घाटे से मुनाफे में लौटी एम्यूजमेंट पार्क चलाने वाली ये कंपनी, तिमाही आय 42% बढ़ा - रडार पर शेयर
एम्यूजमेंट पार्क कारोबार से जुड़ी कंपनी ने सितंबर तिमाही में शानदार वापसी की है। कंपनी की कमाई में जोरदार बढ़ोतरी हुई और पिछले साल के घाटे के बाद इस बार मुनाफा दर्ज किया।

एम्यूजमेंट पार्क चलाने वाली कंपनी वंडरला हॉलिडेज (Wonderla Holidays) ने सितंबर तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2FY27) में अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही कमाई दर्ज की है। हालांकि स्टॉक एनएसई पर 7.60% या 37.35 रुपये पर बंद हुआ।
Q2FY27 की बात करें तो इस दौरान कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 42% बढ़कर 12,567.54 लाख रुपये पहुंच गई। वहीं, EBITDA में 90% की बढ़ोतरी हुई।
घाटे से मुनाफे में लौटी कंपनी
वंडरला हॉलिडेज ने दूसरी तिमाही में 5.06 लाख रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 174.66 लाख रुपये का घाटा हुआ था।
कंपनी का EBITDA 90% बढ़कर 3,011.13 लाख रुपये पहुंच गया। यानी कंपनी की ऑपरेटिंग कमाई में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली।
इस दौरान कंपनी के पार्कों में आने वाले लोगों की संख्या 44% बढ़कर 7.25 लाख पहुंच गई। वहीं, प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU में दूसरी तिमाही के दौरान 1% और वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 5% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कंपनी के नए चेन्नई पार्क ने भी कमाई बढ़ाने में अहम योगदान दिया। संचालन की तीसरी तिमाही में इस पार्क से 28 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला। इस दौरान करीब 1.90 लाख लोग पार्क घूमने पहुंचे।
वहीं, कंपनी के पुराने पार्कों यानी बेंगलुरु, कोच्चि, हैदराबाद और भुवनेश्वर की कुल कमाई में सालाना आधार पर करीब 8% की बढ़ोतरी हुई। इन पार्कों में आने वाले लोगों की संख्या 6% बढ़ी, जबकि ARPU में 2% का इजाफा हुआ।
किस बिजनेस से हुआ फायदा और कहां बढ़ा घाटा?
कंपनी के एम्यूजमेंट पार्क सेगमेंट को दूसरी तिमाही में 714.05 लाख रुपये का ऑपरेटिंग घाटा हुआ। पिछले साल इसी तिमाही में यह घाटा 483.90 लाख रुपये था।
हालांकि, खाने-पीने की चीजों और मर्चेंडाइज जैसे अन्य कारोबार से कंपनी को 1,465.30 लाख रुपये का मुनाफा हुआ। इस कमाई ने पार्क सेगमेंट के घाटे की भरपाई करने में मदद की।
इन पार्कों ने बनाया नया रिकॉर्ड
वंडरला के बेंगलुरु और कोच्चि पार्कों ने दूसरी तिमाही में अब तक का अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। कंपनी के रिजॉर्ट बिजनेस ने भी रिकॉर्ड Q2 दर्ज किया। इसके अलावा हैदराबाद पार्क ने वित्त वर्ष की पहली छमाही में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।