वोडाफोन आइडिया के शेयर में आज फिर तेजी! इस एक खबर के बाद भागा स्टॉक

देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) के शेयरों में आज एक बार फिर से तेजी देखने को मिल रही है। जानिए क्या है कारण?

Advertisement

By Gaurav Kumar:

Vodafone Idea Share: देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) के शेयरों में आज 1% की तेजी देखने को मिल रही है। खबर लिखे जानें तक शेयर सुबह 10:14 बजे तक बीएसई और एनएसई पर 1.39% या 0.09 रुपये की तेजी के साथ 6.55 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

आज शेयर में यह तेजी कंपनी द्वारा फंड रेजिंग पर किए जा रहे विचार करने के कारण आई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कर्ज से जूझ रही वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (VIL) नॉन-बैंकिंग स्रोतों से पूंजी जुटाने पर विचार कर रही है ताकि अपने Capex की निरंतरता बनाए रख सके। कंपनी के CEO अक्षय मूंद्रा ने बीते सोमवार को जून 2025 तिमाही की अर्निंग कॉल में यह जानकारी दी।

मूंद्रा ने कहा कि हमारा लक्ष्य पिछले साल से जारी कैपेक्स को बाधित करना नहीं है। इसलिए हम नॉन-बैंकिंग स्रोतों से भी फंडिंग पर विचार कर रहे हैं। यह पूरी ₹25,000 करोड़ की राशि नहीं होगी, बल्कि कुछ कम होगी ताकि हमारा कैपेक्स साइकल चलता रहे। यह बयान उन्होंने अपने कार्यकाल के अंतिम दिन दिया।

मूंद्रा ने बताया कि बैंक लोन देने से पहले एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) मामले पर स्पष्टता चाहते हैं। बैंक फिलहाल AGR मामले पर सरकार से स्थिति साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। चूंकि सरकार कंपनी की सबसे बड़ी हिस्सेदार है, हमें भरोसा है कि समाधान निकलेगा।

कंपनी के बोर्ड ने मुख्य परिचालन अधिकारी अभिजीत किशोर को 19 अगस्त से CEO नियुक्त करने का फैसला किया है। मूंद्रा का तीन साल का कार्यकाल 18 अगस्त को समाप्त हुआ।

₹75,000 करोड़ का AGR बोझ

जून 2025 तिमाही के अंत तक VIL का AGR देनदारी करीब ₹75,000 करोड़ रही। कंपनी का कुल नेट कर्ज ₹2 लाख करोड़ से अधिक है। AGR भुगतान की शुरुआत मार्च 2026 से 6 किस्तों में करनी होगी। मूंद्रा ने उम्मीद जताई कि सरकार पहले की तरह इस बार भी राहत देगी।

उन्होंने कहा कि 2019 में स्पेक्ट्रम किस्त स्थगन, 2021 में सुधार पैकेज, 2023 और 2025 में कर्ज के बदले इक्विटी लेकर सरकार ने हमेशा जरूरत पड़ने पर मदद की है।

कंपनी ने जून तिमाही में ₹2,440 करोड़ का कैपेक्स किया, जिससे कस्टमर बेस में गिरावट 90% घटकर 5 लाख रह गई, जबकि सितंबर और दिसंबर 2024 में यह 50 लाख थी। जून 2025 तक VIL का कुल सब्सक्राइबर बेस 19.77 करोड़ रहा, जिसमें से 12.74 करोड़ 4G और 5G उपभोक्ता थे। कंपनी ने अब तक 22 शहरों में 5G सेवाएं शुरू कर दी हैं और सितंबर तक 17 सर्किलों में विस्तार करने का लक्ष्य रखा है।

घाटा बढ़ा, राजस्व में मामूली वृद्धि

वित्तीय बोझ के चलते VIL का कंसोलिडेट घाटा बढ़कर ₹6,608 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल समान तिमाही में यह ₹6,427 करोड़ था। वित्तीय लागत 7% बढ़कर ₹5,892.8 करोड़ और सरकारी लाइसेंस शुल्क 6% बढ़कर ₹947 करोड़ हो गया।

राजस्व में 5% की वृद्धि हुई और यह ₹11,022.5 करोड़ रहा। ARPU 15% बढ़कर ₹177 पर पहुंचा।

Read more!
Advertisement