AI से नौकरी और सैलरी में मिलेगा फायदा? 97% भारतीय सीखना चाहते हैं नई स्किल, सर्वे में सामने आई दिलचस्प बात
भारत में AI अब सिर्फ चैटिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ऑफिस के काम और नौकरी की तलाश में भी इस्तेमाल हो रहा है। Michael Page India की नई रिपोर्ट के मुताबिक, 97% भारतीय प्रोफेशनल्स AI सीखना चाहते हैं और 88% को इससे काम आसान होने की उम्मीद है। लेकिन AI पर भरोसे को लेकर कुछ बड़ी चिंताएं भी सामने आई हैं।

In Short
- 97% भारतीय प्रोफेशनल्स AI स्किल्स सीखना चाहते हैं, जबकि 88% को प्रोडक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है।
- 65% कर्मचारियों को AI में मानवीय समझ की कमी और 61% को डेटा प्राइवेसी की चिंता है।
- नौकरी तलाशने में AI का इस्तेमाल बढ़ा, कंपनियां अब AI स्किल के साथ उसका वास्तविक असर भी देख रही हैं।
भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऑफिस के काम से लेकर नौकरी ढूंढने तक लोग AI की मदद ले रहे हैं। लेकिन क्या भारतीय कर्मचारी अपने सभी फैसले AI के भरोसे छोड़ने को तैयार हैं? Michael Page India की Candidate Pulse Report 2026 के मुताबिक, 97% भारतीय प्रोफेशनल्स AI सीखना चाहते हैं और 88% को उम्मीद है कि इससे उनका काम आसान होगा। हालांकि, 65% लोगों को चिंता है कि AI में इंसानों जैसी समझ और फैसले लेने की क्षमता की कमी है।
ऑफिस में कितने लोग कर रहे AI का इस्तेमाल?
रिपोर्ट के मुताबिक, 76% भारतीय प्रोफेशनल्स चैटबॉट और स्मार्ट असिस्टेंट जैसे AI टूल्स का अक्सर इस्तेमाल करते हैं। वहीं, 72% लोग जनरेटिव AI और 71% टेक्स्ट आधारित AI टूल्स इस्तेमाल कर रहे हैं।
इसके अलावा, 62% लोग डेटा एनालिसिस, 55% अपने काम से जुड़े खास AI टूल्स और 53% विजुअल AI का इस्तेमाल करते हैं। सर्वे में शामिल दूसरे एशिया-प्रशांत देशों के मुकाबले भारत में AI का इस्तेमाल ज्यादा है।
AI से काम आसान, लेकिन इन बातों का डर
रिपोर्ट में 88% लोगों ने माना कि AI से उनकी प्रोडक्टिविटी बढ़ सकती है। वहीं, 73% को उम्मीद है कि बार-बार किए जाने वाले काम AI खुद कर सकेगा। करीब 68% लोगों का मानना है कि इससे बेहतर फैसले लेने में मदद मिलेगी।
हालांकि, 65% लोग AI में मानवीय समझ की कमी को लेकर चिंतित हैं, जबकि 61% को डेटा प्राइवेसी और सुरक्षा का डर है।
Michael Page के सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर निलय खंडेलवाल के मुताबिक, कंपनियों को AI के इस्तेमाल के साथ इंसानी निगरानी और डेटा सुरक्षा के स्पष्ट नियम बनाने होंगे।
नौकरी और सैलरी के लिए AI सीखना जरूरी?
भारतीय कर्मचारी AI स्किल्स को अपने करियर के लिए फायदेमंद मान रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि इससे बेहतर नौकरी और ज्यादा सैलरी पाने में मदद मिलेगी।
खंडेलवाल के मुताबिक, कंपनियां अब सिर्फ यह नहीं देख रहीं कि उम्मीदवार AI इस्तेमाल करना जानता है या नहीं, बल्कि यह भी पूछ रही हैं कि उसने AI से अपने काम में क्या सुधार किया है।
नौकरी ढूंढने में भी AI की मदद
रिपोर्ट के मुताबिक, 71% प्रोफेशनल्स नौकरी खोजने में AI के इस्तेमाल से परिचित हैं। इनमें से 80% रिज्यूमे बनाने, नौकरी तलाशने और इंटरव्यू की तैयारी जैसे कामों में AI टूल्स इस्तेमाल कर चुके हैं।
वहीं, 81% को उम्मीद है कि इससे समय बचेगा और 64% मानते हैं कि AI इंटरव्यू की तैयारी बेहतर बना सकता है।
यह रिपोर्ट 11 एशिया-प्रशांत बाजारों के 3,401 प्रोफेशनल्स पर आधारित है, जिनमें 2,550 भारतीय शामिल थे।