शेयर बाजार में हाहाकार! 1400 अंक टूटा सेंसेक्स, ₹8.53 लाख करोड़ स्वाहा- आखिर क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट

सेंसेक्स दिन के उच्चतम स्तर 74,682 से 1,326 अंक टूटकर 73,356 के निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 22,889 के उच्चतम स्तर से 217 अंक गिरकर 22,672 पर आ गया। दोपहर 2:13 बजे सेंसेक्स 510 अंक गिरकर 73,351 और निफ्टी 200 अंक टूटकर 22,687 पर कारोबार कर रहा था।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 21 अक्टूबर को भारी गिरावट देखने को मिली। सुबह की तेजी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी अचानक फिसल गए। खास बात यह रही कि Jio Platforms के मेगा IPO को शुरुआती घंटों में रिकॉर्ड बिडिंग मिलने के बावजूद बाजार में बिकवाली का दबाव बना रहा।

सेंसेक्स दिन के उच्चतम स्तर 74,682 से 1,326 अंक टूटकर 73,356 के निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 22,889 के उच्चतम स्तर से 217 अंक गिरकर 22,672 पर आ गया। दोपहर 2:13 बजे सेंसेक्स 510 अंक गिरकर 73,351 और निफ्टी 200 अंक टूटकर 22,687 पर कारोबार कर रहा था।

BSE पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप 8.53 लाख करोड़ रुपये टूटकर करीब 460.11 लाख करोड़ रुपये रह गया।

निवेशकों की बढ़ी चिंता, India VIX में उछाल

बाजार में गिरावट के बीच India VIX 8.26 फीसदी बढ़कर 16 पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 14.77 पर था। India VIX अगले 30 दिनों में बाजार में संभावित उतार-चढ़ाव का संकेत देता है।

क्यों गिरा स्टॉक मार्केट?

1) कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाई टेंशन

बाजार में गिरावट की बड़ी वजह कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें रहीं। ब्रेंट क्रूड 110.74 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। लाल सागर में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने और सऊदी अरब के तेल ठिकानों पर खतरे की आशंका से निवेशकों की चिंता बढ़ी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी ईरान के साथ शांति समझौते को बेहद मुश्किल बताया है।

2) बैंकिंग और ऑटो शेयरों में प्रॉफिट बुकिंग

बुधवार को बैंकिंग, कैपिटल गुड्स और ऑटो सेक्टर में जमकर मुनाफावसूली हुई। BSE कैपिटल गुड्स इंडेक्स 2,274 अंक, बैंकेक्स 739 अंक और ऑटो इंडेक्स 1,137 अंक टूट गया। सेंसेक्स में Bajaj Finance, Eternal, Maruti Suzuki, Trent और IndiGo के शेयर 3.68 फीसदी तक गिरे। हालांकि, Infosys, Tech Mahindra, HCL Technologies, TCS, UltraTech Cement और RIL में 3 फीसदी तक तेजी रही।

निफ्टी के लिए कौन से स्तर अहम?

Kotak Neo के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान के मुताबिक, निफ्टी के लिए 22,800-22,750 का स्तर अहम है। इसके नीचे जाने पर इंडेक्स 22,600-22,500 तक फिसल सकता है। वहीं, 23,200 के ऊपर निकलने पर बाजार में सुधार की संभावना बन सकती है।

Axis Direct के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट हेमांग गोर के मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और विदेशी निवेशकों की बिकवाली बाजार के लिए बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।

Read more!
Advertisement