Xiaomi के नए फोन में दो 200MP कैमरे और पीछे भी स्क्रीन! लेकिन ग्लोबल मॉडल में छिपा है बड़ा ट्विस्ट
Xiaomi अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन Xiaomi 18 Pro और 18 Pro Max को ग्लोबल मार्केट में उतारने की तैयारी में है। इन फोन में दो 200MP कैमरे, पीछे AMOLED स्क्रीन और दमदार Snapdragon प्रोसेसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि, ग्लोबल वर्जन में एक ऐसा बदलाव होने की चर्चा है, जो खरीदारों को निराश कर सकता है। जानिए दोनों स्मार्टफोन के खास फीचर्स।

डबल डिस्प्ले
एक स्मार्टफोन में दो स्क्रीन! Xiaomi अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन Xiaomi 18 Pro और 18 Pro Max को 17 नवंबर को ग्लोबल मार्केट में लॉन्च करने की तैयारी में है। Xiaomi 18 Pro में 2.7 इंच और Pro Max में 2.9 इंच की सेकेंडरी AMOLED स्क्रीन दी गई है। कैमरे के पास मौजूद इस स्क्रीन पर नोटिफिकेशन देखे जा सकते हैं और मेन कैमरे से सेल्फी भी ली जा सकती है। दोनों फोन सितंबर में चीन में लॉन्च हुए थे, लेकिन ग्लोबल वर्जन में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
दो 200MP कैमरे
Xiaomi 18 Pro सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसका कैमरा सेटअप है। दोनों स्मार्टफोन में Leica के साथ विकसित कैमरा सिस्टम मिलता है, जिसमें 200MP का प्राइमरी कैमरा, 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50MP का अल्ट्रावाइड लेंस शामिल है। चीनी वर्जन में सेल्फी के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा भी दिया गया है। पीछे लगी सेकेंडरी स्क्रीन की मदद से यूजर्स मेन कैमरे से हाई-क्वालिटी सेल्फी ले सकते हैं।
बैटरी में कटौती
Xiaomi के नए फ्लैगशिप फोन के ग्लोबल वर्जन में बैटरी छोटी हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Xiaomi 18 Pro में चीन की 7,000mAh बैटरी के मुकाबले ग्लोबल मॉडल में 6,000mAh बैटरी और 90W चार्जिंग मिल सकती है। वहीं, Pro Max की बैटरी 8,500mAh से घटकर 7,050mAh हो सकती है, हालांकि 100W चार्जिंग बरकरार रहने की उम्मीद है। कंपनी ने ग्लोबल मॉडल की इन बैटरी स्पेसिफिकेशंस की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दमदार Snapdragon प्रोसेसर
Xiaomi 18 Pro में Snapdragon 8 Elite Gen 6 और Pro Max में ज्यादा पावरफुल Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 चिपसेट दिया गया है। चीनी मॉडल में क्रमशः 6.4 इंच और 6.9 इंच की AMOLED डिस्प्ले मिलती है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 4,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। कंपनी 17 नवंबर को पेरिस में शाम 6:30 बजे भारतीय समयानुसार ग्लोबल लॉन्च करेगी। हालांकि, भारत में लॉन्च की तारीख और कीमत को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी नहीं है।