ट के अनुसार, Adidas India Tech Hub में करीब 700 कर्मचारी काम करते हैं और इनमें से लगभग 350 या उससे ज्यादा कर्मचारियों के प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। प्रभावित होने वाले कर्मचारियों में Software Engineers, Data Scientists और Data Engineers जैसे टेक रोल शामिल बताए जा रहे हैं।
Adidas ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने भारत में अपनी Technology Organisation के कुछ पदों को कम करने का मुश्किल फैसला लिया है। कंपनी के मुताबिक यह कदम बदलती बिजनेस जरूरतों के हिसाब से अपने ऑपरेटिंग मॉडल को बेहतर बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा है।
कंपनी ने कहा कि वह प्रभावित कर्मचारियों के योगदान के लिए आभारी है और उन्हें इस बदलाव के दौरान ट्रांजिशन असिस्टेंस देने के लिए प्रतिबद्ध है। Adidas ने यह भी कहा कि संगठन को सरल बनाने, जरूरी क्षमताओं को मजबूत करने और भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ये बदलाव किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को 15 सितंबर को हुई टाउन हॉल मीटिंग में इस फैसले की जानकारी दी गई। प्रभावित कर्मचारियों को दो समूहों में बांटा गया है। कुछ कर्मचारियों को उसी दिन एग्जिट लेटर दिए गए, जबकि कुछ कर्मचारियों को दिसंबर तक कंपनी के साथ बने रहने को कहा गया है।
दूसरे समूह के कर्मचारियों से उम्मीद की जा रही है कि वे दूसरे टेक हब में काम संभाल रहे कर्मचारियों को हैंडओवर पूरा करेंगे और कंपनी के अंदर नई भूमिकाओं की तलाश करेंगे। जिन कर्मचारियों को दिसंबर तक कोई दूसरी भूमिका नहीं मिलती है, उनके लिए 15 दिसंबर आखिरी कार्य दिवस बताया गया है।
हालांकि कंपनी ने अभी तक सेवरेंस पैकेज, नोटिस पे या री-डिप्लॉयमेंट सपोर्ट से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है।
गुरुग्राम स्थित Adidas ऑफिस में कंपनी का लोकल मार्केटिंग ऑपरेशन और Global Engineering Tech Hub मौजूद है। कंपनी ने हाल के वर्षों में भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है और 2024 में चेन्नई में Global Business Services Centre भी शुरू किया था।